आंकड़े झूठ नहीं बोलते : ये गेंदबाज़ लगा सकते हैं रोहित शर्मा के बल्ले पर ब्रेक
मोहम्मद सिराज श्रीलंका के ख़िलाफ़ अपनी पुरानी लय में लौट सकते हैं
नवनीत झा
01-Nov-2023
कोहली एक बार फिर कमाल कर सकते हैं • AFP/Getty Images
गुरुवार को भारत और श्रीलंका के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में विश्व कप का एक अन्य मुक़ाबला खेला जाएगा। विश्व कप इतिहास में भारत और श्रीलंका के बीच टक्कर बराबरी की रही है लेकिन भारत इस विश्व कप में अब तक एक भी मैच नहीं हारा है। जबकि श्रीलंका अंतिम चार में अपनी जगह सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष कर रहा है। हालांकि दोनों टीमों के खिलाड़ियों के कुछ ऐसे आंकड़ों का रुख़ करते हैं जो कि उनके प्रदर्शन भी प्रभावित कर सकता है।
ये गेंदबाज़ लगा सकते हैं रोहित के बल्ले पर ब्रेक
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा इस विश्व कप में अच्छी लय में नज़र आ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पहले मैच की छोड़कर रोहित ने हर मैच में भारत को एक तेज़ शुरुआत दिलाई है। लखनऊ में जब भारतीय टीम को उनसे पारी के संभालने की ज़रूरत महसूस हुई तब रोहित ने 87 रनों की सूझबूझ भरी हुई पारी खेलकर टीम को संकट से भी उबारा। हालांकि श्रीलंका के गेंदबाज़ रोहित के बल्ले पर ब्रेक लगा सकते हैं।
रोहित और एंजलो मैथ्यूज वनडे में एक दूसरे के ख़िलाफ़ कुल 20 पारियों में आमने सामने आए हैं और रोहित कुल सात बार मैथ्यूज का शिकार बने हैं। रोहित मैथ्यूज के विरुद्ध 175 गेंदों पर महज़ 59 के स्ट्राइक रेट से 103 रन ही बना पाए हैं। चमीका करुणारत्ना ने भी तीन पारियों में दो बार रोहित को पवेलियन जाने पर मजबूर किया है और चमीका के ख़िलाफ़ भी रोहित का स्ट्राइक रेट 74 का ही है।
कोहली कर सकते हैं कमाल
विराट कोहली ने अपने अंतर्राष्ट्रीय वनडे करियर में 48 शतक पूरे कर लिए हैं। हालांकि वह इंग्लैंड के ख़िलाफ़ बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे लेकिन श्रीलंका के ख़िलाफ़ वह एक बार फिर बड़ी पारी खेल सकते हैं। कोहली ने वनडे में मैथ्यूज का कुल 24 बार सामना किया है और सिर्फ़ एक बार ही वह उनका शिकार बने हैं। मैथ्यूज के अलावा कोहली ने कसुन रजिता के ख़िलाफ़ 166 के स्ट्राइक रेट से 48 रन बनाए हैं। हालांकि रजिता ने उन्हें एक बार पवेलियन की राह भी दिखाई है।
क्या सिराज की होगी वापसी?
एशिया कप फ़ाइनल में मोहम्मद सिराज ने श्रीलंकाई बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ कर रख दी थी। हालांकि विश्व कप में सिराज अब तक अपनी गेंदबाज़ी से उतना प्रभावित नहीं कर पाए हैं, जैसी उनसे उम्मीद थी। लेकिन वानखेड़े पर सिराज वापसी कर सकते हैं और श्रीलंका के ख़िलाफ़ उनके आंकड़े भी काफ़ी अच्छे हैं। मैथ्यूज से सिराज का सामना नहीं हुआ है लेकिन श्रीलंका के अन्य बल्लेबाज़ सिराज के सामने संघर्ष करते नज़र आते हैं। कुसल मेंडिस को वह तीन बार आउट कर चुके हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह भी श्रीलंका के ख़िलाफ़ अच्छा प्रदर्शन करते हैं। कुसल परेरा और मेंडिस को वह दो दो बार अपना शिकार बना चुके हैं।
क्या वेल्लालागे दोहरा पाएंगे अपना प्रदर्शन?
सिराज के साथ साथ दुनिथ वेल्लालागे भी एक ऐसे गेंदबाज़ हैं जिनसे भारतीय परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन की काफ़ी उम्मीद थी। हालांकि वह भी इस विश्व कप में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। लेकिन वेल्लालागे ने एशिया कप के दौरान सुपर फ़ोर मुक़ाबले में भारतीय बल्लेबाज़ों को काफ़ी परेशान किया था और रोहित, शुभमन गिल और कोहली को अकेले आउट कर दिया था। वेल्लालागे की गेंदबाज़ी के चलते भारत बड़ा स्कोर बनाने में असफल हो गया था।