WPL 2026 नीलामी : किन खिलाड़ियों पर लग सकती है सबसे महंगी बोली?
सभी फ़्रैंचाइज़ी WPL की बड़ी नीलामी के लिए तैयार हैं, इस नीलामी से जुड़ी तमाम अहम जानकारी जो आप जानना चाहते हैं।
नीलामी कब है?
WPL 2026 की नीलामी 27 नवंबर को है। कुल 277 खिलाड़ी इस नीलामी का हिस्सा होंगी जिसमें 194 भारतीय और 83 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
कितने स्लॉट भरे जाएंगे?
कुल 73 स्लॉट उपलब्ध हैं, जिसमें 50 रिक्त स्थान भारतीय खिलाड़ियों के हैं और 23 अन्य खिलाड़ियों के लिए हैं। हर टीम अपने दल में अधिकतम 18 खिलाड़ियों को शामिल कर सकती है, जिसमें अधिकतम छह विदेशी खिलाड़ी हो सकती हैं। हर टीम को कम से कम अपने दल में 15 खिलाड़ियों को शामिल करना अनिवार्य है।
पहले 67 खिलाड़ियों का नाम नीलामी में रखे जाने के बाद एक्सीलरेटेड राउंड शुरू होगा। इस राउंड के लिए फ़्रैंचाइज़ी शेष स्लॉट के लिए खिलाड़ियों को नॉमिनेट करेंगी। इसके बाद फ़्रैंचाइज़ी 277 खिलाड़ियों की पूर्ण सूची में से अनसोल्ड और ऐसी खिलाड़ी जिन पर बोली नहीं लगाई गई है उनके नाम जमा करेंगी और फिर आगे बोली लगाई जाएगी।
कौन सी खिलाड़ियों पर सबसे महंगी बोली लग सकती है?
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मेग लानिंग के लिए फ़्रैंचाइज़ियों के बीच भिड़ंत देखने मिल सकती है, लानिंग ने इस समय जारी WBBL में अपनी फ़ॉर्म दोबारा हासिल कर ली है। न्यूज़ीलैंड की एमेलिया कर और फ़ीबि लिचफ़ील्ड के लिए भी बड़ी बोली लग सकती है। हालिया वनडे विश्व कप में उनके प्रदर्शन को देखते हुए साउथ अफ़्रीकी जोड़ी लॉरा वुलफ़ार्ट और नाडीन डी क्लर्क पर भी महंगी बोली लग सकती है।
भारतीय खिलाड़ियों में महिला वनडे विश्व कप की प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट रहीं दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़ और एन श्री चरणी भी अच्छी रक़म अर्जित कर सकती हैं।
RTM विकल्प किनके पास उपलब्ध है?
पहली बार WPL की टीमें उस खिलाड़ी को RTM के ज़रिए नीलामी में दोबारा ख़रीद सकती हैं जो 2025 में उनके दल का हिस्सा थी। चूंकि यूपी वॉरियर्ज़ ने केवल एक ही खिलाड़ी को रिटेन किया है, ऐसे में उनके पास चार RTM विकल्प उपलब्ध हैं। गुजरात जायंट्स के पास तीन RTM कार्ड हैं लेकिन वह इनका इस्तेमाल सिर्फ़ भारतीय खिलाड़ियों पर कर सकती हैं क्योंकि उन्होंने पहले ही दो विदेशी खिलाड़ियों को रिटेन कर लिया है। RCB के पास एक RTM कार्ड है जिसका इस्तेमाल वह किसी भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी को दोबारा ख़रीदने के लिए कर सकती हैं - ऑफ़ स्पिनर जागरवी पवार, वी जे जोशिता और प्रेमा रावत में से किसी एक के लिए वह इस विकल्प का इस्तेमाल कर सकती हैं। चूंकी दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस ने पांच-पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है इसलिए उनके पास RTM का विकल्प उपलब्ध नहीं है।
किन खिलाड़ियों को रिटेन किया गया है?
दिल्ली कैपिटल्स (DC) : जेमिमाह रॉड्रिग्स, शेफ़ाली वर्मा, एनाबेल सदरलैंड, मारीज़ान काप, निकी प्रसाद गुजरात जायंट्स (GG) : ऐश्ली गार्डनर, बेथ मूनी मुंबई इंडियंस (MI) : नाट सिवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर, हेली मैथ्यूज़, अमनजोत कौर, जी कमालिनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) : स्मृति मांधना, ऋचा घोष, श्रेयंका पाटिल, एलिस पेरी यूपी वॉरियर्ज़ (UPW) : श्वेता सहरावत
टीमों के पास कितना पैसा शेष है?
15 करोड़ के कुल पर्स से UPW के पास 14.50 करोड़ शेष हैं। इसके बाद GG के पास सबसे ज़्यादा 9 करोड़ का पर्स शेष है। इसके बाद RCB के पास 6.15 करोड़, MI के पास 5.75 करोड़ और DC के पास 5.70 करोड़ शेष हैं। अपने दल को पूरा करने के लिए MI और DC को 10-10 खिलाड़ियों की दरकार है।
क्या कोई बड़ा नाम नीलामी से नदारद है?
ऑस्ट्रेलिया की तालिया मैक्ग्रा और सोफ़ी मोलिन्यू नीलामी से नदारद हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी को तैयार साउथ अफ़्रीका की पूर्व कप्तान डैन वैन नाइकर्क भी नीलामी में शामिल नहीं हैं।
एसोसिएट देशों की खिलाड़ियों के लिए भी कोई नियम है?
एक टीम अपनी प्लेइंग इलेवन में पांचवां विदेशी खिलाड़ी रख सकती है अगर एक विदेशी खिलाड़ी एसोसिएट देश से है। एसोसिएट देशों से सिर्फ़ चार खिलाड़ी नीलामी का हिस्सा हैं - तीर्था सतीश और ईशा ओझा (UAE), तारा नॉरिस (USA) और तिपाचा पुथवॉन्ग (थाईलैंड)। स्कॉटलैंड की कैथरीन ब्राइस और सारा ब्राइस ने शायद इस वजह से WPL नीलामी का हिस्सा होने का फ़ैसला नहीं किया क्योंकि WPL के कार्यक्रम का टकराव 2026 के T20 विश्व कप क्वालिफ़ायर से हो सकता है, जिसमें उनकी टीम खेलने वाली है।
WPL कब शुरू होगा?
यह टूर्नामेंट 7 जनवरी से शुरू हो सकता है और इसका फ़ाइनल फ़रवरी के पहले सप्ताह में खेला जा सकता है। पहला चरण नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा जबकि दूसरा चरण वड़ोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जाएगा। कार्यक्रम जारी होना अभी बाक़ी है।
हेमंत बराड़ ESPNcricinfo में सब एडिटर हैं।
