पाकिस्तान ने भारत के ख़िलाफ़ मैच के बहिष्कार के फ़ैसले को वापस लिया
पाकिस्तान ने 15 फ़रवरी को कोलंबो में भारत के ख़िलाफ़ T20 विश्व कप ग्रुप मैच के बहिष्कार के फ़ैसले को वापस ले लिया है। पाकिस्तान सरकार ने X पर एक पोस्ट में कहा कि "मित्र देशों के अनुरोध को देखते हुए" उन्होंने पाकिस्तान टीम को भारत के ख़िलाफ़ मैच खेलने की अनुमति दे दी है।
पिछले कुछ दिनों में PCB, BCB और ICC के बीच मिटिंग्स का सिलसिला तेज़ हो गया था, ताकि पाकिस्तान, भारत के ख़िलाफ़ मैच के बहिष्कार के फैसले को वापस ले ले। आर्थिक नज़रिये से यह इस विश्व कप का सबसे ज़्यादा आर्थिक रूप से फ़ायदेमंद मुक़ाबला है। ESPNcricinfo ने सोमवार को पहले रिपोर्ट किया था कि इन चर्चाओं के सकारात्मक नतीजा देने को लेकर उम्मीदें बढ़ रही हैं।
सोमवार शाम को PCB अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने कहा कि भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान के मैच पर फ़ैसला अगले 24-48 घंटों में आ सकता है। इससे कुछ मिनट पहले ICC ने भी एक बयान जारी किया, जिसमें उसने बांग्लादेश के प्रति अपना रुख़ नरम किया, जिन्हें भारत की यात्रा से इनकार करने पर T20 विश्व कप से बाहर कर दिया गया था। ICC ने पुष्टि की कि उन पर कोई दंड नहीं लगाया जाएगा। इसके अलावा, उन्हें 2028-2031 चक्र में एक अतिरिक्त ICC टूर्नामेंट की मेज़बानी के अधिकार भी दिए गए।
इसके परिणामस्वरूप, BCB ने एक बयान जारी कर PCB को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और उनसे भारत के ख़िलाफ़ अपने मैच में हिस्सा लेने का आग्रह किया। रविवार को BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और ICC निदेशक इमरान ख़्वाजा PCB के साथ बातचीत के लिए लाहौर पहुंचे थे।