WPL 2026: GG, MI और DC में कोई दो प्ले ऑफ़ में पहुंच सकती हैं

UPW की राह बहुत मुश्किल, दोनों मैचों में जीत से भी नहीं बनेगी बात

GG और MI अपने आख़िरी ग्रुप मैच में आमने-सामने होंगी © BCCI

WPL 2026 के लीग चरण में अब सिर्फ़ तीन मैच बचे हैं, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ही एकमात्र टीम है जिसने प्लेऑफ़ में अपनी जगह पक्की कर ली है। बाकी चार टीमें अभी भी बचे हुए दो प्लेऑफ़ स्थानों के लिए दावेदारी में हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - अंक 10, NRR 0.947

बाक़ी मैच: UPW (29 जनवरी)

लगातार पांच जीत के बाद लगातार दो हार झेलने के बावजूद RCB अंक तालिका में शीर्ष पर मज़बूत स्थिति में है। सोमवार को मुंबई इंडियंस (MI) के ख़िलाफ़ ऋचा घोष की 90 रन की पारी के कारण RCB को सिर्फ़ 15 रन से हार मिली।

गुजरात जायंट्स (GG), जो 10 अंकों तक पहुंचने वाली एकमात्र दूसरी टीम हो सकती है, नेट रन रेट में RCB से क़रीब 160 रन पीछे है। UP वॉरियर्ज़ (UPW) के ख़िलाफ़ RCB की रिकॉर्ड अंतर से हार या MI के ख़िलाफ़ GG की ऐसी ही बड़ी जीत ही RCB को दूसरे स्थान पर धकेल सकती है और उन्हें एलिमिनेटर खेलने पर मजबूर कर सकती है।

गुजरात जायंट्स - अंक 8, NRR -0.271

बाक़ी मैच: MI (30 जनवरी)

GG आठ अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, लेकिन उनका प्लेऑफ़ में पहुंचना अभी तय नहीं है। MI के ख़िलाफ़ उनका आख़िरी मैच उन्हें बाहर भी कर सकता है और साथ ही शीर्ष पर पहुंचने का मौका भी दे सकता है।

किसी भी अंतर से जीत GG को प्लेऑफ़ में पहुंचा देगी, लेकिन रिकॉर्ड अंतर से जीत उन्हें पहली बार WPL फ़ाइनल खेलने का मौका दिला सकती है, बशर्ते RCB, UPW से हार जाए।

हालांकि, MI के ख़िलाफ़ मामूली हार भी शुक्रवार को ही GG के अभियान का अंत कर सकती है, अगर तब तक UPW, RCB को ठीक-ठाक अंतर से हरा दे। अगर DC बाद में UPW को हरा देता है या UPW दो दमदार जीत के साथ आठ अंक तक पहुंच जाता है, तो GG चौथे स्थान पर ख़त्म करेगा। GG नेट रन रेट में UPW से क़रीब 55 रन आगे है, लेकिन DC से सिर्फ़ 15 रन पीछे।

मुंबई इंडियंस - अंक 6, NRR 0.146

बाक़ी मैच: GG (30 जनवरी)

WPL की दो बार की चैंपियन MI को अपने प्लेऑफ़ क्वालिफ़िकेशन को लेकर ज़्यादा चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। GG के ख़िलाफ़ आख़िरी मैच में दो अंक हासिल करते ही MI एलिमिनेटर खेलेगी। WPL में GG के ख़िलाफ़ MI का रिकॉर्ड 8-0 का है।

अगर MI शुक्रवार को GG को हराता है, तो वह उनसे ऊपर फ़िनिश करेगा, क्योंकि उनका रन रेट पहले से बेहतर है। DC या UPW में से सिर्फ़ एक ही आठ अंकों तक पहुंच सकता है। और अगर उनमें से कोई नेट रन रेट के मामले में MI से आगे निकल जाता है, तो आठ अंकों पर ख़त्म करने वाली टीम दूसरे स्थान पर रहेगी। ऐसे में GG शीर्ष तीन से बाहर हो जाएगी और MI तीसरे स्थान पर रहेगी।

MI शुक्रवार को GG से हारना अफ़ोर्ड भी कर सकता है, लेकिन सिर्फ़ तब, जब RCB गुरुवार को UPW को हरा दे। इसके बाद MI चाहेगा कि रविवार को UPW, DC को हराए, लेकिन बहुत बड़े अंतर से नहीं। MI इस समय नेट रन रेट में UPW से 110 से ज़्यादा रन से आगे है, जो इस स्थिति में डिफ़ेंडिंग चैंपियन को काफ़ी कुशन देता है।

दिल्ली कैपिटल्स - अंक 6, NRR -0.164

बाक़ी मैच: UPW (1 फ़रवरी)

DC के लिए रविवार को UPW के ख़िलाफ़ मैच लगभग नॉकआउट जैसा होगा। उस मुक़ाबले में जीत उन्हें प्लेऑफ़ में पहुँचा देगी, जीत का अंतर चाहे जो भी हो, क्योंकि उनका नेट रन रेट पहले से ही आठ अंकों पर मौजूद GG से बेहतर है।

हालांकि, हार से भी उनका अभियान ख़त्म नहीं होगा, लेकिन सिर्फ़ तब, जब RCB, UPW को हरा दे और MI, GG से बड़े अंतर से हार जाए।

ऐसी स्थिति में DC, MI और UPW तीनों छह अंकों पर होंगे। तब इन तीनों में सबसे बेहतर नेट रन रेट वाली टीम आगे जाएगी। DC नेट रन रेट में UPW से क़रीब 70 रन आगे लेकिन MI से 40 से ज़्यादा रन पीछे है।

UP वॉरियरज़ - अंक 4, NRR -0.769

बाक़ी मैच: RCB (29 जनवरी) और DC (1 फ़रवरी)

UPW इस समय अंक तालिका में सबसे नीचे है और सभी टीमों में उसका नेट रन रेट सबसे ख़राब है। क्वालिफ़िकेशन की उनकी संभावनाओं में यह अहम भूमिका निभाएगा, क्योंकि दावेदारी में शामिल दो या उससे ज़्यादा टीमें बराबर अंकों पर ख़त्म कर सकती हैं।

UPW को अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे। फिर भी, उनके लिए क्वालिफ़ाई करना आसान नहीं होगा, क्योंकि नेट रन रेट में वे GG से क़रीब 55 रन पीछे हैं। फिर उन्हें उम्मीद करनी होगी कि GG शुक्रवार को MI को हरा दे।

UPW के पास छह अंकों के साथ क्वालिफ़ाई करने का भी एक बाहरी मौक़ा है, लेकिन सिर्फ़ तब, जब उनकी तीसरी जीत DC के ख़िलाफ़ हो। अगर UPW गुरुवार को RCB से हार जाता है, तो उन्हें उम्मीद करनी होगी कि GG शुक्रवार को MI को हराए। इसके बाद उन्हें DC के ख़िलाफ़ बहुत बड़े अंतर से जीत की ज़रूरत होगी, क्योंकि वे नेट रन रेट में MI से 110 से ज़्यादा रन पीछे हैं।

संपत बंडारूपल्ली ESPNcricinfo में स्टैस्टिशियन हैं

Comments