कमिंस: "मामूली चोट" ने ख़त्म की T20 विश्व कप की उम्मीदें, IPL खेलने का है लक्ष्य

AAP

पैट कमिंस सेल्फ़ी के लिए पोज़ देते हुए © Getty Images

पैट कमिंस ने स्वीकार किया है कि ऑस्ट्रेलिया के 2027 के बड़े लक्ष्य को ध्यान में रखकर पूरी तरह फ़िट रहने की सोच ही उनके T20 विश्व कप से हटने की एक बड़ी वजह रही। टेस्ट और वनडे कप्तान कमिंस की जगह श्रीलंका और भारत में होने जा रहे आगामी टूर्नामेंट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में बेन ड्वारश्विस को शामिल किया गया है।

पिछले साल जुलाई में कैरेबियाई दौरे के बाद से कमिंस पीठ की चोट से जूझ रहे हैं। इस दौरान उनका इकलौता मुकाबला ऐशेज़ तय करने वाली एडिलेड टेस्ट जीत रहा है। जब सिर्फ़ 11 दिनों में ऐशेज़ बरकरार रख ली गई, तो कमिंस और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट प्रबंधन ने T20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए तय किया कि वह घरेलू सीज़न के आख़िरी दो टेस्ट नहीं खेलेंगे।

लेकिन एक "मामूली चोट" लगने के बाद इस स्टार तेज़ गेंदबाज़ ने अपनी लंबी अवधि की सेहत को दांव पर नहीं लगाने का फ़ैसला किया। ख़ास तौर पर इसलिए क्योंकि करियर के शुरुआती दौर में वह कई साल तक पीठ की समस्याओं से परेशान रहे थे। कमिंस ने AAP से कहा, "यह वाक़ई दुर्भाग्यपूर्ण था।"

अमेज़न प्राइम वीडियो के एम्बेसडर कमिंस ने आगे कहा, "मैं काफ़ी ठीक महसूस कर रहा हूं। बस एक छोटा सा झटका लगा और समय ही कम पड़ गया। मैं कुछ हफ़्तों तक आराम करूंगा और फिर आगे की योजना बनाएंगे। हमें [एडिलेड] टेस्ट के बाद ही पता था कि हड्डी को पूरी तरह शांत होने देने के लिए चार से आठ हफ़्तों का समय लगेगा, उसके बाद ही दोबारा लोड बढ़ाया जा सकेगा।"

"शुरुआत में हमें लगा था कि चार हफ़्ते काफ़ी होंगे, क्योंकि मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा था। लेकिन फॉलो अप स्कैन के बाद लगा कि इसे शायद और दो हफ़्तों की ज़रूरत है। इस तरह समय सीमा बहुत तंग हो गई।"

अगस्त से शुरू होने वाला ऑस्ट्रेलिया का शेड्यूल काफ़ी असाधारण है। इस दौरान वह डार्विन और मैके में बांग्लादेश की मेज़बानी करेंगे। बांग्लादेश के खिलाफ़ टेस्ट सीरीज़ के बाद ऑस्ट्रेलिया सितंबर में साउथ अफ़्रीका का टेस्ट दौरा करेगा, जो 2018 की बदनाम "सैंडपेपरगेट" सीरीज़ के बाद उनका पहला दौरा होगा। इसके बाद टीम न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ चार घरेलू टेस्ट खेलेगी और फिर 2027 का बड़ा हिस्सा लगातार दौरों में गुज़रेगा।

अगले साल भारत का पांच टेस्ट का दौरा, MCG में इंग्लैंड के खिलाफ़ 150वीं वर्षगांठ का पिंक बॉल टेस्ट, विदेशी ऐशेज़, वनडे विश्व कप और लॉर्ड्स में संभावित विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल शामिल हैं।

32 साल के कमिंस ने कहा, "हमें लगा कि आगे आने वाले क्रिकेट को देखते हुए साल का पहला हिस्सा थोड़ा सतर्क रहने के लिए सही समय है। हम इसे पूरी तरह ठीक करेंगे, ताकि आगे जाकर आपको इसकी चिंता न करनी पड़े और आप सारे टेस्ट मैच खेल सकें। क्योंकि अगर अभी सावधानी नहीं बरती और यह फिर उभर आया, तो आप लगातार उसी के पीछे भागते रहेंगे।"

इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइज़र्स हैदराबाद के कप्तान कमिंस को उम्मीद है कि 26 मार्च से शुरू होने वाले इस आकर्षक टूर्नामेंट में वह अपनी फ़्रैंचाइज़ी की अगुआई कर पाएंगे।

उन्होंने कहा, "सब कुछ मेरी पीठ की हालत पर निर्भर करेगा। कुछ हफ़्तों में एक और स्कैन होगा और अगर सब ठीक रहा, तो धीरे धीरे तैयारी शुरू करेंगे। T20 मैचों के लिए ख़ुद को तैयार करना [टेस्ट के मुक़ाबले] थोड़ा आसान होता है। यही वजह है कि मैं इस विश्व कप के लिए काफ़ी क़रीब तक पहुंच गया था।"

हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ़ T20I सीरीज़ में ऑस्ट्रेलिया की 3-0 से हार हुई थी, जिससे विश्व कप में उनके प्रदर्शन को लेकर सवाल उठे हैं। टीम इस टूर्नामेंट में कमिंस और मिचेल स्टार्क के बिना उतरेगी, जिन्होंने T20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है। जॉश हेज़लवुड भी टूर्नामेंट के शुरुआती हिस्से में शायद नहीं खेल पाएंगे।

Comments