मयंक, अभिषेक, फ़्रेजर-मक्गर्क: IPL 2024 के नए सितारे
इस सूची में सॉल्ट, स्टब्स, नीतीश रेड्डी और हर्षित का भी नाम है
आशीष पंत
26-May-2024
फ़िल सॉल्ट का पावरप्ले और मध्य ओवरों में अप्रोच समान रहा • BCCI
IPL का ध्येय वाक्य है- 'जहां प्रतिभा को अवसर मिलता है।' यहां हर सीज़न में नए-नए सितारे निकलते हैं। आइए देखते हैं कि IPL 2024 में कौन-कौन से सितारे उभरे।
फ़िल सॉल्ट
मैच 12 | रन 435 | स्ट्रा. रेट 182.00 | अर्धशतक 4
IPL 2024 ऑक्शन में फ़िल सॉल्ट को कोई ख़रीददार नहीं मिला था। जेसन रॉय के IPL से बाहर होने के बाद ही वह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का हिस्सा बन पाए। उन्होंने सुनील नारायण के साथ मिलकर KKR को लगभग हर मैच में बेहतरीन शुरुआत दी। उन्होंने पावरप्ले में 185.00 के स्ट्राइक रेट के साथ अपने 435 में से 296 रन बनाए। मध्य ओवरों में भी उनका अप्रोच कुछ ख़ास नहीं बदला, जहां उन्होंने 175.94 के स्ट्राइक रेट से प्रहार किया। वह KKR की तरफ़ से इस सीज़न दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं और उन्होंने अपनी टीम को प्ले ऑफ़ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
ट्रिस्टन स्टब्स
मैच 14 | रन 378 | स्ट्रा. रेट 190.90 | अर्धशतक 3
स्टब्स ने IPL 2024 के दौरान डेथ ओवरों में धूम मचाया•BCCI
पिछले दो सीज़न में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए सिर्फ़ चार मैच खेलने वाले ट्रिस्टन स्टब्स को इस सीज़न की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने ख़रीदा था और उन्हें टीम के फ़िनिशर की ज़िम्मेदारी दी गई। स्टब्स इस सीज़न 191 के स्ट्राइक रेट और 54 की औसत के साथ DC के लिए दूसरे सर्वाधिक रन (378) बनाने वाले बल्लेबाज़ बने। स्टब्स भी इस सीज़न DC की शुरुआती एकादश का हिस्सा नहीं होते, अगर हैरी ब्रूक ने आख़िरी समय पर पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नाम वापिस नहीं लिया होता।
स्टब्स अपनी पावर हिटिंग के जरिए मैदान के हर कोने पर रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। तेज़ गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ उनका स्ट्राइक रेट 198.30 तो स्पिनरों के ख़िलाफ़ 180.00 रहा। उनके पुल, स्लॉग स्वीप, कवर ड्राइव और तेज़ गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ रिवर्स शॉट दर्शनीय थे। स्टब्स का डेथ ओवरों में स्ट्राइक रेट 297.33 है, जो कि कम से कम 100 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों के लिए इस सीज़न सर्वाधिक था। 17 से 20 ओवरों के बीच में स्टब्स ने 75 गेंदों का सामना किया, जिसमें सिर्फ़ दो डॉट गेंदें थीं।
जेक फ़्रेज़र-मक्गर्क
मैच 9 | रन 330 | स्ट्रा. रेट 234.04 | अर्धशतक 4
फ़्रेज़र-मक्गर्क का IPL 2024 में सबसे धीमा अर्धशतक 31 गेंदों का रहा•BCCI
IPL में बहुत ही कम बार ऐसा होता है, जब कोई युवा खिलाड़ी बहुत कम समय में अपनी पहचान बना लेता है और अपना प्रभाव छोड़ता है। 22 वर्षीय जेक फ़्रेज़र-मक्गर्क को DC ने सीज़न शुरू होने से दो सप्ताह पहले लुंगी एनगिडी की जगह चुना था। उन्होंने इस टूर्नामेंट के दौरान 141 गेंदों का सामना करते हुए 234.04 के स्ट्राइक रेट के साथ 330 रन बनाए।
उन्होंने इस दौरान चार अर्धशतक लगाए, जिसमें दो 15 गेंदों, एक 19 गेंदों और सबसे धीमा 31 गेंदों पर आया था। पावरप्ले में उनका स्ट्राइक रेट 250.94 था, जो कि इस दौरान कम से कम दो ओवर खेलने वाले किसी भी बल्लेबाज़ के लिए सर्वाधिक था।
फ़्रेज़र-मक्गर्क के 330 में से 296 रन सिर्फ़ बाउंड्री (32 चौके और 28 छक्के) से आए। उन्होंने एक मैच के बाद कहा था कि अगर मैं एक या दो रन लेता हूं तो इसका मतलब यह है कि या तो गेंद मिसहिट हुई है या फिर वह ओवर की आख़िरी गेंद है। 89.70 का बाउंड्री प्रतिशत इसका सबूत भी है।
ट्रैविस हेड
मैच 14 | रन 567 | स्ट्रा. रेट 192.20 | अर्धशतक/100s 4/1
हेड को इस सीज़न पावरप्ले के दौरान रोकना लगभग नामुमकिन था•AFP/Getty Images
2016 और 2017 के बाद ट्रैविस हेड का यह IPL में सिर्फ़ तीसरा सीज़न था, जिसे हेड ने पूरी तरह से अपना बनाया। इस साल अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर उन्होंने पावरप्ले बल्लेबाज़ी में क्रांति लाते हुए एक नया अध्याय लिखा और 192.20 के स्ट्राइक रेट के साथ 567 रन बनाकरSRH के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बने। इसमें से 402 रन तो 209.37 के स्ट्राइक रेट के साथ पावरप्ले में ही आए। किसी भी बल्लेबाज़ ने हेड के जितना पावरप्ले रन नहीं बनाया है, जबकि हेड सीज़न की शुरुआत में SRH के एकादश का हिस्सा भी नहीं थे।
हेड के नाम अब SRH के लिए शीर्ष चार में से तीन सबसे तेज़ अर्धशतक हैं। वहीं RCB के ख़िलाफ़ 39 गेंदों में शतक लगाकर उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास का चौथा सबसे तेज़ शतक लगाया।
अभिषेक शर्मा
मैच 15 | रन 482 | स्ट्रा. रेट 207.75 | अर्धशतक 3
अभिषेक शर्मा इस सीज़न अपनी पावर हिटिंग बल्लेबाज़ी को एक अलग स्तर पर ले गए•AFP/Getty Images
अभिषेक शर्मा ने IPL 2022 के दौरान भी 400 से अधिक रन बनाए थे, लेकिन इस बार उन्होंने ऐसी छाप छोड़ी है कि अब उन्हें टीम इंडिया का भी दावेदार माना जाने लगा है। उन्होंने तेज़ गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ 193.95 तो स्पिन गेंदबाज़ों ख़िलाफ़ 235.36 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जो कि स्पिन के विरुद्ध किसी भी बल्लेबाज़ का दूसरा सर्वाधिक स्ट्राइक रेट है।
23 वर्षीय अभिषेक ने इस सीज़न 42 छक्के लगाए, जो कि इस सीज़न किसी भी बल्लेबाज़ के द्वारा सर्वाधिक है, जबकि IPL इतिहास में किसी भी भारतीय बल्लेबाज़ के लिए सर्वाधिक है। उनकी कोई भी पारी 28 गेंदों से अधिक नहीं गई, तब भी उनके नाम इस सीज़न 482 रन हैं।
शशांक सिंह
मैच 14 | रन 354 | स्ट्रा. रेट 164.65 | अर्धशतक 2
शशांक सिंह की मदद से पंजाब किंग्स विश्व रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल कर सका•BCCI
शशांक सिंह पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए इस सीज़न की खोज साबित हुए और उन्होंने 164.65 के स्ट्राइक रेट से उनके लिए सर्वाधिक 354 रन बनाए। GT के ख़िलाफ़ 29 गेंदों में 61, SRH के ख़िलाफ़ 25 गेंदों में 46 और KKR के ख़िलाफ़ 28 गेंदों में 68 रन बनाकर उन्होंने PBKS को कुछ अविश्वसनीय मैच जिताए।
अभिषेक पोरेल
मैच 14 | रन 327 | स्ट्रा. रेट 159.51 | अर्धशतक 2
अभिषेक पोरेल DC के लिए प्रभावी रहें•BCCI
DC के पहले मैच के दौरान अभिषेक पोरेल इंपैक्ट सब के रूप में नंबर नौ पर आए और 10 गेंदों पर नाबाद 32 रन बना दिया। इसके बाद से पोरेल को लगातार मौक़े मिले, वहीं कुछ मैचों में पृथ्वी शॉ को बाहर बैठना पड़ा।
पोरेल के नाम इस सीज़न के आख़िरी तीन मैचों में दो अर्धशतक रहे और दोनों मैचों में DC को जीत हासिल हुई। कुल मिलाकर पोरेल के नाम 13 पारियों में 32.70 की औसत और 159.51 के स्ट्राइक रेट से 327 रन आए और वह DC की तरफ़ से चौथे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बने। इसके अलावा उन्होंने विकेटकीपिंग की ज़िम्मेदारी को भी बख़ूबी निभाया।
नीतीश कुमार रेड्डी
मैच 12 | रन 290 | स्ट्रा. रेट 143.56 | अर्धशतक 2 | Wks 3
नीतीश रेड्डी ने अपने ऑलराउंड खेल से सबको प्रभावित किया•BCCI
नीतीश कुमार रेड्डी अभी सिर्फ़ 21 साल के हैं, लेकिन उन्होंने दिखाया है कि वह आगे जाकर एक अच्छे ऑलराउंडर साबित हो सकते हैं। उन्होंने SRH के दो रन और एक रन की जीत में अहम भूमिका निभाई। 10 पारियों में उनके नाम 36.35 की औसत और 143.56 के स्ट्राइक रेट से इस साल 290 रन है। इसके अलावा उन्होंने अपनी मध्यम तेज़ गेंदबाज़ी से तीन विकेट भी लिए हैं।
हर्षित राणा
मैच 12 | विकेट 17 | स्ट्रा. रेट 13.4 | इकॉ. 9.40
हर्षित राणा ने गेंद से खेल के लगभग हर चरण में अच्छी गेंदबाज़ी की•Associated Press
हर्षित राणा ने 2022 में दो और 2023 में छह मैच खेले थे, लेकिन उनका छाप छोड़ना अभी बाक़ी था। उन्होंने कई बार मुश्किल परिस्थितियों में गेंदबाज़ी की और विकेट निकाले। उनके 17 विकेट में से चार पावरप्ले, सात मध्य ओवरों और छह डेथ ओवरों में आए हैं। वह KKR के लिए दूसरे सबसे सफल गेंदबाज़ हैं।
मयंक यादव
मैच 4 | विकेट 7 | स्ट्रा. रेट 10.4 | इकॉ. 6.98
मयंक यादव ने चोट लगने से पहले चार मैचों में सबको अपनी तेज़ी से प्रभावित किया•BCCI
मयंक यादव ने इस सीज़न सिर्फ़ चार मैच खेले, लेकिन अपनी तेज़ी से सबको दातों तले उंगली दबाने पर मज़बूर किया। उन्होंने PBKS के ख़िलाफ़ मैच में पहले 147 की स्पीड को छुआ और फिर तीसरी गेंद 150 की थी। इसके बाद उन्होंने दूसरे ओवर में 155.8 किमी/घंटा की रफ़्तार को अपना बनाया। इस मैच में इस 21 वर्षीय तेज़ गेंदबाज़ ने 37 रन देकर तीन विकेट लिए। अगले मैच में RCB के ख़िलाफ़ उन्होंने 14 रन देकर तीन विकेट लिए। इन दोनों मैचों में उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच भी मिला। मयंक ने चार मैचों में सिर्फ़ 12.1 ओवर गेंदबाज़ी की, लेकिन अब उन्हें BCCI की तेज़ गेंदबाज़ी का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट मिल गया है।
(सभी आंकड़े IPL फ़ाइनल से पहले के हैं)
आशीष पंत ESPNcricinfo में सब एडिटर है