सुपर 8 की दौड़ में बने रहने के इरादे से उतरेगी USA
बड़ी तस्वीर - USA के पास मौक़ा
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुक़ाबले में जीतने वाली टीम सीधे T20 विश्व कप के सुपर 8 के लिए क़्वालीफाई कर जाएगी लेकिन हारने वाली टीम के ऊपर दबाव आ जाएगा जिसका फ़ायदा USA को मिल सकता है। USA की टीम ने भारत और पाकिस्तान के ख़िलाफ़ अपने पहले दो मैच गंवाए थे लेकिन पिछले मैच में उन्होंने नीदरलैंड्स को 93 रनों से हराकर चौंकाया और इसी कारण से वह अचानक अगले राउंड में जाने के दावेदार भी बन गए हैं।
USA अपने आख़िरी ग्रुप मैच में नामीबिया का सामना करेगी जिन्हें अपने पहले दो मैचों में लगातार दो हार का सामना करना पड़ा था। अगर USA की टीम यह मैच बड़े अंतर से जीतेगी तो उनके पास सुपर 8 में जाने का बाहरी मौक़ा रहेगा लेकिन वह काफ़ी मुश्किल है।
हालिया फ़ॉर्म
USA WLLWW (पिछले पांच T20I, हालिया सबसे पहले) नामीबिया LLWLW
इन खिलाड़ियों पर रहेगी नज़रें
यान फ़्रायलिंक ने सितम्बर 2025 में अफ़्रीका रीजनल क़्वालिफ़ायर में 134 का स्कोर बनाया था, जो नामीबिया के किसी भी बल्लेबाज़ का सबसे बड़ा स्कोर है। विश्व कप वॉर्म-अप मैच में भी उन्होंने स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ बेंगलुरु में 88 रनों की बढ़िया पारी खेली थी। हालांकि पहले दो मैचों में उन्होंने 30 और 22 का ही स्कोर बनाया और इस मैच में उनसे एक बड़े स्कोर की उम्मीद होगी।
शुभम रांजने ने भारत के ख़िलाफ़ 37 रनों की पारी खेलने के बाद पाकिस्तान के ख़िलाफ़ अर्धशतक लगाया था और पिछले मैच में नीदरलैंड्स के सामने भी उन्होंने 24 गेंदों में 48 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। मुंबई में ज़्यादा बड़ा कुछ नहीं हासिल करने के बाद SA20, ILT20 और MLC से हुए वह विश्व कप तक आ गए हैं।
टीम समाचार
ऐंड्रियस गौस USA की टीम के प्रमुख बल्लेबाज़ हैं लेकिन पिछले मैच में बीमार होने के कारण खेल नहीं पाए थे। अगर इस मैच में उनकी वापसी होती है तो फ़िर वह शयन जहांगीर की जगह टीम में आ सकते हैं क्योंकि साईतेजा मुक्कामल्ला ने पिछले मैच में नंबर 3 पर बल्लेबाज़ी करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया था।
USA (संभावित XI): 1 शयन जहांगीर/ऐंड्रियस गौस (विकेटकीपर), 2 मोनांक पटेल (कप्तान), 3 साईतेजा मुक्कामल्ला, 4 मिलिंद कुमार, 5 संजय कृष्णमूर्ति, 6 शुभम रांजने, 7 हरमीत सिंह , 8 मोहम्मद मोहसिन, 9 शैडली वान शाल्कविक, 10 नॉस्थुश केनजिगे, 11 अली ख़ान
नामीबिया के 17 वर्षीय मैक्स हाइंगो ने अभी तक ज़्यादा प्रभावित नहीं किया है और उन्हें शायद प्लेइंग XI से बाहर किया जा सकता है।
नामीबिया (संभावित XI): 1 लॉरेन स्टीनकैंप, 2 यान फ़्रायलिंक, 3 निकोल लॉफ्टी-ईटन, 4 जेरार्ड इरास्मस (कप्तान) , 5 जेजे स्मिट, 6 ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), 7 मलान क्रूगर, 8 रुबेन ट्रंपलमन, 9 जैक ब्रासल/मैक्स हाइंगो, 10 बर्नार्ड शोल्ज़, 10 बेन शिकोंगो
पिच और परिस्थितियां
चेन्नई में अभी तक बल्लेबाज़ी के लिए सही पिच दिखी है और तेज़ गेंदबाज़ों को उछाल भी मिल रही है। स्पिन का उतना ज़्यादा प्रभाव अभी तक देखने को नहीं मिला है और दिन के मैच में भी पिच से उतनी टर्न नहीं मिल रही। इस मैच के 3 बजे शुरू होने के कारण ओस की संभावनाएं ख़त्म हो जाती है।