आयरलैंड के ख़िलाफ़ जीत दर्ज करके सुपर 8 में प्रवेश करना चाहेगा ज़िम्बाब्वे

ESPNcricinfo staff

ज़िम्बाब्वे की टीम बेहतरीन फ़ॉर्म में है © ICC/Getty Images

बड़ी तस्वीर

जब आयरलैंड रविवार दोपहर कैंडी पहुंचा था, तो तीन मैचों में सिर्फ़ दो अंक के साथ उनके क़्वालिफ़िकेशन के मौक़े काफ़ी कमज़ोर लग रहे थे। लेकिन सोमवार रात ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ श्रीलंका की शानदार जीत से ग्रुप बी की संभावनाएं पूरी तरह खुल गई हैं।

श्रीलंका ने निश्चित रूप से क़्वालिफ़ाई कर लिया है, लेकिन आयरलैंड अब जानता है कि मंगलवार को ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ जीत उन्हें क़्वालिफ़िकेशन की मज़बूत दौड़ में बनाए रखेगी, बशर्ते श्रीलंका अपने आख़िरी मैच में ज़िम्बाब्वे को भी हरा दे।

लेकिन शायद हम अभी ज़्यादा आगे की सोच रहे हैं। ज़िम्बाब्वे को सारी अटकलें ख़त्म करने के लिए बस आयरलैंड को हराना है। जिस तरह वे ऑस्ट्रेलिया पर 23 रन की शानदार जीत के बाद आ रहे हैं, उनके ख़िलाफ़ जाना लगाना बहुत मुश्किल होगा।

कप्तान सिकंदर रज़ा भी ऐसे नहीं हैं जो अपनी टीम को ढिलाई बरतने दें। उन्होंने फ़ोकस बनाए रखने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया है और चेतावनी दी है कि अगर टीम अब चूक जाती है तो पहले के प्रदर्शन "किसी काम के नहीं रहेंगे"।

वहीं, आयरलैंड इस टूर्नामेंट में पहले श्रीलंका और फिर ऑस्ट्रेलिया से हार चुका है, लेकिन ओमान पर 96 रन की उनकी दमदार जीत ने उनके आत्मविश्वास को सही समय पर बढ़ावा दिया होगा। वे लगातार एसोसिएट देशों से तुलना को लेकर भी थोड़ी टीस के साथ उतरेंगे, जिसे वे ज़िम्बाब्वे पर जीत के साथ ख़त्म करना चाहेंगे।

इस मैच को और अनिश्चित बनाने वाली बात यह है कि दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता काफ़ी संतुलित रही है, जहां 18 T20I मुक़ाबलों में दोनों टीमों ने 8-8 जीत दर्ज की हैं।

टीम न्यूज़

ओमान के ख़िलाफ़ शानदार जीत के बाद आयरलैंड अपनी विजयी टीम में बदलाव करने की संभावना नहीं रखती।

आयरलैंड XI (संभावित):

1 टिम टेक्टर, 2 रॉस ऐडेर, 3 हैरी टेक्टर, 4 लोर्कान टकर (कप्तान और विकेटकीपर), 5 कर्टिस कैम्फ़र, 6 जॉर्ज डॉकरेल, 7 गैरेथ डेलेनी, 8 मार्क ऐडेर, 9 जॉश लिटिल, 10 बैरी मक्कार्थी, 11 मैथ्यू हम्फ़्रीज़

ज़िम्बाब्वे की टीम ने सोमवार रात श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए मैच की पिच पर जरूर नज़र रखी होगी, लेकिन उनकी टीम में सिर्फ़ एक बदलाव की उम्मीद है। रिचर्ड एन्गरावा की वापसी हो सकती है, जो पिछले मैच में नहीं खेले थे।

जिम्बाब्वे XI (संभावित):

1 ब्रायन बेनेट, 2 तडिवनाशे मारुमानी (विकेटकीपर), 3 डियोन मायर्स, 4 सिकंदर रज़ा (कप्तान), 5 रायन बर्ल, 6 ताशिंगा मुसेकिवा, 7 ब्रैड एवंस, 8 वेलिंगटन मसाकाद्जा, 9 ग्रेम क्रीमर, 10 ब्लेसिंग मुज़राबानी, 11 रिचर्ड एन्गरावा

पिच और मौसम:

इस पूरे टूर्नामेंट में बारिश का ख़तरा बना रहा है, लेकिन अब तक बारिश ने खेल में रुकावट नहीं डाली है। मंगलवार के लिए मौसम का पूर्वानुमान थोड़ा अनिश्चित है व सुबह और शाम हल्की बारिश हो सकती है।

जहां तक पिच की बात है, मार्क ऐडेर ने इसे "श्रीलंका की सबसे बेहतरीन पिच" बताया है। हालांकि यह इस्तेमाल की हुई पिच होगी, क्योंकि पिछली रात इसी पर ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका का मैच खेला गया था, जहां श्रीलंकाई स्पिनरों को बहुत मदद मिली।

Comments