मैच (26)
अंडर-19 विश्व कप (1)
WPL (1)
SL v ENG (1)
PAK vs AUS (1)
रणजी ट्रॉफ़ी (16)
WT20 WC Qualifier (3)
T20 WC अभ्यास मैच (3)
ख़बरें

भारत के ख़िलाफ़ T20 विश्व कप मैच का बहिष्कार करेगा पाकिस्तान

पाकिस्तान सरकार ने X पर पोस्ट करके दी जानकारी

ESPNcricinfo स्टाफ़
01-Feb-2026 • 5 hrs ago
Suryakumar Yadav and Salman Agha ahead of the toss, India vs Pakistan, Asia Cup final, Dubai, September 28, 2025

पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि पाकिस्तान 15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ नहीं खेलेगा  •  AFP/Getty Images

पाकिस्तान, 2026 T20 विश्व कप में भारत के ख़िलाफ़ अपने मुक़ाबले का बहिष्कार करेगा। पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक X अकाउंट से जारी एक पोस्ट में कहा गया कि सरकार ने टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान टीम को श्रीलंका यात्रा की अनुमति दे दी है। हालांकि, इसमें यह भी कहा गया कि "पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फ़रवरी 2026 को भारत के ख़िलाफ़ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी"। इस फ़ैसले की कोई वजह बयान में नहीं बताई गई है।
भारत-पाकिस्तान का मुक़ाबला किसी भी ICC टूर्नामेंट का अब तक का सबसे ज़्यादा कमाई करने वाला और आमतौर पर सबसे ज़्यादा देखा जाने वाला मैच होता है। इसी का फ़ायदा उठाने के लिए ICC ने 2012 के बाद से हर ICC इवेंट में दोनों टीमों को हमेशा एक ही ग्रुप में रखा है। यह उस दौर में हुआ है, जब दोनों देशों के बीच बिगड़ते कूटनीतिक रिश्तों के कारण वे पिछले 14 साल से कोई द्विपक्षीय सीरीज़ नहीं खेले हैं।
अगर दोनों टीमें नॉकआउट मैच में आमने-सामने आती हैं तो क्या होगा, इस पर अभी कोई जानकारी नहीं है, लेकिन यह T20 विश्व कप अब 2010 के बाद पहला पुरुष ICC टूर्नामेंट बनता दिख रहा है, जिसमें ग्रुप चरण में भारत-पाकिस्तान का मुक़ाबला नहीं होगा।
पाकिस्तान की T20 विश्व कप में भागीदारी को लेकर संदेह तब गहरा गया था, जब बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किया गया। यह फ़ैसला 24 जनवरी को तब लिया गया, जब बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं के चलते भारत में खेलने से इनकार कर दिया था। बांग्लादेश के लिए वैकल्पिक वेन्यू की मांग का खुलकर समर्थन करने वाला पाकिस्तान इकलौता देश था।
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद पाकिस्तान ने ICC पर भारत के पक्ष में दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाया। PCB चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने कहा था कि पाकिस्तान टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा या नहीं, इसका अंतिम फ़ैसला सरकार करेगी।
दो दिन बाद, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से मुलाक़ात के बाद नक़वी ने कहा था कि उन्हें इस मसले को सुलझाने के लिए सभी विकल्प खुले रखने की सलाह दी गई है। उस समय नक़वी ने कहा था कि फ़ैसला "शुक्रवार या अगले सोमवार" को लिया जाएगा। उस डेडलाइन से एक दिन पहले ही पाकिस्तान सरकार ने अपना मन बना लिया है।
अटकलें लगाई जा रही थीं कि पाकिस्तान पूरे टूर्नामेंट का बहिष्कार करने के बजाय सिर्फ़ भारत के ख़िलाफ़ मैच पर ध्यान केंद्रित करेगा। ये अटकलें तब और तेज़ हो गईं जब PCB ने ICC की समय-सीमा के भीतर विश्व कप के लिए अपनी टीम का ऐलान किया। ESPNcricinfo ने PCB से संपर्क किया है ताकि यह जान सके कि पाकिस्तान ने भारत के ख़िलाफ़ मैच खेलने से इनकार क्यों किया है।
पाकिस्तान ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स और USA के साथ है। वे अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेंगे, जो भारत के साथ टूर्नामेंट का सह-मेज़बान है। पाकिस्तान 7 फ़रवरी को T20 विश्व कप के उद्घाटन दिन नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ अपना पहला मैच खेलेगा। इसके बाद वे 10 फ़रवरी को USA और 18 फ़रवरी को नामीबिया से भिड़ेंगे। अगर पाकिस्तान भारत के ख़िलाफ़ मैच का बहिष्कार करता है, तो उसे उस मैच के दो अंक गंवाने होंगे।
ICC के नियमों के मुताबिक़, किसी मैच का बहिष्कार होने की स्थिति में पाकिस्तान के नेट रन रेट पर असर पड़ेगा, लेकिन भारत के नेट रन रेट पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके अलावा भारत को जीत के दो अंक भी मिलेंगे।