थाइलैंड को हराकर आयरलैंड ने किया 2026 महिला T20 विश्व कप के लिए क्वालिफ़ाई
आयरलैंड ने 2026 महिला T20 विश्व कप में जगह बना ली है। नेपाल में आयोजित क्वालिफ़ायर के ज़रिए वह ऐसा करने वाली तीसरी टीम बनी है। वे जून-जुलाई में इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के साथ शामिल हो चुकी हैं। क्वालिफ़ाइंग प्रतियोगिता का आख़िरी मैच खेल रहे स्कॉटलैंड और USA में से कोई एक टीम विश्व कप में उनके साथ जुड़ेगी, जिससे 12 टीमों की सूची पूरी हो जाएगी।
क्वालिफ़ायर के आख़िरी दिन थाइलैंड के ख़िलाफ़ खेलते हुए, आयरलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी की और 8 विकेट के नुक़सान पर 121 रन बनाए। यह कोई बहुत बड़ा स्कोर नहीं था, लेकिन थाइलैंड इस टूर्नामेंट में इससे पहले सिर्फ़ दो बार ही इस आंकड़े को पार कर पाया था। रविवार को ऐसा तीसरी बार नहीं होने वाला था। बल्लेबाज़ी के लिहाज़ से थाइलैंड का यह टूर्नामेंट में सबसे ख़राब दिन रहा। पूरी टीम 16.1 ओवर में महज़ 59 रन पर ढेर हो गई और आयरलैंड को 62 रनों से जीत मिल गई।
गैबी लुईस के टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी चुनने के बाद, आयरलैंड की शुरुआती तीन बल्लेबाज़ों - एमी हंटर (15 गेंदों में 24), लुईस (30 में 25), और ओर्ला प्रींडरगास्ट (22 में 24) सभी को अच्छी शुरुआत मिली। 10वें ओवर के अंत तक आयरलैंड 71 रन के मज़बूत स्कोर पर था, लेकिन 12वें ओवर तक ये तीनों अनुभवी बल्लेबाज़ आउट हो चुकी थीं। इसके बाद आयरलैंड की केवल दो अन्य बल्लेबाज़ ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच पाईं। लुईस लिटिल, ने नंबर 7 पर आकर 18 गेंदों में 14 और जेन मैग्वायर ने नंबर 9 पर आकर 12 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाए।
थाइलैंड की ओर से लेग स्पिनर सुलीपॉर्न लाओमी ने 24 रन देकर चार विकेट चटकाए।
121 रन का लक्ष्य थाइलैंड की पहुंच से बहुत दूर साबित हुआ। उनकी पारी में ज़्यादातर बल्लेबाज़ एक अंक के स्कोर पर ही आउट हो गईं। केवल विकेटकीपर-बल्लेबाज़ नन्नापत कोनचारोएनकाई और कप्तान नरुएमोल चायवाई ही कुछ टिक सकीं, जिन्होंने क्रमशः 15 और 22 रन बनाए और तीसरे विकेट के लिए 26 रन जोड़े। उनके आने से पहले और आउट होने के बाद, बाक़ी बल्लेबाज़ों का योगदान न के बराबर रहा।
अर्लीन केली ने अपनी मीडियम पेस गेंदबाज़ी से चार ओवरों में सात रन देकर चार विकेट झटके, जबकि ऑफ़ स्पिनर लारा मैकब्राइड ने छह रन देकर तीन विकेट लिए और अपने चौथे ओवर में मैच ख़त्म कर दिया।