WPL में आंकड़ों की कहानी - पावरप्ले में DC का वर्चस्व, डेथ ओवरों में स्पिनर्स हावी

नंबर के माध्यम से WPL की पांचों टीमों के मजबूत और कमज़ोर पक्ष पर एक नज़र

WPL में छक्के लगाने के मामले में शिनेल हेनरी का रिकॉर्ड अनोखा है © BCCI

T20 क्रिकेट के पावरप्ले में एक बढ़िया स्कोर क्या होता है? आख़िरी के ओवरों में सबसे बढ़िया इकॉनमी रेट किसका है? कौन सी बल्लेबाज़ सबसे ज़्यादा बार छक्के लगाती हैं? अगर बात पुरुष क्रिकेट की हो तो एक सामान्य फ़ैन भी इन सवालों का जवाब दे देगा। लेकिन बात जब महिला क्रिकेट की हो तो अक्सर लोग अटक जाते हैं।

WPL 2026 शुरू होने वाला है और ऐसे में आइए देखते हैं कि किन खिलाड़ियों ने किस भूमिका में टूर्नामेंट में बढ़िया प्रदर्शन किया है और किस टीम के पास क्या फ़ायदा है?

कैपिटल्स का पावरप्ले में वर्चस्व

WPL के तीन सीज़न में अभी तक पावरप्ले का औसत रन रेट 7.44 का रहा है, जिसका मतलब 6 ओवर में लगभग 45 रन। पांच में से चार टीमों के लिए ये पारी का सबसे धीमा फेज़ होता है। इसमें अपवाद सिर्फ़ दिल्ली कैपिटल्स है, जिनका रन रेट 8.53 का रहा है और उन्होंने सबसे कम विकेट (26) भी गंवाए हैं।

DC के इस सफलता का श्रेय शेफ़ाली वर्मा और मेग लानिंग को जाता है, जिन्होंने पिछले सीज़न तक ओपनिंग की थी। WPL में एक ओपनर का औसत 27.23 का रहा है और पावरप्ले में स्ट्राइक रेट 122.19 का है। जिन खिलाड़ियों ने कम से कम पांच बार ओपनिंग की है, उसमें शेफ़ाली ने इन दोनों आंकड़ों को पार करते हुए 44.07 की औसत और 157.85 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

पिछले दो सीज़न में लानिंग ने भी अहम योगदान दिए थे। DC ने इस सीज़न से पहले उन्हें रिलीज़ कर दिया और उनकी जगह लॉरा वुलफ़ार्ट एवं लिज़ेल ली को शामिल किया है। वुलफ़ार्ट के खेलने का स्टाइल लगभग लानिंग की तरह है, वहीं ली शेफ़ाली की तरह ख़तरनाक साबित हो सकती हैं।

ली ने अभी तक WPL में एक भी मैच नहीं खेला है लेकिन पिछले तीन WBBL सीज़न में उन्होंने 38.37 के औसत और 151.84 के स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाए हैं। उनके रहने से DC और ज़्यादा ख़तरनाक टीम हो सकती है।

शेफ़ाली ने WPL में सबसे ज़्यादा 49 छक्के लगाए हैं, लेकिन बात अगर लगातार छक्के लगाने की हो तो इस मामले में शिनेल हेनरी ने उनको पीछे छोड़ा है। दूसरी टीमों के लिए दुःख की बात ये है कि हेनरी भी दिल्ली कैपिटल्स में ही हैं।

हेनरी ने अपना WPL करियर पिछले सीज़न शुरू किया था और यूपी वॉरियर्ज़ की तरफ़ से खेलते हुए उन्होंने हर 5.5 गेंदों पर एक छक्का लगाया है। इस मामले में जिन्होंने कम से कम 10 छक्के लगाए हैं उसमें शेफ़ाली दूसरे स्थान पर हैं (10.7)। वहीं पिछले तीन WBBL सीज़न में ली ने सबसे ज़्यादा 47 छक्के लगाए हैं और औसतन हर 15.6 गेंदों में उनके नाम एक छक्का है।

मूनी और गार्डनर को साथ की ज़रूरत

गुजरात जायंट्स की बेथ मूनी WPL की सबसे शानदार बल्लेबाज़ों में शुमार हैं और उनका स्ट्राइक रेट 133.84 का रहा है। लेकिन इस आंकड़े में अगर आप आगे बढ़ेंगे तो कहानी एकदम अलग है। मूनी का पावरप्ले में स्ट्राइक रेट 104.41, बीच के ओवरों में 159.23 और आख़िरी के ओवरों में 203.44 का रहा है।

बेथ मूनी का पावरप्ले स्ट्राइक रेट GG के लिए चिंता का विषय © BCCI

ज़्यादातर टॉप बल्लेबाज़ों का यही आंकड़ा रहा है लेकिन मूनी की शुरुआत कुछ ज़्यादा ही धीमी रही है। शुरुआत में मूनी को बढ़िया साथ नहीं मिलने के कारण जायंट्स को नुकसान हुआ है। पावरप्ले में सबसे कम रन रेट (6.61) उनका ही रहा है और सबसे ज़्यादा विकेट (51) भी उन्होंने ही गंवाए हैं। इस सीज़न उन्होंने सोफ़ी डिवाइन को टीम में शामिल किया है जिनका पावरप्ले स्ट्राइक रेट ओपनर के तौर पर WPL में 137.83 का रहा है।

जायंट्स की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होती, आख़िरी के ओवरों में WPLटीमों ने 9.66 के रन रेट से रन बनाए हैं लेकिन GG ने 8.91 के रन रेट से रन बनाए। ये तब है जब इस फेज़ में उनकी कप्तान एश्ली गार्डनर ने 207.01 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। जॉर्जिया वेयरहम के होने के बावजूद इस बार GG का निचला क्रम कमज़ोर लग रहा है।

आख़िरी के ओवरों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम सबसे बढ़िया है। ऋचा घोष के कारण उन्होंने इस फेज़ में 10.19 के रन रेट से रन बनाए हैं। इस बार उन्होंने नदीन डी क्लर्क को भी शामिल किया है। डी क्लर्क ने अभी तक सिर्फ़ एक ही WPL मैच खेला है और T20I में उनका स्ट्राइक रेट 106.89 का रहा है लेकिन पिछले कुछ समय में उन्होंने अपने खेल को सुधारा है और हालिया WBBL में उनका स्ट्राइक रेट 147.66 का था।

WPL में जिन बल्लेबाज़ों के नाम आख़िरी के ओवरों में कम से कम 50 रन हैं, उसमें ग्रेस हैरिस का स्ट्राइक रेट (285.18) सबसे शानदार रहा है। इस बार वह भी RCB के साथ ही हैं। लेकिन एलिस पेरी के नहीं होने से ऐसी उम्मीद है कि हैरिस टॉप ऑर्डर में ही बल्लेबाज़ी करेंगे।

काप का दिल्ली कैपिटल्स की सफलता में अहम योगदान रहा है © BCCI

काप का क्लास

DC की मरीज़ान काप गेंदबाज़ों के लिए एक अलग ही उदाहरण हैं। उन्होंने पावरप्ले में 5.62 की इकॉनमी और बीच के ओवरों में 5.51 की इकॉनमी रेट से गेंदबाज़ी की है। काप के नाम पावरप्ले में सबसे ज़्यादा 21 विकेट भी हैं। हालांकि टीम में शिखा पांडे और एनाबेल सदरलैंड के नहीं होने से उनके ऊपर अतिरिक्त ज़िम्मेदारी रहेगी।

UPW की सोफ़ी एकल्सटन ने पावरप्ले में सिर्फ़ चार विकेट लिए हैं लेकिन इस दौरान उनका 5.18 का इकॉनमी रेट सर्वश्रेष्ठ है। GG की काश्वी गौतम और हेनरी के नाम भी पावरप्ले में 6 से कम की इकॉनमी है।

आख़िरी ओवरों में स्पिनर्स

पुरुष T20 क्रिकेट में आख़िरी के ओवरों में स्पिनर नहीं दिखते हैं। IPL 2025 में आख़िरी के ओवरों में तेज़ गेंदबाज़ों ने 81.3% ओवर डाले और स्पिनरों ने सिर्फ़ 18.7% ओवर ही डाले। लेकिन WPL में तेज़ गेंदबाज़ों के 39% की तुलना में स्पिनरों ने आख़िर में 61% ओवर डाले।

इतना ही नहीं, इस फेज़ में स्पिनरों का इकॉनमी रेट (9.11) भी तेज़ गेंदबाज़ों (10.51) से बेहतर रहा है। आख़िरी के ओवरों में सबसे बढ़िया इकॉनमी रेट वाली टॉप 10 गेंदबाज़ों में आठ स्पिनर शामिल हैं। पावरप्ले और बीच के ओवरों में बढ़िया इकॉनमी वाली काप के नाम भी आख़िरी के ओवरों में 11.20 का इकॉनमी रेट है।

2026 के सीज़न का हिस्सा नहीं रहने वाली सोफ़ी मोलिन्यू के नाम इस फेज़ में 7.20 की सबसे बढ़िया इकॉनमी है। मुंबई इंडियंस की साइका इशाक़ और RCB की श्रेयांका पाटिल ने भी आठ से कम की इकॉनमी के साथ गेंदबाज़ी की है। इसके अलावा टॉप 6 में MI की दो और गेंदबाज़ हैं - हेली मैथ्यूज़ और नैटली सिवर-ब्रंट, जिसकी वज़ह से मुंबई की आख़िरी ओवर की गेंदबाज़ी काफ़ी ख़तरनाक रहती है। MI की इकॉनमी 8.68, दूसरे स्थान पर 9.23 की इकॉनमी के साथ RCB की टीम है। GG की टीम 11.39 के साथ सबसे महंगी रही है।

दीप्ति शर्मा उन कुछ स्पिनरों में हैं, जिनका आख़िरी के ओवरों में रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने 27.2 ओवर में 11.04 की इकॉनमी से रन दिए हैं। UPW की टीम उन्हें पावरप्ले और बीच के ओवरों में इस्तेमाल कर सकती हैं जहां उनका इकॉनमी 6.81 और 7.26 का रहा है।

हेमंत बराड़ ESPNcricinfo में सब एडिटर हैं

Comments