चोट के कारण हर्षित राणा का विश्व कप अभियान हुआ संदिग्ध

Play 02:08
सूर्यकुमार: हमने ओस में काफ़ी मैच खेले हैं और हम उससे निपट लेंगे

भारत के ऑलराउंडर हर्षित राणा का 2026 T20 विश्व कप में हिस्सा लेना संदिग्ध हो गया है।

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के अनुसार वह "ठीक नहीं लग रहे हैं।" राणा को 4 फ़रवरी को नवी मुंबई में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में हल्की चोट लग गई थी।

उस मैच में उन्होंने सिर्फ़ एक ओवर डाला और फिर मैदान छोड़ दिया था। बाद में राणा की जांघ पर स्ट्रैप बंधी हुई देखी गई और सूर्यकुमार ने कहा कि उनकी उपलब्धता को लेकर अंतिम फ़ैसला शाम तक पता चलेगा।

सूर्यकुमार ने भारत के पहले T20 विश्व कप मैच की पूर्व संध्या पर कहा, "उन्हें अभी बाहर नहीं किया गया है। फ़िजियो उनकी जांच कर रहे हैं। लेकिन मुझे लगता है कि आज हमें पता चल जाएगा कि आगे क्या होने वाला है। हालांकि यह ठीक नहीं लग रहा है और यह उचित स्थिति नहीं है।"

राणा ऐसे खिलाड़ी हैं जो इस फ़ॉर्मेट में बल्लेबाज़ी को गहराई दे सकते हैं। हालांकि अगर बाक़ी सभी खिलाड़ी फ़िट रहते हैं तो उनकी अनुपलब्धता बहुत बड़ी चिंता का कारण नहीं हो सकती। ऐसे में अक्षर पटेल के नंबर आठ पर खेलने की उम्मीद है और जसप्रीत बुमराह व अर्शदीप सिंह भारत के दो तेज़ गेंदबाज़ होंगे।

सूर्यकुमार ने हंसते हुए कहा ,"चिंता मत कीजिए, कल के लिए हमारे पास 11 खिलाड़ी हैं। लेकिन यह ज़ाहिर तौर पर एक बड़ा झटका है, क्योंकि आप 15 खिलाड़ियों का दल बहुत सारी संयोजनों को ध्यान में रखकर बनाते हैं। हमने भी उसी सोच के साथ टीम बनाई है।

"अगर वह आगे हमारे लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो हम दूसरे संयोजन तैयार करेंगे, जैसे भी संभव हो। लेकिन हमारे पास पर्याप्त खिलाड़ी और पर्याप्त संयोजन हैं, जिन्हें हम इस टूर्नामेंट में सभी टीमों के ख़िलाफ़ आज़मा सकते हैं। हालांकि निश्चित तौर पर हम उन्हें मिस करेंगे।"

राणा ने हाल ही में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज़ में खेले गए पांच T20I में से तीन मैच खेले थे, जिसे भारत ने 4-1 से जीता था।

घरेलू विश्व कप में 15 खिलाड़ियों के दल की घोषणा करने के दौरान भारत ने कोई भी रिज़र्व खिलाड़ी नहीं चुना था। सूर्यकुमार ने आगे कहा कि अगर राणा बाहर होते हैं, तो वह ऐसे रिप्लेसमेंट की तरफ़ जाएंगे, जो बल्लेबाज़ी भी कर सके। हालांकि यह कोई अनिवार्य शर्त नहीं होगी। बुमराह और अर्शदीप के अलावा भारतीय दल में तेज़ गेंदबाज़ी के अन्य विकल्प ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे हैं।

सूर्यकुमार ने कहा, "हम देखेंगे कि पिछले एक या दो साल में किन तेज़ गेंदबाज़ों ने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है और कौन-सा गेंदबाज़ बल्लेबाज़ी भी कर सकता है। लेकिन यह कोई सख़्त नियम नहीं है कि उसे बल्लेबाज़ी आनी ही चाहिए क्योंकि अगर आप नंबर 9 या 10 पर आने वाले खिलाड़ी से छक्का लगाने की उम्मीद कर रहे हैं, तो फिर आपके शीर्ष आठ बल्लेबाज़ किस काम के हैं। लेकिन हम देखेंगे कि किसे चुना जाए। हमारे पास कुछ विकल्प हैं, लेकिन हम सबसे बेहतर को ही चुनेंगे।"

24 वर्षीय राणा ने नंबर 8 पर एक उपयोगी विकल्प के तौर पर ख़ुद को साबित किया है। हाल ही में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे में उन्होंने 43 गेंदों में 52 रन की पारी खेली थी और 338 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम के लिए विराट कोहली के साथ 99 रन की काउंटर-अटैकिंग साझेदारी की थी।

विशाल दीक्षित ESPNcricinfo में असिस्टेंट एडिटर हैं

Comments