T20 विश्व कप 2026: ग्रुप, समय, प्रसारण और नियमों से जुड़ी सभी जानकारियां
इंतेज़ार की घड़ियां ख़त्म हुई और 2026 का T20 विश्व कप हमारे काफ़ी क़रीब आ चुका है। टूर्नामेंट दो देशों में खेला जाएगा, जहां 20 टीमें एकदूसरे के ख़िलाफ़ प्रतिस्पर्धा करेंगी। आइए टूर्नामेंट में कुछ ऐसी बातों पर चर्चा करते हैं, जिनके बारे में आपको ज़रूर जानना चाहिए।
सात फ़रवरी से पहला मैच है न ? फ़ाइनल कब और कहां है ?
हां, 2026 का यह संस्करण सात फ़रवरी, 11 बजे सुबह से शुरू होगा। पहले मैच में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स आमने-सामने होंगे। यह टूर्नामेंट आठ मार्च तक चलेगा। उद्घाटन मैच कोलंबो के सिंगलीज़ स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। फ़ाइनल के लिए दो संभावित वेन्यू तय किए गए हैं। अहमदाबाद और कोलंबो। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि पाकिस्तान फ़ाइनल के लिए क्वालीफ़ाई करता है या नहीं।
T20 विश्व कप का पूरा शेड्यूल यहां देखें।
हालांकि जैसे ही बात टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मैच की तरफ़ आगे बढ़ेगी तो संशय के बादल भी गहराते जाएंगे। यह मुक़ाबला 15 फ़रवरी को खेला जाना है। लेकिन पाकिस्तान ने कहा है कि वह भारत के ख़िलाफ़ होने वाले मुक़ाबले का बहिष्कार करेगा। अगर ऐसा होता है तो पाकिस्तान को दो अहम अंक गंवाने पड़ेगे और नेट रनरेट पर भी काफ़ी बुरा असर पड़ेगा।
श्रीलंका में इससे पहले ICC टूर्नमेंट कब हुआ था ?
भारत और श्रीलंका इस टूर्नामेंट की सह मेजबानी करेंगे। 2012 के बाद यह पहली बार है, जब श्रीलंका किसी ICC टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। भारत ने सबसे पहले 1987 में वनडे विश्व कप की मेजबानी की थी। उसके बाद उन्होंने 1996, 2007, 2011 और 2023 में वनडे विश्व कप की मेजबानी की। अगर सिर्फ़ T20 विश्व कप की बात करें तो 2016 के बाद भारत में यह दूसरा आयोजन है।
T20 विश्व कप 2026 के मैच किन स्टेडियमों में खेले जाएंगे ?
यह विश्व कप कुल आठ स्टेडियमों में खेला जाएगा। चेन्नई का एमए चिदंबरम स्टेडियम, नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम, मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम, कोलकाता का ईडेन गार्डन्स, अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम, कोलंबो का आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो का सिंगलीज़ स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड और कैंडी का पल्लेकेल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मैच आयोजित किए जाएंगे।
क्या इस बार 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं ?
हां, 2024 में टूर्नामेंट के विस्तार के बाद एक बार फिर T20 विश्व कप में 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। मेज़बान भारत और श्रीलंका को सीधे क्वालीफ़िकेशन मिला है। इसके अलावा 2024 संस्करण में सुपर 8 तक पहुंचने वाली सात टीमों ने भी स्वतः क्वालीफ़ाई किया, इसमें अफ़ग़ानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ़्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज़, USA और बांग्लादेश की टीमें शामिल हैं। शेष तीन स्थान T20I रैंकिंग के आधार पर न्यूज़ीलैंड, पाकिस्तान और आयरलैंड को मिले।
इस साल की शुरुआत में बांग्लादेश ने भारत में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। ICC ने उनकी दलीलों को नहीं माना और बांग्लादेश से भारत में खेलने या टूर्नामेंट से बाहर होने को कहा। बांग्लादेश ने भी अपना रुख़ नहीं बदला और इसी कारण उन्हें हटा कर स्कॉटलैंड को मौक़ा दिया गया। स्कॉटलैंड वह सबसे ऊंची रैंक वाली टीम थी, जो शुरुआत में टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं थी।
इसके बाद आठ स्थान शेष रह गए। इटली और नीदरलैंड्स ने यूरोपीय क्वालीफ़ायर से जगह बनाई। कनाडा ने अमेरिका क्वालीफ़ायर से प्रवेश किया। नेपाल, ओमान और UAE ने एशिया क्वालीफ़ायर से क्वालीफ़ाई किया। नामीबिया और ज़िम्बाब्वे अफ़्रीका क्षेत्र से क्वालीफ़ाई करने वाली दो टीमें रहीं।
T20 विश्व कप 2026 का फ़ॉर्मैट क्या होगा
20 टीमों को पांच-पांच टीमों के चार ग्रुप में बांटा गया है। सभी ग्रुप ऐसे हैं। हर टीम अपने ग्रुप की बाक़ी टीमों के ख़िलाफ़ एक मैच खेलेगी। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सुपर 8 में पहुंचेंगी। वहां चार-चार टीमों के दो ग्रुप होंगे। इन ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफ़ाइनल में प्रवेश करेंगी।
सुपर 8 में टीमें कैसे तय होंगी
कुछ टीमों को पहले से तय सीडिंग दी गई है।
X1 भारत, X2 ऑस्ट्रेलिया, X3 वेस्टइंडीज़, X4 साउथ अफ़्रीका
Y1 इंग्लैंड, Y2 न्यूज़ीलैंड, Y3 पाकिस्तान, Y4 श्रीलंका
अगर इनमें से कोई भी टीम सुपर 8 में नहीं पहुंचती है, तो उसकी जगह क्वालीफ़ाई करने वाली टीम उनके दिए गिए सीडिंग को हासिल कर लेगा।
उदाहरण के तौर पर, ग्रुप डी में साउथ अफ़्रीका, न्यूज़ीलैंड और अफ़ग़ानिस्तान शामिल हैं। अगर साउथ अफ़्रीका से ऊपर क्वालीफ़ाई नहीं करता है और अफ़ग़ानिस्तान आगे बढ़ जाता है, तो वह X4 बन जाएगा। अगर वह न्यूज़ीलैंड से ऊपर रहता है, तो Y2 बनेगा।
सुपर 8 के मुक़ाबलों का शेड्यूल 21 फ़रवरी से तय सीडिंग के साथ पहले ही जारी कर दिया गया है।
कुल मिला कर गणित यह है कि पहले दौर के अंक का असर दूसरे दौर में नहीं होगा।
अगर कोई मैच टाई हो जाए तो क्या होगा?
हर टाई मैच का फ़ैसला सुपर ओवर से होगा। अगर सुपर ओवर भी टाई रहता है, तो एक और सुपर ओवर खेला जाएगा। यह सिलसिला तब तक चलेगा जब तक नतीजा नहीं निकल जाता।
अगर मौसम बाधा बने तो नतीजा कैसे तय होगा?
ग्रुप स्टेज और सुपर 8 में बारिश या ख़राब मौसम की स्थिति में नतीजा घोषित करने के लिए हर टीम का कम से कम पांच ओवर बल्लेबाज़ी करना ज़रूरी होगा। हालांकि पिछले दो संस्करणों की तरह सेमीफ़ाइनल और फ़ाइनल में हर टीम को कम से कम दस ओवर खेलना अनिवार्य होगा।
नॉकआउट मैचों को लेकर क्या नियम हैं
2024 के उलट इस बार दोनों सेमीफ़ाइनल और फ़ाइनल के लिए रिज़र्व डे रखा गया है। हर सेमीफ़ाइनल के लिए कुल 210 मिनट का अतिरिक्त समय होगा। मैच के दिन 90 मिनट और रिज़र्व डे पर 120 मिनट। फ़ाइनल के लिए भी तय दिन और रिज़र्व डे दोनों पर 120 मिनट का अतिरिक्त समय उपलब्ध रहेगा।
अगर कोई नॉकआउट मैच छोटा कर दिया जाता है और तय दिन पर शुरू तो हो जाता है लेकिन मौसम की वजह से पूरा नहीं हो पाता, तो वह रिज़र्व डे पर उसी स्थिति से आगे बढ़ेगा।
अगर मैच तय दिन पर शुरू ही नहीं हो पाता, तो रिज़र्व डे पर उसे पूरा 20 ओवर का मैच मानकर वहीं से शुरू किया जाएगा, जहां से खेल रोका गया था।
अगर सेमीफ़ाइनल या फ़ाइनल रद्द हो जाए तो क्या होगा
अगर मौसम की वजह से कोई सेमीफ़ाइनल पूरा नहीं हो पाता है, तो सुपर 8 ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहने वाली टीम फ़ाइनल में पहुंच जाएगी। अगर कोई सेमीफ़ाइनल टाई रहता है। लेकिन उसके बाद सुपर ओवर भी अगर संभव नहीं हो पाता है, तो यही नियम लागू होगा।
अगर फ़ाइनल या फ़ाइनल के बाद सुपर ओवर भी मौसम के कारण नहीं हो पाता है, तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा।
पुरुष T20 विश्व कप के पिछले विजेता कौन रहे हैं
छह टीमों ने अब तक पुरुष T20 विश्व कप जीता है। वेस्टइंडीज़, इंग्लैंड और भारत दो बार ख़िताब जीतने वाली इकलौती टीमें हैं। भारत 2007 में पहला संस्करण जीतने के साथ-साथ मौजूदा चैंपियन भी है।
अब तक के सभी विजेता इस प्रकार हैं
2007 भारत
2009 पाकिस्तान
2010 इंग्लैंड
2012 वेस्टइंडीज़
2014 श्रीलंका
2016 वेस्टइंडीज़
2021 ऑस्ट्रेलिया
2022 इंग्लैंड
2024 भारत
T20 विश्व कप 2026 के लाइव स्कोर और अपडेट कहां देखें जा सकते हैं ?
T20 विश्व कप का सीधा प्रसारण करने वाले टीवी चैनलों और स्ट्रीमिंग प्लेटफ़ॉर्म के अलावा आप ESPNcricinfo पर हर गेंद का हाल जान सकते हैं। लाइव स्कोर पेज पर जाकर भी आप सभी मैचों पर नज़र रख सकते हैं।
T20 विश्व कप 2026 लाइव कहां देखें?
दुनिया के अलग अलग हिस्सों में T20 विश्व कप का लाइव प्रसारण इन माध्यमों पर देखा जा सकता है।
भारत - Star Sports Network और JioHotstar*
पाकिस्तान - PTV और Myco एवं डिजिटल रूप से Tamasha, ARY Zapp और Tapmad
USA और कनाडा - WillowTV
वेस्टइंडीज़ - ESPN
इंग्लैंड - Sky Sports और NOW पर डिजिटल रूप से
इटली - Sky Italia
साउथ अफ़्रीका, युगांडा और नामीबिया - SuperSport और उसका ऐप्प पर
UAE और पूरा MENA क्षेत्र - STARZPLAY और CricLife MAX पर
श्रीलंका - DialogTV, Dialog Play और ThePapare.com
*ESPNcricinfo और JioHotstar एक ही कंपनी का हिस्सा हैं।