क्या इस बार फ़ाइनल में हार का सिलसिला तोड़ पाएगी DC?
बड़ी तस्वीर: क्या इस बार हार का सिलसिला तोड़ पाएगी DC?
WPL 2026 का फ़ाइनल गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। एक तरफ़ DC लगातार चौथी बार फ़ाइनल में पहुंची है तो वहीं RCB की नज़रें अपने दूसरे ख़िताब पर हैं। हालांकि DC को अब तक एक भी बार WPL की ट्रॉफ़ी नसीब नहीं हुई है बावजूद इसके कि उन्होंने हर बार फ़ाइनल खेला है।
2024 की ख़िताबी भिड़ंत में RCB ने ही उन्हें हराया था जबकि पहले और तीसरे सीज़न में DC को मुंबई इंडियंस (MI) के हाथों हार झेलनी पड़ी। हालांकि इस बार DC की अगुवाई नए कप्तान जेमिमाह रॉड्रिग्स के हाथों में है, ऐसे में क्या DC इस बार अपने इस हार के सिलसिले को तोड़ पाएगी?
हालिया प्रदर्शन
RCB इस सीज़न अपने पहले पांच मुक़ाबले जीत दर्ज कर प्लेऑफ़ में प्रवेश किया था। हालांकि इसके बाद उन्हें अगले दोनों मुक़ाबलों में हार झेलनी पड़ी। इसके बाद RCB ने अपना अंतिम लीग मुक़ाबला जीत कर सीधे फ़ाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
DC के लिए इस सीज़न की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी लेकिन उन्होंने टूर्नामेंट में बाद में वापसी की और अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रहते हुए एलिमिनेटर में प्रवेश किया, जहां उन्होंने गुजरात जायंट्स (GG) को हराते हुए फ़ाइनल में जगह सुनिश्चित की। एलिमिनेटर में DC ने उस टीम को हराया जिसके ख़िलाफ़ लीग स्टेज में उन्हें दोनों मुक़ाबलों में हार झेलनी पड़ी थी।
मांधना और ली पर रहेंगी नज़रें
स्मृति मांधना के पास पहले ही एक WPL ख़िताब है और एक और ख़िताबी जीत इस साल T20 विश्व कप के बाद भारतीय टीम के नेतृत्व में होने वाले संभावित बदलाव का उन्हें स्वाभाविक विकल्प बना देगी। इस सीज़न मांधना ने अब तक आठ पारियों में 48.33 की औसत और 141.46 के स्ट्राइक रेट से 290 रन बनाए हैं। इसमें दो अर्धशतक के साथ 96 रनों की उनकी पारी भी शामिल है। वह ऑरेंज कैप तालिका में इस समय तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। फ़ाइनल में RCB को अपने कप्तान से बड़े प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
मांधना जैसी ही भूमिका DC के लिए लिज़ेल ली ने निभाई है जो अब तक आठ पारियों में 31.44 की औसत और 141.50 के स्ट्राइक रेट से 283 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान दो अर्धशतक लगाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 86 रहा है। एलिमिनेटर की तरह ही अगर वह शेफ़ाली वर्मा के साथ अपनी टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाती हैं तो RCB के लिए मुश्किल हो सकती है। हालांकि RCB के पास लॉरेन बेल का विकल्प है जिन्होंने इस सीज़न में अब तक सर्वाधिक 116 डॉट गेंदें डाली हैं।
अहम तथ्य और आंकड़े
- तीन मुक़ाबलों में ली और शेफ़ाली ने अर्धशतकीय साझेदारी की है और तीनों में DC को जीत हासिल हुई है
- DC ने इस सीज़न सभी पांच मुक़ाबले लक्ष्य का पीछा करते हुए जीते हैं
- नंदनी शर्मा (16) इस सीज़न सर्वाधिक विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज़ हैं
इस मैच से संबंधित टीम न्यूज़, पिच रिपोर्ट और संभावित एकादश आप यहां पढ़ सकते हैं।