लगातार दूसरी जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया को होगी एलिस से उम्मीदें
बड़ी तस्वीर: चोट से जूझ रही ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ करिश्मा करना चाहेगा ज़िम्बाब्वे
T20 विश्व कप 2026 में शुक्रवार का पहला मुक़ाबला आर प्रेमदासा स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया और ज़िम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया और ज़िम्बाब्वे दोनों को अपने पहले मुक़ाबले में जीत मिली थी और दोनों ही टीमें लगातार दूसरी जीत हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को अपने पहले ग्रुप मुक़ाबले में 67 रनों से करारी शिकस्त दी थी जिसमें एडम ज़ैम्पा और नेथन एलिस ने चार-चार विकेट हासिल कर ऑस्ट्रेलिया की जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी। ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर इस प्रदर्शन को दोहराना चाहेगा।
ऑस्ट्रेलिया काग़ज़ पर मज़बूत है लेकिन उन्हें प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों ने काफ़ी परेशान किया। पैट कमिंस और जॉश हेज़लवुड के चोट के चलते विश्व कप से बाहर होने के बाद उनके कप्तान मिचेल मार्श भी चोटिल हो गए हैं और उनकी जगह पर स्टीव स्मिथ को कवर के तौर पर श्रीलंका बुलाया गया है। चोट से जूझ रही ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ ज़िम्बाब्वे इस मौक़ा का फ़ायदा उठाना चाहेगी।
ज़िम्बाब्वे ने ओमान के ख़िलाफ़ आठ विकेट और 39 गेंद शेष रहते एकतरफ़ा जीत हासिल की थी। अभ्यास मैच में ओमान के हाथों हार झेलनी वाली ज़िम्बाब्वे ने अच्छी वापसी की और वह ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ अपनी इस वापसी की लय को खोना नहीं चाहेगी।
हालिया प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया: NR,L,L,L,W
ज़िम्बाब्वे: L,W,L,L,W
एलिस और बेनेट पर रहेंगी नज़रें
तेज़ गेंदबाज़ नेथन एलिस ने अपनी धीमी गति की गेंदों से आयरलैंड के बल्लेबाज़ों को काफ़ी परेशान किया था और शुरुआत में ही उन्होंने आयरलैंड की बल्लेबाज़ी को दबाव में डाल दिया था। 12 रन देकर चार विकेट झटकने के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच भी चुना गया था। कमिंस और हेज़लवुड जैसे अनुभवी गेंदबाज़ों की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया को एलिस से इस प्रदर्शन को बरक़रार रखने की उम्मीदें होंगी।
ब्रायन बेनेट T20 विश्व कप से पहले ही लय में थे और ओमान के ख़िलाफ़ मुक़ाबले में उन्होंने 36 गेंदों पर 48 रनों की पारी भी खेली जिसमें सात चौके शामिल थे। ऑस्ट्रेलिया का गेंदबाज़ी आक्रमण अभी भी मज़बूत है, ऐसे में ज़िम्बाब्वे को ऑस्ट्रेलियाई चुनौती से निपटने के लिए बेनेट से उम्मीदें होंगी।
टीम न्यूज़ और संभावित एकादश
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श इस समय चोटिल हैं और उनकी जगह पर ट्रैविस हेड ने आयरलैंड के ख़िलाफ़ कप्तानी थी। ऑस्ट्रेलिया विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ उतर सकता है।
ऑस्ट्रेलिया (संभावित): 1 ट्रैविस हेड (कप्तान), 2 जॉश इंग्लिस (विकेटकीपर), 3 कैमरन ग्रीन, 4 मैट रेनशॉ, 5 ग्लेन मैक्सवेल, 6 मार्कस स्टॉयनिस, 7 कूपर कॉनली, 8 ज़ेवियर बार्टलेट, 9 नेथन एलिस, 10 एडम ज़ैम्पा, 11 मैट कुनमन
ज़िम्बाब्वे के एकादश में बदलाव की संभावना भी कम ही है।
ज़िम्बाब्वे (संभावित) : 1 ब्रयान बेनेट, 2 तड़िवनाशो मारुमानी, 3 डिओन मेयर्स, 4 ब्रेंडन टेलर (विकेटकीपर), 5 सिकंदर रज़ा (कप्तान), 6 रायन बर्ल, 7 ताशिंगा मुसेकिवा, 8 ब्रैड एवंस, 9 वेलिंग्टन मसाकाट्ज़ा, 10 रिचर्ड अंगारावा, 11 ब्लेसिंग मुज़ाराबानी
पिच और परिस्थितियां
प्रेमदासा स्टेडियम पर इस टूर्नामेंट में स्पिनरों को मदद देखने को मिली है और इसके साथ ही पिच धीमी भी रही है। एक बार फिर ऐसी ही परिस्थितियां देखने को मिल सकती हैं। दिन के खेल के दौरान ओवरकास्ट परिस्थितियां रह सकती हैं और दोपहर में कोलंबो में बारिश का भी पूर्वानुमान है। हालांकि बारिश मैच के बाद आने की संभावना है।