साउथ अफ़्रीका की ऐतिहासिक जीत में चमके हार्मर और बवूमा
भारत 189 और 93 (वॉशिंगटन 31, अक्षर 26 और हार्मर 21 पर 4) को साउथ अफ़्रीका 159 और 153 (बवूमा 55*, बॉश 25 और जाडेजा 50 पर 4) ने 30 रन से हराया
साउथ अफ़्रीका ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इतिहास रचते हुए पहले टेस्ट मैच में उन्होंने भारत को 30 रन से हरा दिया है। बल्लेबाज़ी के लिए एक मुश्किल पिच पर यह मुक़ाबला केवल आठवें सेशन में ही समाप्त हुआ। हालांकि साउथ अफ़्रीका की इस जीत ने उनकी शानदार लड़ाई, जुझारूपन और ज़ज्बे को दिखाया है। पहली पारी में केवल 159 के स्कोर पर सिमटने के बाद उन्होंने भारत को केवल 30 रन की बढ़त लेने दी और फिर मुश्किल परिस्थितियों में किसी तरह 124 का लक्ष्य उनके सामने रखा। भारतीय टीम दूसरी पारी में केवल 93 के स्कोर पर ऑल आउट हुई। हालांकि दोनों ही पारियों में शुभमन गिल बल्लेबाज़ी नहीं कर पाए।
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक साउथ अफ़्रीका के पास केवल 63 रनों की बढ़त थी और उनके सात विकेट भी गिर चुके थे। रवींद्र जाडेजा की शानदार गेंदबाज़ी के सामने ऐसा लग रहा था कि वे गंभीर मुश्किल में हैं। हालांकि तीसरे दिन के पहले घंटे का खेल समाप्त होने तक उन्होंने अपने आपको एक ऐसी स्थिति में पहुंचा लिया था जहां से वे लड़ाई कर सकते थे। कप्तान टेम्बा बवूमा ने अर्धशतक लगाया और वह इस मैच में 40 या उससे अधिक रनों का स्कोर बनाने वाले पहले बल्लेबाज़ बने। इससे पता चलता है कि इस पिच पर बल्लेबाज़ी करना आसान नहीं था।
आठवें विकेट के लिए बवूमा और कार्बिन बॉश के बीच 44 रनों की एक बेहद अहम साझेदारी हुई जिसने उनकी बढ़त को 100 रनों के पार पहुंचाया। इसमें बॉश ने 25 रनों का योगदान दिया। उनके आउट होने के थोड़ी देर बाद साउथ अफ़्रीका की पारी समाप्त हुई जिसमें बवूमा 55 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए जाडेजा ने सबसे अधिक चार विकेट चटकाए। तीसरे दिन का खेल शुरू होने के पहले ही इस बात की पुष्टि हो चुकी थी कि भारतीय कप्तान गिल पूरे मैच से बाहर हैं। ऐसे में साउथ अफ़्रीका को इस मैच में जीत दर्ज करने के लिए दूसरी पारी में भी नौ ही विकेट निकालने थे।
मार्को यानसन ने इसकी शुरुआत की और पहले ओवर में ही यशस्वी जायसवाल को पवेलियन का रास्ता दिखाया। अपने दूसरे ओवर में उन्होंने केएल राहुल को भी चलता किया और इस तरह केवल एक रन के स्कोर पर भारत के दोनों ओपनर पवेलियन लौट चुके थे। वॉशिंगटन सुंदर और ध्रुव जुरेल ने तीसरे विकेट के लिए 32 रनों की एक अच्छी साझेदारी की। हालांकि लंच के बाद जुरेल एक ढीली गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में साइमन हार्मर का शिकार बने। इसके बाद साइमन हार्मर ने नियमित अंतराल पर विकेट निकाले और किसी भी भारतीय बल्लेबाज़ को टिकने का मौक़ा नहीं दिया।
इस बीच ऐडन मारक्रम ने वॉशिंगटन का विकेट निकाला जो शुरुआत से ही काफ़ी ज़्यादा संयमित दिखाई दे रहे थे। 31 रन बनाने के बाद जब वॉशिंगटन पवेलियन लौटे तो साउथ अफ़्रीका को अपनी जीत साफ़ दिखाई देने लगी। आख़िरी बल्लेबाज़ के रूप में क्रीज़ पर मौजूद अक्षर पटेल ने थोड़ी सी हिम्मत दिखाई और केशव महाराज के ख़िलाफ़ दो छक्के और एक चौका लगाया। हालांकि, इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में मिडविकेट पर वह लपके गए। अगली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज को भी आउट करके महाराज ने साउथ अफ़्रीका को यह बेहतरीन जीत दिलाई।