मैच (13)
IPL (2)
त्रिकोणीय वनडे सीरीज़, श्रीलंका (1)
County DIV1 (3)
County DIV2 (4)
QUAD T20 Series (MAL) (2)
PSL (1)
फ़ीचर्स

शुभम दुबे : ऑक्शन में DC ने लगाया एड़ी चोटी का ज़ोर, उसी के ख़िलाफ़ RR के खिलाड़ी के दिखाई अपनी प्रतिभा की झलक

शुभम दुबे को RR ने उनके बेस प्राइस से 29 गुना अधिक की कीमत पर ख़रीदा था

Shubham Dubey cracked 25 off 12 balls before falling to Khaleel Ahmed, Delhi Capitals vs Rajasthan Royals, IPL 2024, Delhi, May 7, 2024

दुबे का बेस प्राइस 20 लाख था  •  BCCI

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) से हार तो झेलनी पड़ गई लेकिन मध्य क्रम में RR को शुभम दुबे ने एक नया विकल्प देने के संकेत दे दिए। शुभम ने भले ही एक छोटी पारी खेली लेकिन दो चौकों और दो छक्के से भरी उनकी उस पारी ने काफ़ी प्रभावित किया है।
शुभम रियान पराग के आउट होने के बाद RR की पारी के 11वें ओवर में बल्लेबाज़ी करने आए थे। लक्ष्य RR से काफ़ी दूर था और RR के पास निचले मध्य क्रम में शिमरॉन हेटमायर और ध्रुव जुरेल का विकल्प भी मौजूद नहीं था।
हालांकि शुभम ने शुरू में तो अपने कप्तान को स्ट्राइक दिया लेकिन जल्द ही उन्होंने भी दूसरे छोर से हाथ खोल लिए और RR मैच में बराबरी की स्थिति में आ गया। शुभम ने DC के सबसे अनुभवी गेंदबाज़ इशांत शर्मा को पहले तो चौका जड़ा और फिर धीमी गति की बाउंसर को लॉन्ग ऑन के ऊपर से 95 मीटर दूर भेज दिया।
इस एक शॉट ने बता दिया था कि आख़िर RR ने बाएं हाथ के बल्लेबाज़ को इतनी महंगी कीमत पर ख़रीदने का फ़ैसला क्यों किया था। दूसरे छोर से सैमसन का आक्रमण जारी था, हालांकि सैमसन का विकेट गिरने के बाद RR की उम्मीदों को धक्का लग गया। RR को अंतिम चार में अपनी जगह पक्की करने के लिए अब चार ओवर में 52 रनों की दरकार थी और शुभम ने खलील अहमद की पहली गेंद पर लॉन्ग ऑफ़ के ऊपर से एक बड़ा छक्का जड़ दिया।
शुभम के इस शॉट को देखकर कॉमेंट्री कर रहे रवि शास्त्री भी दंग रह गए। वह शुभम दुबे और शिवम दुबे (CSK) में कन्फ़्यूज़ भी हो गए। खलील की गेंद पर छक्का जड़ने की अगली ही गेंद पर शुभम ने चौका लगा दिया और अब RR की उम्मीदें एक बार फिर ज़िंदा हो गई थीं। हालांकि शुभम पुल खेलने के प्रयास में लॉन्ग ऑन पर आउट हो गए लेकिन उनकी इस छोटी पारी उनकी काबिलियत पर चर्चा करने के लिए मजबूर कर दिया जिसके लिए उन्हें घरेलू सर्किट में जाना जाता है।

इस टूर्नामेंट से बटोरीं सुर्खियां

शुभम घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं। पिछले सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में उन्होंने अपने बल्ले से काफ़ी प्रभावित किया था। उन्होंने सात पारियों में 187 से भी ऊपर के स्ट्राइक रेट से 221 रन बना डाले थे। इस टूर्नामेंट में बंगाल के ख़िलाफ़ विदर्भ द्वारा किए गए रिकॉर्ड 223 रन की चेज़ के मुख्य सूत्रधार शुभम ही रहे थे। शुभम द्वारा 20 गेंदों पर छह छक्के और तीन चौकों की बदौलत बनाए गए 58 रनों की बदौलत विदर्भ ने 13 गेंद शेष रहते ही मैच जीत लिया था। क्रिकेट में शुभम की पहचान लंबे शॉट्स लगाने वाले बल्लेबाज़ के तौर पर है।

शुभम के लिए DC और RR दोनों ने लगाया एड़ी चोटी का ज़ोर

दिसंबर 2023 में हुई नीलामी में RR और DC दोनों ने ही शुभम को अपने दल में शामिल करने के लिए एड़ी चोटी का ज़ोर लगा दिया था। शुभम की बेस प्राइस महज़ 20 लाख रुपए थी लेकिन एक बार जब उनके नाम पर दांव लगाना शुरू हुआ तब बोली तभी जाकर समाप्त हुई जब DC ने उनके बेस प्राइस से 29 गुना अधिक की कीमत (5.8 करोड़) तक की बोली लगाकर अपने हाथ पीछे खींच लिए। मंगलवार को शुभम अगर क्रीज़ पर डटे रह जाते तो संभव है कि उनकी पारी DC को जीत की रेखा से पीछे रख जाती।