T20 विश्व कप 2026: सुपर 8 में पहुंचा ज़िम्बाब्वे, टूर्नामेंट के पहले दौर से ही बाहर हुआ ऑस्ट्रेलिया
T20 विश्व कप 2026 में ज़िम्बाब्वे और आयरलैंड का मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। इसके साथ ही ज़िम्बाब्वे की टीम सुपर 8 में पहुंच चुकी है। ऑस्ट्रेलिया अब टूर्नामेंट के पहले दौर से ही बाहर हो चुका है। सुपर 8 में पहुंचने के लिए ज़िम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच रस्साकशी हो रही थी। वहीं ग्रुप बी से श्रीलंका की टीम पहले ही सुपर 8 में अपना स्थान पक्का कर चुकी है।
ओमान और ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाने के बाद ज़िम्बाब्वे को अगले दौर का टिकट कटाने के लिए सिर्फ़ एक अंक की दरकार थी, जो उसे इस रद्द मैच से मिल गया। पल्लेकेले में कुदरत का कहर ऐसा रहा कि मैदान से कवर हटाने तक का मौका नहीं मिला। रुक रुक कर हो रही बारिश ने खेल की हर उम्मीद को धो दिया और आखिरकार शाम 5:30 बजे मैच को आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया। ज़िम्बाब्वे के इस क्वालिफिकेशन ने ऑस्ट्रेलिया का बोरिया बिस्तर समेट दिया, जो श्रीलंका से मिली हार के बाद दो अंकों पर ही अटकी रह गई थी।
मैदान के हालात की बात करें तो मैच शुरू होने से पहले ही पूरे ग्राउंड को नीले कवर से ढक दिया गया था, जिन पर पानी जमा हो गया था। ग्राउंड स्टाफ़ ने कोशिश तो बहुत की, लेकिन लगातार हो रही बूंदाबांदी ने उन्हें खेल शुरू करने का मौक़ा ही नहीं दिया।
अब ज़िम्बाब्वे की भिड़ंत उस ग्रुप में होगी जहां भारत, वेस्ट इंडीज़ और साउथ अफ़्रीका जैसी दिग्गज टीमें मौजूद हैं। इस ग्रुप की टॉप 2 टीमें सेमीफ़ाइनल का सफर तय करेंगी। दूसरी ओर आयरलैंड के लिए भी यह मैच किसी झटके से कम नहीं रहा, क्योंकि इस परिणाम के साथ उनकी रही सही उम्मीदें खत्म हो गईं।
ज़िम्बाब्वे क्रिकेट के लिए यह एक ऐतिहासिक पल है, क्योंकि टीम पहली बार T20 विश्व कप के सुपर 8 में पहुंची है। यह उपलब्धि इसलिए भी बड़ी है क्योंकि महज़ दो साल पहले 2024 में यह टीम टूर्नामेंट के लिए क्वालिफ़ाई तक नहीं कर पाई थी।