विश्व विजेता भारतीय महिला टीम को 51 करोड़ रुपए देगी BCCI
भारत की महिला विश्व कप 2025 में जीत के बाद BCCI ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ़ और चयन समिति के लिए 51 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। टीम को ICC की ओर से 4.48 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 40 करोड़ रुपये) की इनामी राशि भी मिलेगी।
BCCI अध्यक्ष मिथुन मनहास ने एक बयान में कहा, "बोर्ड की ओर से मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इस ऐतिहासिक विश्व चैंपियनशिप जीत पर बधाई देता हूं। टीम की हिम्मत, प्रतिभा और एकजुटता ने पूरे देश की उम्मीदों को ऊंचा उठाया है। यह जीत साबित करती है कि BCCI द्वारा विश्व स्तरीय महिला कार्यक्रम बनाने में किया गया निवेश और भरोसा सही था।"
भारत ने साउथ अफ़्रीका को रविवार को नवी मुंबई के DY पाटिल स्टेडियम में 39,555 दर्शकों के सामने 52 रन से हराया। पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित की गई हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने 7 विकेट पर 298 रन बनाए, जिसमें शफाली वर्मा ने 78 गेंदों पर 87 रन बनाए थे। टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी दीप्ति शर्मा की पांच विकेट की शानदार गेंदबाज़ी की बदौलत भारत ने साउथ अफ़्रीका को 246 रन पर आउट कर दिया।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, "यह शानदार उपलब्धि लगातार तैयारी, बेहतरीन प्रदर्शन और हमारी महिला खिलाड़ियों के अटूट विश्वास का परिणाम है। कोचिंग स्टाफ़, सपोर्ट स्टाफ़ और हर राज्य क्रिकेट संघ ने इसमें भूमिका निभाई है। टीम के हर सदस्य को बधाई। इस टीम ने पूरे क्रिकेट जगत को गर्व महसूस कराया है।"
भारत ने 2023 में अंडर-19 महिला T20 विश्व कप जीता था, लेकिन यह उनकी पहली सीनियर वैश्विक ट्रॉफ़ी है।