Updated: Feb 13, 2026, 4:34 PM (9 hrs ago)•Published Feb 13, 2026, 10:37 AM
Ned vs USA, T20 World Cup Highlights: मुक्कामल्ला, रांजने और गेंदबाज़ों ने दिलाई USA को जीत
By नवनीत झा93 रनों से जीता USA
USA 196 पर 6 (मुक्कामल्ला 79, रांजने 48* और डे लीड 3-27) ने नीदरलैंड्स 103 (डे लीड 23, एड्वर्ड्स 20 और हरमीत 4-21) को 93 रनों से हराया
साईतेजा मुक्कामल्ला, शुभम रांजने और गेंदबाज़ों की बदौलत USA ने नीदरलैंड्स को 93 रनों से हरा दिया है। 197 के लक्ष्य के जवाब में नीदरलैंड्स की टीम 103 पर ढेर हो गई और हरमीत सिंह ने चार झटके देकर मुक़ाबले में काफ़ी पीछे कर दिया। यह T20 विश्व कप 2026 में USA की पहली जीत भी है।
नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर USA को बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया था और शयान जहांगीर ने USA को आक्रामक शुरुआत दिलाई लेकिन वह ज़्यादा देर तक टिक नहीं पाए। लेकिन इसके बाद एकादश में वापसी कर रहे मुक्कामल्ला ने मोनांक पटेल के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। हालांकि मोनांक अर्धशतक से चूक गए और संजय कृष्णमूर्ति भी एक के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
यहां से USA की पारी को फिर से संवारने की ज़िम्मेदारी थी और मुक्कामल्ला और रांजने ने इसे बखूबी निभाया। मुक्कामल्ला अर्धशतक बनाने के बाद भी नहीं रुके और टीम के स्कोर को 150 के पार ले गए। हालांकि मुक्कामल्ला 79 के निजी स्कोर पर आउट हुए लेकिन रांजने अंत तक टिके रहे और 48 के निजी स्कोर पर नाबाद रहते हुए अपनी टीम को 196 के स्कोर तक ले गए।
नीदरलैंड्स के सामने एक बड़ा लक्ष्य था लेकिन दूसरी पारी में ओस पड़ने के भी आसार थे। हालांकि USA के गेंदबाज़ों ने नीदरलैंड्स को शुरुआती झटके देकर बैकफ़ुट पर धकेल दिया और नीदरलैंड्स को वापसी का मौक़ा ही नहीं दिया। पावरप्ले में ही नीदरलैंड्स ने तीन विकेट गंवा दिए थे और इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई।
USA की गेंदबाज़ी की अगुवाई स्पिनर हरमीत सिंह ने की जिन्होंने चार विकेट हासिल किए, वहीं टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ शैडली वान शाल्कविक ने तीन विकेट हासिल किए और अब उनके खाते में कुल 11 विकेट हैं।
जीत से एक विकेट दूर
10 शाल्कविक ने आर्यन दत्त को बोल्ड करते हुए इस मैच का अपना दूसरा और टूर्नामेंट का 10वें विकेट पूरा कर लिया है। अब USA जीत से मात्र एक विकेट दूर है।
हरमीत को मिली चौथी सफलता
हरमीत ने रोलॉफ़ वैन डर मर्व का भी शिकार कर लिया है और अब नीदरलैंड्स के सात बल्लेबाज़ पवेलियन में हैं।
मुक्कामल्ला का अर्धशतक
नीदरलैंड्स की आधी टीम पवेलियन में
नीदरलैंड्स की परेशानी कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। नीदरलैंड्स की आधी टीम अब पवेलियन में है और दोहरा उछाल नीदरलैंड्स के बल्लेबाज़ों को परेशान कर रहा है। दूसरी पारी में गेंद काफ़ी नीची रह रही है। मोहम्मद मोहसिन ने नीदरलैंड्स को पांचवां झटका दिया।
नीदरलैंड्स को तीसरा झटका
9 शाल्कविक ने टूर्नामेंट में नौवां विकेट हासिल किया है और उन्होंने ऐकरमैन को पवेलियन भेजते हुए नीदरलैंड्स को तीसरा झटका दे दिया है।
शुरुआती झटकों से दबाव में नीदरलैंड्स
नीदरलैंड्स को पावरप्ले में दोहरा झटका लगा है। केनजिगे ने लेविट को बोल्ड किया और उसके बाद पांचवें ओवर की अंतिम गेंद पर हरमीत सिंह ने मैक्स ओ'डाउड को अपना शिकार बनाया।
मोनांक का दिलकश स्ट्रेट ड्राइव
मुक्कामल्ला और रांजने ने USA को 196 तक पहुंचाया
मुक्कामल्ला और शुभम रांजने की मदद से USA ने स्कोरबोर्ड पर 196 रन जोड़ लिए हैं। अब नीदरलैंड्स को जीत के लिए 197 रन बनाने होंगे। USA में आज अली ख़ान की वापसी हुई है इसलिए उनके ऊपर नीदरलैंड्स को शुरुआती झटके देने की ज़िम्मेदारी होगी। हालांकि टॉस के दौरान नीदरलैंड्स के कप्तान एड्वर्ड्स ने कहा था कि बाद में ओस पड़ने की संभावना है, ऐसे में USA के लिए नीदरलैंड्स को रोकना इतना भी आसान नहीं होगा।
मुक्कामल्ला आउट
साईतेजा मुक्कामल्ला 79 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए हैं। USA की पारी धीमी पड़ रही थी और बाउंड्री नहीं आ रही थी। बास ड लीडे ने बड़े शॉट के लिए मजबूर किया और मुक्कामल्ला कॉलिन एकरमैन के हाथों लपके गए।
USA के 150 रन पूरे
USA के 150 रन पूरे हो गए हैं और यह टीम अब बड़े स्कोर की ओर अग्रसर है। तो वहीं साईतेजा मुक्कामल्ला भी शतक के क़रीब हैं।
मुक्कामल्ला और रांजने के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी हुई है
मुक्कामल्ला का अर्धशतक
साईतेजा मुक्कामल्ला ने मात्र 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है। फ़िलहाल USA अच्छी स्थिति में है लेकिन अगर उन्हें बड़ा स्कोर बनाना है तो मुक्कामल्ला को इस अर्धशतक को भुनाना होगा।
USA के 100 रन पूरे, क्लासेन ने दिया झटका
USA के 100 रन पूरे हो गए हैं लेकिन फ़्रेड क्लासेन ने संजय कृष्णमूर्ति के रूप में USA को तीसरा झटका दिया। अब मुक्कामल्ला का साथ देने के लिए शुभम रंजने आए हैं। मुक्कामल्ला अर्धशतक के क़रीब हैं।
अर्धशतकीय साझेदारी के बाद मोनांक आउट
बास ड लीडे ने USA को मोनांक पटेल के रूप में बड़ा झटका दिया है। मोनांक को ड लीडे ने नकल गेंद डाली थी, पहले मोनांक ने गेंद को छोड़ने का मन बनाया लेकिन इसके बाद उन्होंने अपर कट करने का प्रयास और संपर्क नहीं बैठा पाए। इसके चलते मुक्कामला के साथ मोनांक की अर्धशतकीय साझेदारी भी टूट गई।
USA के 50 रन पूरे
शुरुआती झटके के बावजूद USA की रन गति में कमी नहीं आई है और साईतेजा मुक्कमला ने आते ही आक्रमण भी शुरू कर दिया है। पावरप्ले समाप्त होने से पहले ही USA ने स्कोरबोर्ड पर 50 रन जोड़ लिए।
USA को लगा पहला झटका
काइल क्लाइन ने USA को पहला झटका दे दिया और शयन जहांगीर को उन्होंने बोल्ड कर दिया है।
USA की आक्रामक शुरुआत
शयन जहांगीर ने USA को आक्रामक शुरुआत दिलाई है और उन्होंने पहले दो ओवर में दो छक्के जड़ दिए हैं।
1
•
•
6
3
2
6
4lb
•
•
1
•
टॉस: नीदरलैंड्स ने चुनी गेंदबाज़ी
नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी। स्कॉट एड्वर्ड्स ने कहा कि पिच बल्लेबाज़ी के लिए अच्छी है और बाद में ओस आने की संभावना को देखते हुए उन्होंने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है। नीदरलैंड्स की टीम में एक बदलाव है।
मोनांक पटेल ने कहा कि वह भी पहले गेंदबाज़ी करना चाहते थे लेकिन पिच बल्लेबाज़ी के लिए अच्छी है और पिच पर बाउंस भी अच्छी होगी इसलिए उनकी टीम स्कोरबोर्ड पर अच्छा स्कोर खड़ा करने का प्रयास करेगी। USA के एकादश में तीन बदलाव हैं।
नीदरलैंड्स: 1 माइकल लेविट, 2 मैक्स ओ'डाउड, 3 बास ड लीडे, 4 कॉलिन एकरमैन, 5 स्कॉट एड्वर्ड्स( विकेटकीपर और कप्तान), 6 ज़ैक लायन-काचेट, 7 लोगान वान बीक, 8 आर्यन दत्त, 9रोलॉफ़ वैन डर मर्व, 10 काइल क्लाइन, 11 फ़्रेड क्लासन
संयुक्त राज्य अमेरिका: 1 मोनांक पटेल (कप्तान), 2 शयान जहांगीर, 3 साईतेजा मुक्कामल्ला, 4 मिलिंद कुमार, 5संजय कृष्णमूर्ति, 6 शुभम रांजने, 7 हरमीत सिंह, 8 मोहम्मद मोहसिन, 9 शैडली वान शाल्कविक, 10 नॉस्थुश केनजिगे, 11 अली ख़ान
पिच और परिस्थितियां
अफ़ग़ानिस्तान बनाम न्यूज़ीलैंड और न्यूज़ीलैड बनाम UAE का मुक़ाबला क्रमश: सुबह 11 और दोपहर तीन बजे शुरू हुआ था। वहीं यह चेपॉक पर पहला शाम का मुक़ाबला होगा इसलिए गुरुवार को ओस का असर रहने की संभावना है। यह एक पारपंरिक चेपॉक की पिच होगी।
टीम न्यूज़ और संभावित एकादश
अगर कोई खिलाड़ी चोटिल या अस्वस्थ नहीं होता है तो नीदरलैंड्स के एकादश में बदलाव की गुंजाइश कम ही है, हालांकि मैक्स ओ'डाउड अब तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं।
नीदरलैंड्स (संभावित): 1 मैक्स ओ'डाउड, 2 माइकल लेविट, 3 बास डी लीडे, 4 कॉलिन एकरमैन, 5 स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान और विकेटकीपर), 6 ज़ैक लायन-काचैट, 7 लोगान वान बीक, 8 आर्यन दत्त, 9 रोलॉफ़ वैन डर मर्व, 10 टिम वैन डर गुगटेन, 11 फ़्रेड क्लासन
अगर अली ख़ान फ़िट हो जाते हैं तो वह आदिल की जगह एकादश में शामिल हो सकते हैं। ओपनिंग स्लॉट के लिए मुक्कामल्ला और शयान जहांगीर के बीच किसी एक को चुना जा सकता है।
USA (संभावित): 1 एंड्रिएस गौस (विकेटकीपर), 2 शयान जहांगीर/साईतेजा मुक्कामल्ला, 3 मोनांक पटेल (कप्तान), 4 मिलिंद कुमार, 5 संजय कृष्णमूर्ति, 6 शुभम रंजाने, 7 हरमीत सिंह , 8 मोहम्मद मोहसिन, 9 शैडली वान शाल्कविक, 10 सौरभ नेत्रवलकर, 11 अली ख़ान/एहसान आदिल
वैन डर मर्व और सौरभ नेत्रवलकर पर रहेंगी नज़रें
वैन डर मर्व ने पाकिस्तान के ख़िलाफ तीन ओवर में 13 रन देकर एक विकेट निकाला और नामीबिया के ख़िलाफ़ उन्होंने दो ओवर में 22 रन दिए। 41 वर्षीय खिलाड़ी USA की बल्लेबाज़ी लाइन अप के ख़िलाफ़ अहम भूमिका अदा कर सकते हैं।
सौरभ नेत्रवलकर ने मुंबई में भारत के ख़िलाफ़ चार ओवर में 65 रन दिए और उन्हें एक भी विकेट हासिल नहीं हो पाया। जो कि T20 विश्व कप की एक पारी में किसी गेंदबाज़ द्वारा ख़र्च किए गए सर्वाधिक रन भी हैं। बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ बेहतर प्रदर्शन किया और नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ वह अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहेंगे।
USA के लिए जीत ज़रूरी
मुंबई में खेले अपने पहले ग्रुप मुक़ाबले में संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) ने भारत के सामने चुनौती पेश की लेकिन कोलंबो में पाकिस्तान की टीम उनके ऊपर हावी रही। शुक्रवार को नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ लगातार तीसरी हार उन्हें सुपर-8 की दावेदारी से बाहर कर सकती है। इतिहास भी USA के पक्ष में नहीं हैं, पुरुष T20I में नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ तीनों मुक़ाबले में उन्हें हार मिली है।
अभ्यास मैच में USA ने न्यूज़ीलैंड को परेशानी में डाला था लेकिन इसके बाद चोटों ने उनकी टीम को कमज़ोर किया है। तेज़ गेंदबाज़ अली ख़ान ग्रोइन इंजरी से उबर रहे हैं जबकि जसदीप सिंह कंधे की चोट के चलते T20 विश्व कप 2026 से बाहर हो चुके हैं, उनकी जगह पर पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ एहसना आदिल को दल में शामिल किया गया है। आदिल को दूसरे मुक़ाबले में सीधे एकादश में जगह मिली थी लेकिन तीन ओवरों में उन्होंने 39 रन ख़र्च किए थे। यह देखना होगा कि अपना घुटना चोटिल कर बैठे शुभम रांजने इस मुक़ाबले के लिए पूरी तरह फ़िट हो पाते हैं या नहीं।
USA अभी तक अपनी सलामी जोड़ी तय नहीं कर पाया है। साईतेजा मुक्कामल्ला को भारत के ख़िलाफ़ एक असफल पारी खेलने के बाद अगले मुक़ाबले से बाहर कर दिया गया। जबकि विश्व कप से पहले वह USA के सबसे सफल बल्लेबाज़ थे और उन्होंने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में 31 गेंदों पर 50 रन भी बनाए थे।
नीदरलैंड्स नामीबिया के ख़िलाफ़ बास डी लीडे के ऑलराउंड प्रदर्शन से जीत के बाद आत्मविश्वास से भरा होगा। उनके पास बल्लेबाज़ी में गहराई है और रोलॉफ़ वैन डर मर्व नंबर नौ पर बल्लेबाज़ी करते हैं जबकि उनके पास गेंदबाज़ी के काफ़ी विकल्प भी हैं। टूर्नामेंट के पहले मुक़ाबले में उन्होंने पाकिस्तान को चुनौती भी दी थी। नीदरलैंड्स चेन्नई की परिस्थितियों से भी परिचित है क्योंकि पिछले महीने एक सप्ताह तक पूरे दल ने चेन्नई सुपर किंग्स अकादमी में अभ्यास किया था।