मांधना ने 2025 में कीर्तिमानों की किताब में लिखीं कुछ अद्भुत कहानियां
स्मृति मांधाना ने 2025 में बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने भारत के लिए कुल 1703 रन बनाए। इनमें से 1362 रन वनडे में आए। मांधना ने न सिर्फ़ महिला क्रिकेट में बल्कि पुरुष और महिला दोनों वर्गों को मिलाकर नए मानक स्थापित किए। आइए देखते हैं कि इस साल उन्होंने क्या-क्या रिकॉर्ड बनाए।
1703 - स्मृति मांधना ने 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मैट्स मिलाकर 1703 रन बनाए। यह किसी भी कैलेंडर वर्ष में किसी महिला खिलाड़ी का सबसे बड़ा स्कोर है। उन्होंने 2024 के अपने 1659 रनों के आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया।
पिछले दो वर्षों में कुल 3362 रन बनाकर मांधना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने वाली सिर्फ़ चौथी महिला खिलाड़ी बन गईं। वह अब महिला T20I में दूसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज़ हैं, जबकि महिला वनडे क्रिकेट में उनका स्थान छठा है।
1362 - मांधना ने 2025 में वनडे क्रिकेट में 1362 रन बनाए। यह किसी भी कैलेंडर वर्ष में किसी महिला बल्लेबाज़ द्वारा बनाया गया सबसे ज़्यादा रन हैं। मांधना किसी एक कैलेंडर वर्ष में 1000 वनडे रन बनाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं। इसके बाद लॉरा वुलफ़ॉर्ट ने भी 1174 रन बनाकर इस सूची में जगह बनाई।
इसका मतलब यह भी रहा कि मांधना ने लगातार दूसरे साल 2025 में वनडे क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज़ के तौर पर साल का अंत किया। यह उपलब्धि उन्होंने पुरुष और महिला दोनों वर्गों को मिलाकर हासिल की। इससे पहले 2024 में भी वह 13 मैचों में 747 रन बनाकर वनडे की सबसे सफल बल्लेबाज़ रही थीं।
इससे पहले सिर्फ़ एक बार ऐसा हुआ था जब किसी महिला खिलाड़ी ने कैलेंडर वर्ष में वनडे क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाए हों। इंग्लैंड की एनिड बेकवेल ने 1973 में 271 रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की थी। उसी साल पहला क्रिकेट विश्व कप भी खेला गया था। उस वर्ष वनडे में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले शीर्ष सात खिलाड़ी में सभी महिलाएं थीं।
50 - ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ विश्व कप से ठीक पहले दिल्ली में खेले गए तीसरे वनडे में मांधना ने 50 गेंदों में शतक बनाया था। यह महिला वनडे क्रिकेट में दूसरी सबसे तेज़ सेंचुरी थी। उनसे तेज़ शतक सिर्फ़ मेग लानिंग ने 2012 में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ 45 गेंदों में लगाया था। यह पुरुष और महिला दोनों वर्गों को मिलाकर भारत की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे तेज़ शतक भी है।
यह 2025 में मांधना के पांच वनडे शतकों में से एक था। यह किसी एक कैलेंडर वर्ष में किसी महिला बल्लेबाज़ द्वारा लगाए गए संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा शतकों के बराबर है। 2025 में ताज़मिन ब्रिट्स और वुलफ़ॉर्ट ने भी पांच-पांच शतक लगाए।
6 - 2025 में मांधना के नाम छह अंतरराष्ट्रीय शतक रहे। उनका छठा शतक इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेले गए एक T20I मैच में आया। यह इस फ़ॉर्मैट में उनका पहला शतक था। इसके साथ ही मांधना तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में शतक लगाने वाली पहली भारतीय और कुल मिलाकर पांचवीं महिला खिलाड़ी बन गईं। उनसे पहले यह कारनामा हेदर नाइट, टैमी ब्यूमोंट, वुलफ़ॉर्ट और बेथ मूनी कर चुकी हैं।
वुलफ़ॉर्ट ने भी 2025 में कुल छह शतक लगाए। इनमें से पांच वनडे में और एक T20I में आया। मांधना के अब तीनों प्रारूप मिलाकर कुल 17 शतक हो चुके हैं। यह किसी महिला खिलाड़ी द्वारा बनाए गए संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा शतक हैं। इस सूची में उनके साथ मेग लानिंग भी शामिल हैं।
61 - 2025 में मांधना के कुल रनों और शुभमन गिल द्वारा बनाए गए 1764 रनों के बीच 61 रनों का अंतर रहा। गिल 2025 में पुरुष क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे। यह पहली बार है जब कोई महिला खिलाड़ी किसी कैलेंडर वर्ष में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने के इतने क़रीब पहुंची है। इससे पहले भी यह उपलब्धि मांधना के ही नाम थी। 2024 में उन्होंने 1659 रन बनाए थे और वह कुसल मेंडिस के 1860 रनों से 201 रन पीछे रहीं थीं।
2025 में मांधना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीसरी सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज़ रहीं। उनसे आगे गिल और शाई होप थे। यह किसी भी कैलेंडर वर्ष में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के शीर्ष रन बनाने वालों की सूची में किसी महिला खिलाड़ी की अब तक की सबसे बेहतरीन रैंकिंग है। 2024 में मांधना और वुलफ़ॉर्ट इस सूची में क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रही थीं।
32 - 2025 में वनडे क्रिकेट में मांधना ने कुल 32 सिक्सर लगाए। यह किसी कैलेंडर वर्ष में किसी महिला बल्लेबाज़ द्वारा लगाए गए सबसे ज़्यादा छक्के हैं। सभी प्रारूप को मिलाकर उन्होंने 39 छक्के लगाए। यह भी महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का एक रिकॉर्ड है। इस मामले में उन्होंने 2024 में चमरी अतापत्तू के बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी की।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीनों प्रारूप को मिलाकर मांधना के अब कुल 157 सिक्सर हो चुके हैं। यह किसी महिला खिलाड़ी द्वारा लगाए गए चौथे सबसे ज़्यादा सिक्सर हैं। 2025 में उन्होंने भारत के लिए वनडे और T20I दोनों प्रारूप में सबसे ज़्यादा सिक्सर लगाने के मामले में हरमनप्रीत कौर को भी पीछे छोड़ दिया।
1703 - 2025 में मांधना के सभी रन वनडे और T20I प्रारूप में आए। इस साल भारत ने कोई टेस्ट मैच नहीं खेला। वनडे और T20I को मिलाकर किसी एक साल में बनाए गए रनों की सूची में यह पुरुष और महिला दोनों को मिलाकर नौवां सबसे बड़ा आंकड़ा है।
2007 में मैथ्यू हेडन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 2223 रन बनाए थे। इनमें से 1903 रन सीमित ओवरों के प्रारूप में आए थे। यह किसी भी कैलेंडर वर्ष में किसी बल्लेबाज़ द्वारा सीमित ओवर क्रिकेट में बनाया गया सबसे बड़ा आंकड़ा है। हेडन और मांधना के बीच वनडे और T20I में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में सात में से छह स्थान भारतीय पुरुष खिलाड़ियों के नाम हैं।
यह दूसरा मौक़ा था जब मांधना ने किसी एक साल में वनडे और T20I प्रारूप को मिलाकर 1500 से ज़्यादा रन बनाए। इससे पहले 2024 में उन्होंने 1501 रन बनाए थे। सीमित ओवरों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी और महिला खिलाड़ी ने किसी एक साल में 1400 रन का आंकड़ा भी नहीं छुआ है।
वनडे और T20I को मिलाकर एक से ज़्यादा कैलेंडर वर्षों में 1500 से ज़्यादा रन सिर्फ़ चार पुरुष खिलाड़ियों ने बनाए हैं। यह चारों भारतीय हैं। रोहित शर्मा ने यह कारनामा तीन बार किया है, जबकि सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और विराट कोहली ने इसे दो-दो बार अंजाम दिया है।