T20 विश्व कप के पहले मैच में नीदरलैंड्स से भिड़ेगा पाकिस्तान
बड़ी तस्वीर: विश्व कप का पहला मैच
T20 विश्व कप से पहले की तमाम चर्चाओं के बीच में रहने के बाद आख़िरकार टूर्नामेंट की शुरुआत पाकिस्तान ही करने वाली है। पाकिस्तान का सामना नीदरलैंड्स की टीम से होगा जो लगातार विश्व कप का हिस्सा रही है। दोनों टीमें अगले राउंड के बारे में सोचते हुए पहले मैच में उतरेंगी। पाकिस्तान की टीम बढ़िया फ़ॉर्म में T20 विश्व कप खेलने आई है, वहीं दूसरी तरफ़ जून 2025 में अपना आख़िरी T20I खेलने वाली नीदरलैंड्स की टीम बड़े मौक़े का पूरा फ़ायदा उठाना चाहेगी।
पाकिस्तान ने आख़िरी बार 17 साल पहले T20 विश्व कप जीता था और भारत के ख़िलाफ़ मैच का बहिष्कार करने के कारण उन्हें दो अंकों के साथ रन रेट का भी नुक़सान होगा। इस वजह से उनके ऊपर टूर्नामेंट के शुरुआत से ही दबाव रहेगा। उनकी एक भी गलती सीधे उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर देगी। पिछले नौ महीनों में पाकिस्तान ने ही सबसे ज़्यादा T20I खेले हैं और उन्होंने 10 अलग टीमों के ख़िलाफ़ 34 मैचों में 24 मैच जीते हैं।
2024 T20 विश्व कप में पाकिस्तान को संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) ने हराया था और यही चीज़ नीदरलैंड्स भी करना चाहेगी। हालांकि नीदरलैंड्स के लिए कम स्कोर वाला मुक़ाबला फ़ायदेमंद हो सकता है क्योंकि बड़े स्कोर के सामने उन्हें दिक्क़तें आ सकती हैं। 2009 में भी नीदरलैंड्स ने टूर्नामेंट के पहले मैच में इंग्लैंड को हराकर उलटफ़ेर किया था और इस बार भी उनकी नज़रें कुछ वैसा ही करने पर रहेगी।
हालिया प्रदर्शन
पाकिस्तान: WWWLW (पिछले 5 T20I, हालिया सबसे पहले ) नीदरलैंड्स: LLWWL
टीम न्यूज़ और संभावित XI
पाकिस्तान ने अपने पिछले मैच में साहिबज़ादा फ़रहान को बाहर रखा था लेकिन इस मैच में उनकी वापसी हो सकती है। मैदान को देखते हुए प्लेइंग XI में सिर्फ़ दो तेज़ गेंदबाज़ ही देखने को मिल सकते हैं।
पाकिस्तान (संभावित): 1 साहिबज़ादा फ़रहान, 2 सईम अयूब, 3 आग़ा सलमान (कप्तान), 4 बाबर आज़म), 5 फ़ख़र ज़मान/शादाब ख़ान, 6 उस्मान ख़ान (विकेटकीपर), 7 मोहम्मद नवाज़, 8 शाहीन अफ़रीदी, 9 सलमान मिर्ज़ा, 10 उस्मान तारिक़, 11 अबरार अहमद
नीदरलैंड्स (संभावित): 1 माइकल लेविट, 2 मैक्स ओ'डाउड, 3 कॉलिन ऐकरमैन, 4 स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान एवं विकेटकीपर), 5 बास डलीडे, 6 ज़ैक लायन, 7 लोगन वैन बीक, 8 रुलॉफ़ वैन डर मर्व, 9 काइल क्लीन, 10 आर्यन दत्त, 11 पॉल वैन मीकरेन
पिच और परिस्थितियां
कोलंबो (SSC) में अभी तक सिर्फ़ दो ही T20I खेले गए हैं और वह भी 16 साल पहले। इस वजह से पिच कैसी रहेगी ये बताना मुश्किल है लेकिन ऐसी उम्मीद है कि यह बल्लेबाज़ी के लिए सही रहेगी। स्पिन गेंदबाज़ों को यहां बढ़िया मदद मिलेगी लेकिन जितनी प्रेमदासा में मिलती है शायद उतनी न मिले।
मैच के दौरान बारिश की पूरी संभावना है और सुबह का मैच होने के कारण ग्राउंडस्टाफ़ को पूरा मैच करवाने के लिए काफ़ी मेहनत करनी पड़ सकती है।