नामीबिया के ख़िलाफ़ पाकिस्तान का एकमात्र लक्ष्य: हारना नहीं है
बड़ी तस्वीर: पाकिस्तान का एक ही लक्ष्य: हारना नहीं है
भारत के ख़िलाफ़ मिली हार के बाद अपने अंतिम ग्रुप मैच में पाकिस्तान का एक ही लक्ष्य है - हारना नहीं है। जीत या बारिश के कारण मैच रद्द होने पर पाकिस्तान अगले दौर में प्रवेश कर जाएगा। हालांकि अगर नामीबिया पाकिस्तान को हरा देता है तो 2024 की तरह ही एक बार फिर पाकिस्तान की जगह पर USA को सुपर-8 में जगह मिल जाएगी।
भारत के ख़िलाफ़ बड़ी हार ने पाकिस्तान के आत्मविश्वास को धक्का ज़रूर पहुंचाया है। शाहीन शाह अफ़रीदी गेंद के साथ संघर्ष कर रहे थे जबकि शीर्ष क्रम पहले तीन ओवर के भीतर ही पवेलियन लौट गया था।
भारत के ख़िलाफ़ हार के बाद संभव है कि पाकिस्तान ख़ास तौर पर अपने गेंदबाज़ी आक्रमण में बदलाव कर सकता है और अधिक तेज़ गेंदबाज़ी विकल्प अपने आक्रमण में जोड़ सकता है।
नामीबिया भले ही पाकिस्तान के मुक़ाबले काफ़ी कमज़ोर टीम है लेकिन टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुकी नामीबिया पर कोई दबाव नहीं है और वह इस मुक़ाबले में छूट के साथ खेल सकते हैं। जबकि पाकिस्तान के साथ यह स्थिति नहीं है।
हालिया प्रदर्शन
पाकिस्तान: LWWWW
नामीबिया: LLLWL
सईम अयूब और लॉरेन स्टीनकाम्प पर रहेंगी नज़रें
सईम अयूब ने T20 क्रिकेट में अपने ऑलराउंड खेल का लोहा मनवायाहै लेकिन T20 विश्व कप में वह अब तक बल्ले के साथ बेहतरीन पारी नहीं खेल पाए हैं। T20 विश्व कप से पहले वह बेहतरीन फ़ॉर्म में थे लेकिन इस टूर्नामेंट में श्रीलंका में खेली तीन पारियों में अब तक वह केवल 49 रन ही बना पाए हैं।
लॉरेन स्टीनकाम्प नामीबिया के विस्फोटक बल्लेबाज़ों में से एक हैं। उनका स्ट्राइक रेट 133 से थोड़ा ही कम है और उनके करियर के दौरान केवल जैन निकोल लोफ़्टी-ईटन ने ही नामीबिया के लिए उनसे अधिक स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
टीम न्यूज़: शाहीन, बाबर की जगह पर सवाल
भारत के ख़िलाफ़ हार के बाद पाकिस्तान के एकादश में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। तेज़ गेंदबाज़ नसीम शाह और सलमान मिर्ज़ा की एकादश में वापसी हो सकती है और फ़ख़र ज़मान और ख़्वाजा नफ़ाय इस विश्व कप में अग़र अपना पहला मुक़ाबला खेलते हैं तो यह अचरज भरी बात नहीं होगी।
पाकिस्तान: 1 साहिबज़ादा फ़रहान (विकेटकीपर), 2 सईम अयूब, 3 सलमान आग़ा (कप्तान), 4 बाबर आज़म/ख़्वाजा नफ़ाय, 5 शादाब ख़ान/फ़ख़र ज़मान, 6 उस्मान ख़ान (विकेटकीपर), 7मोहम्मद नवाज़, 8 सलमान मिर्ज़ा, 9 नसीम शाह, 10 उस्मान तारिक़, 11 अबरार अहमद
नामीबिया ने USA के ख़िलाफ़ एकादश में बदलाव किए थे और इस मुक़ाबले में उनके एकादश में एक और बदलाव देखने को मिल सकता है। मैक्स हिंगो ने अब तक इस टूर्नामेंट में कुल चार ओवर डाले हैं और उन्होंने 52 रन देते हुए एक भी विकेट हासिल नहीं किया है। उनकी जगह पर जैक ब्रासेल को मौक़ा मिल सकता है।
नामीबिया: 1 जैन फ़्रायलिंक, 2 लॉरेन स्टीनकाम्प, 3 जैन निकोल लॉफ़्टी-ईटन, 4 जेरार्ड इरास्मस (कप्तान), 5 जेजे स्मिट, 6 ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), 7 डायलन लीचर, 8 रुबेन ट्रंपलमैन, 9 विलेम मायबर्ग, 10 बेरनार्ड शॉल्ट्ज़ , 11 जैक ब्रासेल
पिच और परिस्थितियां
पाकिस्तान आर प्रेमदासा के बाद दोबारा SSC लौटेगा। आर प्रेमदासा के मुक़ाबले यहां तेज़ गेंदबाज़ों को अधिक मदद मिलती है। यह मुक़ाबला एक काली मिट्टी वाली पिच पर खेला जाएगा, जिस पर आयरलैंड और ओमान का मुक़ाबला खेला गया था। उस मुक़ाबले में आयरलैंड ने 235 रन बनाए थे। खेल के शुरू होने के समय में बारिश होने की थोड़ी संभावना है लेकिन जल्द ही मौसम के साफ़ हो जाने के आसार हैं।