आग़ा सलमान को उम्मीद कि भारत-पाकिस्तान मुक़ाबला सही भावना के साथ खेला जाएगा

एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को तीन मैचों में हराया था © AFP/Getty Images

पाकिस्तान के कप्तान आग़ा सलमान का मानना है कि एशिया कप में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने को लेकर हुए विवाद के बाद T20 विश्व कप का मुक़ाबला सही भावना के साथ खेला जाए।

T20 विश्व कप का यह बड़ा मुक़ाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा और यह एशिया कप 2025 के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच पहला मुक़ाबला होगा। उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने तीन मैचों में लगातार तीन बार पाकिस्तान को हराया था लेकिन उस दौरान सबसे ज़्यादा चर्चा रही उस चीज़ की जिसने क्रिकेट को पीछे कर दिया। BCCI ने भारतीय खिलाड़ियों को यह सलाह दी कि टूर्नामेंट के दौरान वह पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाएं।

विवाद और भी ज़्यादा तब बढ़ गया जब PCB के चेयरमैन और एशियन क्रिकेट कौंसिल के प्रेसीडेंट मोहसिन नक़वी के कारण भारतीय टीम ने मैदान पर आकर ट्रॉफ़ी लेने से मना कर दिया।

आग़ा ने शनिवार को कहा," मेरे हिसाब से खेल सही भावना से होना चाहिए। लेकिन मैं क्या सोचता हूं यह मायने नहीं रखता और यह भारत के ऊपर है कि वो मुक़ाबले में कैसे उतारते हैं।"

T20 विश्व कप से एक हफ़्ते पहले राजनीतिक माहौल फ़िर से गरम हो गया था और पाकिस्तान की सरकार ने यह घोषणा की थी कि वह 15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ मुक़ाबले का बहिष्कार करेंगे, लेकिन ICC और PCB के बीच ही बातचीत के बाद उन्होने अपना फ़ैसला वापस ले लिया। अब जबकि यह मुक़ाबला होने वाला है, आग़ा ने कहा कि दोनों टीम सही खेल भावना के साथ उतरे।

आग़ा से जब पूछा गया कि क्या वह मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलेंगे, तो उन्होंने कहा कि यह हम कल देखेंगे।

आग़ा ने इस महामुक़ाबले को लेकर आगे कहा," बिल्कुल, भारत और पाकिस्तान का मुक़ाबला हमेशा बहुत बड़ा होता है और कल भी चीज़ें अलग नहीं रहेंगी। विश्व कप में भारत के ख़िलाफ़ हमारा रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है लेकिन हर बार एक नया दिन, एक नया मैच होता है। हम इतिहास नहीं बदल सकते लेकिन उससे सीख ज़रूर सकते हैं। और हम उन्हीं चीज़ों से सीखकर इस मैच में जीत हासिल करने की कोशिश करेंगे।"

कोलंबो में पाकिस्तान को मैच के दौरान ज़्यादा फ़ायदा रहेगा, इस सवाल के जवाब में आग़ा ने कहा," हम अपने सभी मैच यहीं खेल रहे हैं लेकिन मुझे नहीं लगता इससे ज़्यादा फ़ायदा है। मैदान पर आपको अच्छी क्रिकेट खेलनी होती है और सिर्फ़ एक जगह पर लगातार खेल लेने से ही जीत नहीं मिल जाती है।"

नागराज गोलापुड़ी ESPNcricinfo के न्यूज़ एडिटर हैं।

Comments