नवीन-उल-हक T20 वर्ल्ड कप से बाहर; राशिद ख़ान ने राष्ट्रीय ड्यूटी के लिए छोड़ी SA20 

ESPNcricinfo स्टाफ़

Naveen-ul-Haq ने दिसंबर 2024 में आख़िरी बार Afghanistan के लिए खेला था © ICC via Getty Images

अफ़ग़ानिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ नवीन उल हक़ वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ आगामी तीन मैचों की T20I सीरीज़ और अगले महीने शुरू हो रहे T20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं। ESPNcricinfo को पता चला है कि इस महीने के अंत में उनकी सर्जरी होगी। अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अब तक उनके विकल्प की घोषणा नहीं की है, लेकिन उनकी टीम में मिस्ट्री स्पिनर एएम गज़नफ़र, बल्लेबाज़ इजाज़ अहमदज़ई और तेज़ गेंदबाज़ जिया उर रहमान रिजर्व के रूप में हैं।

नवीन की चोट किस तरह की है इस बारे में अधिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन दिसंबर 2024 में आख़िरी बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेले इस खिलाड़ी को एक और झटका लगा है। इसके बाद से उन्होंने 2025 में SA20 और मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में हिस्सा लिया है। हालांकि, कंधे की चोट के कारण वह एशिया कप 2025 से बाहर थे। पिछले साल ILT20 के साथ उन्होंने वापसी की थी और MI एमिरेट्स (MIE) के लिए खेले थे। 

नेशनल ड्यूटी के लिए राशिद ने छोड़ा MICT का साथ

राशिद ख़ान ने वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ अफ़ग़ानिस्तान की कप्तानी करने के लिए SA20 2026 में MI केपटाउन का साथ छोड़ दिया है। कायरन पोलार्ड बचे हुए पूरे सीज़न में उनकी जगह लेंगे। डिफेंडिंग चैंपियन MICT फिलहाल अंक तालिका में सबसे नीचे हैं क्योंकि आठ मैचों में उन्हें पांच हार और केवल दो ही जीत मिली है। मुज़ीब उर रहमान ने भी पार्ल रॉयल्स का साथ छोड़ दिया है।

पोलार्ड ने हाल ही में MIE को अपनी कप्तानी में ILT20 में उपविजेता बनाया था। उन्होंने SA20 2024 में MICT की कप्तानी की थी जहां वे आख़िरी स्थान पर रहे थे। ILT20 में पोलार्ड ने 141.50 की स्ट्राइक रेट के साथ 225 रन बनाए जिसमें 15 छक्के शामिल रहे जो प्रतियोगिता में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे ज़्यादा थे।

इस बात की उम्मीद नहीं है कि पोलार्ड MICT की कप्तानी करेंगे और शुक्रवार को टीम राशिद के विकल्प की घोषणा करने वाली है। रासी वान दर दुसें और रायन रिकलटन कप्तानी के लिए सबसे आगे हैं। रिकलटन ने अब तक 167.01 की स्ट्राइक रेट के साथ सबसे ज़्यादा 324 रन बनाए हैं। इस सीज़न वह अब तक दो शतक लगा चुके हैं। राशिद MICT के सबसे किफ़ायती (7.92) गेंदबाज़ थे और उन्होंने छह विकेट भी लिए।

Comments