उलटफेर करके अपनी छाप छोड़ना चाहेगा नामीबिया
ग्रुप मैच
बनाम नीदरलैंड्स, दिल्ली, 10 फ़रवरी
बनाम भारत, दिल्ली, 12 फ़रवरी
बनाम USA, चेन्नई, 15 फ़रवरी
बनाम पाकिस्तान, कोलंबो, 18 फ़रवरी
बड़ी तस्वीर: नामीबिया को ग्रुप ए में और ड्रामा जोड़ने की उम्मीद
ग्रुप ए में सारा ध्यान भारत और पाकिस्तान पर है। लेकिन लगातार चौथा T20 विश्व कप खेल रही नामीबिया की टीम कुछ उलटफेर करके ग्रुप के सिनारियो में और मसाला जोड़ना चाहेगी।
उनके पास थोड़ा अनुभवहीन दल है, जिनके पांच खिलाड़ियों ने दस से कम अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। हालांकि अपना दिन होने पर नामीबिया किसी भी विरोधी को हराने में सक्षम है। ना विश्वास हो तो उनके पड़ोसी साउथ अफ़्रीका से पूछ लीजिए, जो पिछले अक्तूबर विंडहोक में आख़िरी गेंद पर हार गए थे। या फिर श्रीलंका से, जिन्हें, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में खेले गए 2022 T20 विश्व कप में हराया था।
नामीबिया का 2025 शानदार रहा था, जहां उन्होंने 12 में से नौ T20I मैच जीते थे। इसमें ज़िम्बाब्वे और साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ जीत शामिल है। उन्होंने अफ़्रीका क्वालिफ़ायर्स में दूसरा स्थान हासिल किया, जहां वह फ़ाइनल में ज़िम्बाब्वे से हार गए थे। लेकिन कुल मिलाकर उनका यह अभियान बहुत मज़बूत रहा था। एरार्ड इरास्मस की कप्तानी में नामीबिया को जेजे स्मिट, निकोल लॉफ़्टी-ईटन, बर्नार्ड शोल्ज़, यान फ़्रायलिंक और रुबेन ट्रंपलमन जैसे खिलाड़ियों से काफ़ी उम्मीदें होंगी।
नामीबिया को गैरी कर्स्टन की नियुक्ति से भी मजबूती मिली है, जिन्हें पिछले साल दिसंबर में पुरुष राष्ट्रीय टीम का सलाहकार बनाया गया था। एक चीज़ जो उनके ख़िलाफ़ जा सकती है, वह यह है कि उन्होंने अक्तूबर 2025 के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है और विश्व कप में उतरते समय वे थोड़े रस्टी लग सकते हैं। हालांकि कुछ खिलाड़ी फ़्रेंचाइज़ी क्रिकेट में सक्रिय रहे हैं। भारत और श्रीलंका की धीमी परिस्थितियों से वे कैसे निपटते हैं, यही प्रतियोगिता में उनके भविष्य का फ़ैसला करेगा।
हालिया फ़ॉर्म
नामीबिया का आख़िरी अंतरराष्ट्रीय मैच अक्तूबर 2025 में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ था, जिसे उन्होंने चार विकेट से जीता था। इससे पहले उन्होंने अफ़्रीका क्वालिफ़ायर्स खेले थे, जहां फ़ाइनल तक उनका सफ़र काफ़ी प्रभावशाली रहा था।
इन पर रहेंगी नज़रें: एरार्ड इरास्मस और जेजे स्मिट
एरार्ड इरास्मस निस्संदेह इस नामीबियाई सेटअप का सबसे अहम हिस्सा हैं। उनके नाम T20I में किसी भी नामीबियाई बल्लेबाज़ से सबसे ज़्यादा रन हैं। 2025 में भी उनका T20I रिकॉर्ड अच्छा रहा, जहां उन्होंने 12 मैचों में 30.66 की औसत से 276 रन बनाए हैं। यह इरास्मस का नामीबिया कप्तान के रूप में लगातार चौथा विश्व कप है और वे चाहेंगे कि इस बार उनके ख़ाते में पहले के संस्करणों से ज़्यादा जीतें आएं।
ऑलराउंडर जेजे स्मिट की भूमिका भी नामीबिया के T20 विश्व कप तक के सफ़र में बेहद अहम रही है और वे भारत और श्रीलंका में उस फ़ॉर्म को आगे बढ़ाना चाहेंगे। वे अफ़्रीका क्वालिफ़ायर्स में तीसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे, जहां उन्होंने चार पारियों में 98.50 की औसत और 187.61 के स्ट्राइक रेट से 197 रन बनाए थे। उन्होंने अपनी मध्यम तेज़ गेंदबाज़ी से पांच मैचों में छह विकेट भी लिए थे।
2025 में स्मिट, नामीबिया के तीसरे सबसे ज़्यादा T20I रन बनाने वाले खिलाड़ी थे और उन्होंने नौ पारियों में 250 रन बनाने के साथ दस पारियों में सर्वाधिक 20 विकेट भी लिए थे।
आख़िरी पड़ाव
बाएं हाथ के स्पिनर बर्नार्ड शोल्ज़, नामीबियाई क्रिकेट के अग्रदूत रहे हैं और कई सालों से इस सर्किट में मौजूद हैं। T20I में उनके लिए सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले शोल्ज़, तीन T20 विश्व कप खेल चुके हैं। हालांकि 35 साल की उम्र में यह चौथा टूर्नामेंट उनका आख़िरी हो सकता है।
सर्वश्रेष्ठ एकादश
1 लॉरेन स्टीनकैंप, 2 यान फ़्रायलिंक, 3 निकोल लॉफ़्टी-ईटन, 4 एरार्ड इरास्मस (कप्तान), 5 जेजे स्मिट, 6 मलान क्रूगर, 7 ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), 8 रूबेन ट्रंपलमन, 9 बर्नार्ड शोल्ज़, 10 बेन शिकोंगो, 11 जैक ब्रॉसेल
बाक़ी दल: मैक्स हाइंगो, विलेम माइबर्ग, डायलन लाइशर, यान बाल्ट
पोल
आशीष पंत ESPNcricinfo में सब एडिटर हैं