किशन: ऑफ़ साइड के खेल में सुधार से बहुत मदद मिली

ESPNcricinfo स्टाफ़

इशान किशन ने 27 गेंदों में अर्धशतक जड़कर भारत के लिए टोन सेट किया © ICC/Getty Images

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज़ इशान किशन ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ प्लेयर ऑफ़ द मैच प्रदर्शन के बाद कहा कि ऑफ़-साइड के खेल में सुधार करने से उन्हें कोलंबो की धीमी और टर्न लेने वाली पिच पर ज़्यादा रन बनाने का मौक़ा दिया।

किशन हमेशा से लेग-साइड पर मजबूत रहे हैं, लेकिन रविवार को उन्होंने अपनी 40 गेंदों पर 77 रन की पारी में ऑफ़-साइड पर नौ गेंदों में 25 रन बनाए। उनकी इस पारी से भारत 175/7 जैसा औसत से बेहतर स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

किशन ने कहा, "मैंने अपने ऑफ़-साइड खेल पर काफी काम किया है। अगर मैं ऑफ़-साइड पर अच्छे शॉट खेलता हूं, तो गेंदबाज़ वहीं गेंद डालेंगे, जहां मैं चाहता हूं। इसलिए मैं बस गैप में खेलने की कोशिश कर रहा था क्योंकि मैदान बड़ा है और बड़े मैदान में बड़े गैप मिलते हैं।

"मैं चीज़ों को सरल रखकर गैप में खेलने और कम से कम दो रन लेने की कोशिश कर रहा था क्योंकि विकेट आसान नहीं था। मेरे दिमाग़ में था कि हमें 160-170 जैसा स्कोर बनाना है और वह हमारे लिए बहुत अच्छा टोटल होगा।"

यह स्कोर आख़िरकार पाकिस्तान के लिए 61 रन ज़्यादा साबित हुआ और भारत ने सुपर-8 में अपनी जगह भी पक्की कर ली। भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने किशन को इस जीत का श्रेय दिया, जिन्होंने पहले ओवर में पाकिस्तानी कप्तान सलमान आग़ा के हाथों अभिषेक शर्मा के शून्य पर आउट होने के बाद बल्लेबाज़ी की अकेले कमान संभाली। किशन ने तेज़ शुरुआत की और आठवें ओवर तक भारत के 82 में से 72 रन अकेले बना दिए।

सूर्यकुमार ने कहा, "इशान ने कुछ अलग सोचा। पहला विकेट शून्य पर गिरने के बाद पावरप्ले में किसी को ज़िम्मेदारी लेनी थी। उन्होंने वह ज़िम्मेदारी ली और कमाल किया। पावरप्ले में हम काफ़ी आगे थे। 7 से 15 ओवर के बीच थोड़ा सा ठहराव आया, लेकिन यही T20 क्रिकेट की खूबसूरती है।"

Comments