दिल्ली में भारतीय दल से जुड़ेंगे वॉशिंगटन सुंदर

ESPNcricinfo स्टाफ़

वॉशिंगटन सुंदर साइड स्ट्रेन के कारण ऐक्शन से बाहर थे © BCCI

भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पुष्टि की है कि वॉशिंगटन सुंदर 12 फ़रवरी को नामीबिया के ख़िलाफ़ होने वाले अगले T20 विश्व कप मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।

वॉशिंगटन साइड स्ट्रेन के कारण पिछले कुछ समय से ऐक्शन से बाहर थे और उन्होंने साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच भी नहीं खेला था। उन्होंने नेट्स में गेंदबाज़ी शुरू कर दी थी, लेकिन टीम प्रबंधन ने 4 फ़रवरी को हुए अभ्यास मैच में उन्हें नहीं खिलाने का फ़ैसला किया। जसप्रीत बुमराह भी अभ्यास मैच और शनिवार को USA के ख़िलाफ़ हुए मैच में नहीं खेले।

USA के ख़िलाफ़ उम्मीद से ज़्यादा कड़े मुक़ाबले के बाद सूर्यकुमार ने दोनों खिलाड़ियों पर बात की। उन्होंने कहा, "वॉशी [सुंदर] हमारे साथ दिल्ली में जुड़ रहे हैं। वह ठीक हैं और सब कुछ सही है।"

मौजूदा हालात में वॉशिंगटन, स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल के बैक-अप हैं, जिन्होंने USA के ख़िलाफ़ 162 रन के बचाव में 2/24 का अहम स्पेल डाला था। अक्षर और वरुण चक्रवर्ती के अलावा जब तक तीसरे स्पिनर की ज़रूरत न हो, फ़िट होने के बावजूद वॉशिंगटन एकादश से बाहर रह सकते हैं।

फ़िट होने पर लगभग तय है कि बुमराह टीम में वापस आएंगे। सूर्यकुमार ने बताया कि "मौसम की वजह से उन्हें तेज़ बुख़ार था," जिसका असर मुंबई में पहले मैच से पहले अभिषेक शर्मा पर भी पड़ा था।

बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज की वापसी हुई, जिन्होंने आख़िरी बार जुलाई 2024 में भारत के लिए T20I खेला था। वापसी करते ही उन्होंने पावरप्ले में दो विकेट लेकर असर डाला और मैच की आख़िरी गेंद पर USA के सर्वोच्च स्कोरर शुभम रांजने को भी आउट किया।

सिराज ने 3/29 के आंकड़े के साथ पारी समाप्त की और बुमराह के लौटने पर भी अपनी जगह बनाए रखने का मज़बूत दावा पेश किया। अगर अगले गुरूवार होने वाले भारत के अगले मैच से पहले बुमराह और वॉशिंगटन दोनों उपलब्ध हो जाते हैं, तो दिल्ली में मैदान पर उतरने से पहले टीम प्रबंधन के सामने एक सुखद सिरदर्द होगा।

Comments