जॉर्ज के शतक से रिकॉर्ड चेज़ कर अंडर-19 विश्व कप के फ़ाइनल में भारत

ESPNcricinfo स्टाफ़

भारत 311 पर 3 (ऐरन जॉर्ज 115, सूर्यवंशी 68, म्हात्रे 62 और ओमरज़ाई 64 रन देकर दो विकेट) ने अफ़ग़ानिस्तान 310 (शिनोज़ादा 110, नियाज़ाई 110 और चौहान 55 रन देकर दो विकेट) को सात विकेट से हराया

पुरुष अंडर-19 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफ़ाइनल में ऐरन जॉर्ज के शतक के साथ वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को हराते हुए फ़ाइनल में जगह सुनिश्चित कर ली। अब 6 फ़रवरी को भारत इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खिताबी मुक़ाबला खेलेगा।

अफ़ग़ानिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी चुनते हुए एक मज़बूत शुरुआत की थी। सलामी जोड़ी ने टीम के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की थी जिसे दीपेश देवेंद्रन ने तोड़ा था। ख़ालिद अहमज़ाई के आउट होने के बाद उस्मान सादत और फ़ैसल शिनोज़ादा के बीच 64 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि कनिष्क चौहान ने दूसरे सलामी बल्लेबाज़ सादत को कैच आउट कराया लेकिन इसके बाद शिनोज़ादा और उज़ैरुल्लाह नियाज़ाई अफ़ग़ानिस्तान को और बेहतर स्थिति में ले गए।

दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि शिनोज़ादा शतक बनाने के बाद आउट हो गए लेकिन नियाज़ाई अंत तक नाबाद रहे और उन्होंने भी शतक जड़ा। भारत को 311 का लक्ष्य मिला था जिसे आज तक अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में हासिल नहीं किया गया था।

जॉर्ज (20) और सूर्यवंशी (22) दोनों को शुरुआत में जीवनदान मिला और उन्होंने जीवनदान को भरपूर भुनाया भी। पहले विकेट के लिए सूर्यवंशी और जॉर्ज ने मिलकर 57 गेंदों पर 90 रन जोड़ डाले। इसके बाद जॉर्ज और आयुष म्हात्रे के बीच शतकीय साझेदारी हुई और भारत एक मज़बूत स्थिति में पहुंच गया। हालांकि कप्तान म्हात्रे 62 के निजी स्कोर पर आउट हुए लेकिन भारत तब तक 26.2 ओवर में 204 के स्कोर पर पहुंच चुका था।

यहां से जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने मैच पर भारत की पकड़ को कमज़ोर नहीं होने दिया और 115 के निजी स्कोर पर जब जॉर्ज आउट हुए तब भारत लक्ष्य से मात्र 11 रन ही दूर रह गया था।

Comments