T20 विश्व कप 2026 में ये खिलाड़ी मचा सकते हैं धमाल: अभिषेक, वरुण और?
7 फ़रवरी से शुरू हो रहे पुरुष T20 विश्व कप 2026 का मंच तैयार है, जिसमें कुल 20 टीमें ट्रॉफ़ी के लिए दो-दो हाथ करेंगी। भारत और श्रीलंका में खेले जाने वाले इस बड़े टूर्नामेंट से पहले ESPNcricinfo हिंदी ने अलग-अलग विभागों में पांच खिलाड़ियों को चिन्हित किया है, जिन्होंने पिछले विश्व कप से लेकर अब तक T20I में अपने-अपने क्षेत्र में उम्दा प्रदर्शन किया है और वे इस टूर्नामेंट में भी धमाल मचा सकते हैं।
अभिषेक शर्मा, सलामी बल्लेबाज़, भारत
अभिषेक शर्मा का T20I डेब्यू पिछले विश्व कप के बाद ही हुआ था और दो विश्व कप के बीच अभिषेक T20I में पूर्ण सदस्य देशों में ज़िम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट के बाद पारी की शुरुआत करते हुए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं। अभिषेक ने 35 पारियों में 38.57 की औसत और 197.05 के स्ट्राइक रेट से 1273 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। यानी लगभग हर चौथी पारी में अभिषेक के बल्ले से 50 या उससे अधिक का स्कोर आता है।
इस अवधि में कम से कम 25 T20I खेलने वाले सभी बल्लेबाज़ों में उनका 194.74 का स्ट्राइक रेट सर्वाधिक है।अभिषेक की आक्रामक शैली की गवाही उनकी लगातार छक्के लगाने की क्षमता भी देती है। वह दो विश्व कप के बीच पूर्ण सदस्य देशों में सर्वाधिक 88 छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं।
अभिषेक इस समय बढ़िया लय में भी हैं और न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ घरेलू T20I सीरीज़ में उन्होंने दो अर्धशतक की बदौलत 249.31 के स्ट्राइक रेट से 182 रन बनाए। अभिषेक इस समय T20I रैंकिंग में शीर्ष पर भी हैं और उनके पहले T20 विश्व कप में उनसे ऐसी ही दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
सिकंदर रज़ा, मध्य क्रम बल्लेबाज़, ज़िम्बाब्वे
दो विश्व कप के बीच में T20I में मध्य क्रम (नंबर तीन से छह) में बल्लेबाज़ी करते हुए किसी भी अन्य बल्लेबाज़ ने सिकंदर रज़ा से अधिक रन नहीं बनाए हैं। रज़ा ने पिछले T20 विश्व कप के बाद खेले अब तक कुल 40 मुक़ाबलों में 137.24 के स्ट्राइक रेट और 26.74 की औसत से 936 रन बनाए हैं। इस दौरान रज़ा ने दो अर्धशतक और एक शतक भी लगाया है। पूर्ण सदस्य देशों में उनके बाद सर्वाधिक रन पाकिस्तान के कप्तान सलमान आग़ा और फिर तिलक वर्मा ने बनाए हैं।
ज़िम्बाब्वे के पास आगामी विश्व कप के लिए दल में अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। रज़ा के अलावा ज़िम्बाब्वे के पास बेनेट, ग्रेम क्रीमर और ब्रेंडन टेलर का अनुभव भी है। हालांकि बतौर कप्तान रज़ा के ऊपर कप्तानी की ज़िम्मेदारी के साथ ही बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी में भी ज़िम्मेदारी होगी।
रॉवमन पॉवेल, फ़िनिशर, वेस्टइंडीज़
T20 विश्व कप 2024 के बाद अब तक रॉवमेन पॉवेल ने मात्र 15 T20I मुक़ाबले ही खेले हैं, लेकिन वह इस अवधि में नंबर छह से नंबर आठ के बीच बल्लेबाज़ी करते हुए दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ़ उनके हमवतन रोमारियो शेफ़र्ड हैं, जिन्होंने उनसे नौ पारियां ज़्यादा खेलते हुए 10 रन अधिक बनाए हैं।
पॉवेल ने इस अवधि में खेली 14 पारियों में 145.05 के स्ट्राइक रेट और 36 की औसत से 396 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक भी शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने सर्वश्रेष्ठ नाबाद 79 रन की पारी भी खेली है। पिछली बार भारत में जब T20 विश्व कप खेला गया था, तब उस संस्करण का विजेता वेस्टइंडीज़ ही बना था। हालांकि अगर वेस्टइंडीज़ को इस बार भारत में वैसे ही कारनामा अग़र करना है तो इसके लिए पॉवेल को अपनी लय को भुनाना होगा।
जैकब डफ़ी, तेज़ गेंदबाज़, न्यूज़ीलैंड
जैकब डफ़ी दो विश्व कप के बीच में सबसे सफल तेज़ गेंदबाज़ रहे हैं। उन्होंने इस अवधि में खेले कुल 28 T20I मुक़ाबलों में 7.79 की इकॉनमी से 48 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान डफ़ी ने चार बार एक पारी में चार या उससे अधिक विकेट हासिल किए हैं।
डफ़ी भारत के ख़िलाफ़ हालिया T20I सीरीज़ में भी न्यूज़ीलैंड दल का हिस्सा थे। एक ऐसी सीरीज़ जिसमें गेंदबाज़ बेअसर नज़र आए, उसमें डफ़ी दोनों टीमों में अर्शदीप सिंह (8 विकेट) के बाद सबसे ज़्यादा छह विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे। विश्व कप में न्यूज़ीलैंड का गेंदबाज़ी आक्रमण डफ़ी पर बहुत हद तक निर्भर करेगा। लंबे क़द के डफ़ी इस समय पुरुष T20I की गेंदबाज़ी रैंकिंग में शीर्ष पांच गेंदबाज़ों में इकलौते तेज़ गेंदबाज़ हैं। वह इस समय रैंकिंग में चौथे स्थान पर मौजूद हैं।
वरुण चक्रवर्ती, स्पिनर, भारत
T20I गेंदबाज़ी रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती शीर्ष पर हैं। वरुण दोनों विश्व कप के बीच में सर्वाधिक 57 विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं। उन्होंने ये विकेट 7.42 की इकॉनमी से लिए हैं और इस दौरान उनका गेंदबाज़ी स्ट्राइक रेट 11.2 का रहा है। यानी वरुण ने इस अवधि में लगभग हर 11वीं गेंद पर एक विकेट हासिल किया है, जो कि किसी भी टीम के लिए ख़तरे की घंटी हो सकती है।
वरुण 2021 के T20 विश्व कप में भी भारतीय दल का हिस्सा थे, लेकिन वह उस विश्व कप में प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। हालांकि इस बार उनके पास घरेलू सरज़मीं पर छाप छोड़ने का मौक़ा है और विशेषकर भारतीय परिस्थितियों में वरुण की फिरकी से पार पाना इतना आसान नहींं रहने वाला है।
नवनीत झा ESPNcricinfo हिंदी में कंसल्टेंट सब एडिटर हैं।