परिणाम
8वां मैच, ग्रुप बी (D/N), कोलंबो (SSC), February 09, 2026, T20 विश्व कप

ज़िम्बाब्वे की 8 विकेट से जीत, 39 गेंद बाकी

blessing-muzarabani
प्लेयर ऑफ़ द मैच
3/16
blessing-muzarabani
क्रिकइंफ़ो बहुमूल्य खिलाड़ी
Updated: Feb 9, 2026, 12:24 PM (3 hrs ago)Published Feb 9, 2026, 8:40 AM

Zim vs Oman, T20 World Cup 2026 Highlights: अंगावारा की अगुवाई में गेंदबाज़ों ने दिलाई ज़िम्बाब्वे को जीत

By ESPNcricinfo स्टाफ़

ज़िम्बाब्वे ने ओमान को बुरी तरह हराया

ज़िम्बाब्वे ने T20 विश्व कप 2026 में बड़ी जीत के साथ शुरुआत की है। ओमान के ख़िलाफ़ उन्होंने 39 गेंद और आठ विकेट शेष रहते हुए जीत हासिल की है। इस जीत से उनके रन-रेट को भी अच्छा लाभ मिलेगा। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए ओमान की पूरी टीम 103 के स्कोर पर ढेर हो गई थी। जवाब में ज़िम्बाब्वे ने ब्रायन बेनेट (48*) की बदौलत शुरुआती झटकों के बावजूद आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाज़ी कर रही ओमान को ब्लेसिंग मुज़ाराबानी ने अपने स्पेल की पहली गेंद पर ही झटका दिया जब उन्होंने आमिर कलीम को आउट किया। इसके बाद रिचर्ड अंगारावा ने भी दूसरे छोर से विकेट निकालना शुरू कर दिया। दोनों ने मिलकर ओमान के पांच विकेट केवल 27 के स्कोर पर निकाल दिए। इसके बाद विनायक शुक्ला और सुफ़ियान महमूद के बीच छठे विकेट के लिए 43 गेंदों में 42 रनों की साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने टीम को थोड़ा तो संभाला, लेकिन रन की गति नहीं बढ़ा सके।
ओमान पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सका और 19.3 ओवर में ही उनकी पारी 103 के स्कोर पर समाप्त हुई। केवल तीन ही बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा छू सके। विनायक ने सर्वाधिक 28 रन बनाए तो वहीं 25 रन बनाने के लिए सूफ़ियान ने 39 गेंदों का सामना कर लिया। अंत में नदीम ख़ान ने 18 गेंदों में 20 रन बनाते हुए ओमान को तिहरे अंक तक पहुंचाया। ज़िम्बाब्वे के लिए अंगारावा, मुज़ाराबानी और एवांस ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
104 के लक्ष्य का पीछा कर रही ज़िम्बाब्वे को सुफ़ियान ने अपने पहले और पारी के चौथे ओवर में दो झटके दिए। इससे पहले मारूमानी ने केवल 10 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए ज़िम्बाब्वे को तेज़ शुरुआत दिलाई थी। पहले तीन ओवर में ही 30 रन बना चुकी ज़िम्बाब्वे ने अगले तीन ओवर में केवल 13 रन बनाए। यहां लगा कि ओमान दबाव बनाने में कामयाब हुआ है, लेकिन थोड़ी देर बाद ज़िम्बाब्वे को आसानी से रन मिलने लगे।
बेनेट और ब्रैंडन टेलर ने बड़े आराम से पारी को आगे बढ़ाया और अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। इस साझेदारी की बदौलत ज़िम्बाब्वे जीत के क़रीब पहुंच चुका था। दोनों ने ही बिना रिस्क लिए रन बनाए और ओमान को कोई मौक़ा नहीं दिया। 11वें ओवर में तीन चौके लगाते हुए दोनों बल्लेबाज़ों ने यह भी दिखाया कि वे पूरी तरह सेट हैं और उन्हें गेंद काफ़ी अच्छी दिख रही है।
बेनेट ने ख़ास तौर से कुछ आक्रामक शॉट्स लगाए और अपने अर्धशतक के क़रीब पहुंचे, लेकिन 48 के स्कोर पर नाबाद रह गए। दूसरी ओर टेलर ने भी काफ़ी अच्छी बल्लेबाज़ी की और 31 रन बनाए। दो रन भागने के चक्कर में उन्हें हैमस्ट्रिंग में थोड़ी समस्या महसूस हुई जिसके बाद वह रिटायर हर्ट हो गए। इसके बाद आए कप्तान सिकंदर रज़ा ने चौका लगाते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई।

बेनेट, टेलर की साझेदारी से जीत के क़रीब ज़िम्बाब्वे

4
4
1
2
4
बेनेट और टेलर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। इस साझेदारी की बदौलत ज़िम्बाब्वे अब जीत के क़रीब है। शुरुआत में दो विकेट गिरने के बाद दोनों ने काफ़ी सतर्क होकर खेला और फिर मौक़ा मिलने पर बाउंड्री निकाली। दोनों ने ही बिना रिस्क लिए रन बनाए और ओमान को कोई मौक़ा नहीं दिया।
11वें ओवर में तीन चौके लगाते हुए दोनों बल्लेबाज़ों ने यह भी दिखाया कि वे पूरी तरह सेट हैं और उन्हें गेंद काफ़ी अच्छी दिख रही है।

सुफ़ियान के दोहरे झटकों ने ज़िम्बाब्वे को किया परेशान

बल्लेबाज़ी में ओमान की पारी को संभालने वाले अनुभवी सुफ़ियान ने अब गेंद से अपनी टीम को वापसी का मौक़ा दिया है। अपने पहले ओवर में ही उन्होंने दो विकेट ले लिए और ज़िम्बाब्वे पर दबाव डाला है। इस ओवर में केवल एक ही रन आया था। पहले उन्होंने मारूमानी को आउट किया जो काफ़ी तेज़ बल्लेबाज़ी कर रहे थे।
मारूमानी ने 11 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 21 रन बनाए। इसके बाद मेयर्स को उन्होंने खाता भी नहीं खोलने दिया। पहले तीन ओवर में ही 30 रन बना चुकी ज़िम्बाब्वे पर अगले तीन ओवर में लगातार दबाव डाला गया। पावरप्ले में ज़िम्बाब्वे ने कुल 43 रन बनाए जिसका मतलब है कि आखिरी तीन ओवर में केवल 13 रन बने।

103 पर सिमटी ओमान की पारी

ओमान पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सका और 19.3 ओवर में ही उनकी पारी 103 के स्कोर पर समाप्त हो गई है। केवल तीन ही बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा छू सके और तीनों ने ही 20 या उससे अधिक रन बनाए। विनायक ने सर्वाधिक 28 रन बनाए तो वहीं 25 रन बनाने के लिए सूफ़यान ने 39 गेंदों का सामना कर लिया। अंत में नदीम ख़ान ने 18 गेंदों में 20 रन बनाते हुए ओमान को तिहरे अंक तक पहुंचाया। ज़िम्बाब्वे के तेज़ गेंदबाज़ों का कहर देखने को मिला। अंगारावा, मुज़ाराबानी और एवांस ने तीन-तीन विकेट चटकाए।

अंगारावा का कहर, ओमान की हालत पतली

ओमान की पारी ट्रैक पर नहीं आ पा रही है क्योंकि ज़िम्बाब्वे के गेंदबाज़ उन्हें मौक़ा ही नहीं दे रहे हैं। रन गति भी धीमी है और विकेट भी लगातार गिर रहे हैं। अंगारावा अब तक तीन विकेट चटका चुके हैं। 15 ओवर में ही ओमान के सात विकेट गिर चुके हैं और स्कोरबोर्ड पर केवल 71 रन ही हैं।
विनायक शुक्ला और सुफ़यान मेहमूद के बीच छठे विकेट के लिए 43 गेंदों में 42 रनों की साझेदारी हुई जिससे ओमान की टीम ने थोड़ी राहत महसूस की होगी।सूफ़यान अब भी क्रीज़ पर मौजूद हैं, लेकिन वह भी तेज़ी से रन नहीं निकाल पा रहे हैं।

मुज़ाराबानी ने ओमान के ऊपरी क्रम को झकझोरा

टॉस के दौरान मुज़ाराबानी ने कहा था कि वह वह पहले गेंदबाज़ी करते हुए, अपने तेज़ गेंदबाज़ों को अच्छा मौक़ा देना चाहते हैं, क्योंकि पर तेज़ गेंदबाज़ों को शुरुआत में मदद मिल सकती है। उनकी बात सही हुई और बिल्कुल वैसा ही हुआ। ओमान की टीम ने पहले छह ओवरों में सिर्फ़ 24 रन बनाए हैं और उनके चार बल्लेबाज़ पवेलियन जा चुके हैं। ब्लेसिंग मुज़ाराबानी ने अपने तीन ओवरों में 10 रन देकर तीन विकेट लिए हैं।
1

पहले गेंदबाज़ी करेगी ज़िम्बाब्वे

सिक्का रज़ा के पक्ष में गिरा और उन्होंने कहा, "हम पहले गेंदबाज़ी करेंगे। हमने विकेट को देखा तो ऐसा लगा कि तेज़ गेंदबाज़ों को शुरुआत में मदद मिल सकती है। हवा भी चल रही है। इससे गेंदबाज़ों को मदद मिलेगी। साथ ही मुझे ऐसा लग रहा है कि पिच आगे चल बल्लेबाज़ी के लिए बेहतर होती जाएगी। हम अपने तेज़ गेंदबाज़ों को अच्छा मौक़ा देना चाहते हैं। ज़िम्बाब्वे और श्रीलंका के रिश्ते बहुत अच्छे हैं, और उन्होंने हमें एक हफ़्ता पहले आने की अनुमति दी। हम एक हफ़्ते तक हम्बनटोटा में रहे और फिर पिछले लगभग पांच दिनों से यहां हैं। 10 से 12 दिन हमारी तैयारी के लिहाज़ से काफ़ी मददगार रहे हैं। परिस्थितियों के मुताबिक़ ढलने में यह समय काम आया है और हम मैदान पर उतरने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे।
जतिंदर सिंह: बल्लेबाज़ी के लिए यह अच्छी सतह है और लेकिन दूसरी पारी में यहां बल्लेबाज़ी ज़्यादा आसान होती है। हमारी तैयारी बेहतरीन रही है। हम काफ़ी पहले श्रीलंका पहुंच गए थे। हमने अच्छी तैयारी की। हमने यहां कुछ मैच खेले। यहां की परिस्थितियां काफ़ी अलग हैं, इसलिए इनके अभ्यस्त होना हमारे लिए ज़रूरी था। यहां उमस भी ओमान के मुक़ाबले कहीं ज़्यादा है। कुल मिलाकर तैयारी बिल्कुल सही रही है। विकेट को देखते हुए मुझे लगता है कि 160 से 165 का स्कोर आदर्श रहेगा।

आमिर कलीम और ब्रायन बेनेट पर रहेंगी नज़रें

आमिर कलीम को विश्व कप दल में देर से जगह मिली और उन्होंने श्रीलंका ए के ख़िलाफ़ अभ्यास मुक़ाबले में 47 गेंदों पर 80 रनों की प्रभावशाली पारी खेली। शीर्ष क्रम में आक्रामक बल्लेबाज़ी करने के साथ ही उनकी स्पिन ओमान के काफ़ी काम आ सकती है।
22 वर्षीय ब्रायन बेनेट ज़िम्बाब्वे की क्रिकेट का भविष्य हैं। ओमान के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में उन्होंने 28 गेंदों पर 56 रनों की पारी खेलकर अपने लय में होने के संकेत दिए। बेनेट 2026 T20 विश्व कप में ज़िम्बाब्वे की सबसे अहम कड़ी साबित हो सकते हैं।
1

बड़ी तस्वीर: क्या यह विश्व कप कमतर आंके जाने वाली टीमों के नाम रहने वाला है?

क्या यह T20 विश्व कप कमतर आंके जाने वाली टीमों के नाम रहने वाला है? यह सवाल इसलिए भी स्वभाविक है क्योंकि इस संस्करण के पहले दो दिनों में एसोसिएट देशों ने अपने प्रदर्शन से काफ़ी प्रभावित किया है। नीदरलैंड्स ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मैच को अपनी पकड़ में कर ही लिया था, संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) ने भारतीय बल्लेबाज़ों को दबाव में ला दिया और नेपाल ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ लगभग उलटफेर कर ही दिया था।
तीसरे दिन कोलंबो में दोपहर के मैच में ओमान और ज़िम्बाब्वे आमने-सामने होंगी। चार दिन पहले ही ओमान ने अभ्यास मैच में ज़िम्बाब्वे को हराया था और इस लिहाज़ से यह मुक़ाबला में बेहद रोचक रहने की उम्मीद है। ओमान ने अभ्यास मैच में श्रीलंका ए को भी पांच विकेट से हराया था।
ज़िम्बाब्वे भी बड़े उलटफेर के लिए जानी जाती है, 2022 के T20 विश्व कप में उन्होंने पाकिस्तान को हराया था। इस बार ज़िम्बाब्वे काफ़ी उम्रदराज़ दल के साथ आया है, जिसमें अधिकतर खिलाड़ी 30 की उम्र से अधिक के हैं। वहीं 40 वर्ष की उम्र के पास खड़े सिकंदर रज़ा, ब्रैंडन टेलर और ग्रेम क्रेमर की अनुभवी तिकड़ी भी है।