GT vs CSK: शतक लगाकर शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने तोड़े कई रिकॉर्ड्स
शुक्रवार शाम शुभमन गिल और साई सुदर्शन की शतकीय पारियों की मदद से गुजरात टाइटंस (GT) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 35 रनों से हरा दिया। दोनों सलामी बल्लेबाज़ों के शतकों से IPL में कई दुर्लभ रिकॉर्ड कायम हुए, आइए डालते हैं उस पर एक नज़र।
3 किसी एक ही IPL पारी में तीन बार दो शतक लग चुके हैं। विराट कोहली व एबी डीविलियर्स ने 2016 में गुजरात लायंस और डेविड वॉर्नर व जॉनी बेयरस्टो ने 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के ख़िलाफ़ शतक लगाया था।
210 गिल और सुदर्शन के बीच पहले विकेट के लिए 210 रनों की साझेदारी हुई। IPL में पहले विकेट के लिए यह सिर्फ़ दूसरी 200+ की साझेदारी है। इससे पहले 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के ख़िलाफ़ पूरे 20 ओवर बल्लेबाज़ी करते हुए केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक ने 210 रन जोड़े थे।
2 IPL में इससे बड़ी सिर्फ़ दो साझेदारियां हुई हैं। कोहली और डीविलियर्स ने 2016 में गुजरात लायंस के ख़िलाफ़ 229 और इसी जोड़ी ने 2015 में मुंबई इंडियंस (MI) के ख़िलाफ़ नाबाद 215 रन जोड़े थे। 231/3 GT का यह स्कोर उनका दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। पिछले साल MI के ख़िलाफ़ क्वालिफ़ायर में GT ने 233 रन बनाए थे। यह CSK के ख़िलाफ़ भी बनाए गए सर्वाधिक रन हैं।
0 यह पहली बार है, जब CSK के ख़िलाफ़ 150 से ऊपर की साझेदारी हुई। इससे पहले 2015 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलते हुए शेन वॉटसन और अजिंक्य रहाणे ने 144 रन जोड़े थे। यह GT के लिए भी पहली 150+ की साझेदारी है। इससे पहले 2023 में गिल और सुदर्शन ने ही सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) के ख़िलाफ़ दूसरे विकेट के लिए 147 रन जोड़े थे।
25 सुदर्शन को 1000 IPL रन पूरा करने में सिर्फ़ 25 पारियां लगीं, जो कि सबसे तेज़ भारतीय रिकॉर्ड है। उन्होंने सचिन तेंदुलकर और ऋतुराज गायकवाड़ के संयुक्त रिकॉर्ड को तोड़ा, जिन्होंने 31 पारियों में ऐसा किया था। पूरी सूची में सुदर्शन तीसरे स्थान पर हैं। मैथ्यू हेडन और शॉन मार्श ने 21 तो लेंडल सिमंस ने 23 पारियों में ऐसा किया है।
100 9वें से 14वें ओवर के बीच पांच ओवर के अंतराल में दोनों बल्लेबाज़ों ने 100 रन बना डाले, जो कि IPL में दूसरा सर्वाधिक है। 2016 में किंग्स इलेवन पंजाब के ख़िलाफ़ मैच में RCB ने 9वें से 14वें ओवर के दौरान 106 रन जोड़े थे। हालांकि यह सिर्फ़ 15 ओवर का मैच था।
4 गिल ने अहमदाबाद में चार टी20 शतक लगाए हैं, जो कि किसी मैदान में चौथा सर्वाधिक है। क्रिस गिल ने मीरपुर में पांच शतक लगाए हैं, जबकि विराट कोहली ने बेंगलुरू और माइकल क्लिंगर ने ब्रिस्टल में चार-चार टी20 शतक लगाए हैं।
24y 245d गिल IPL में शतक लगाने वाले सबसे युवा कप्तान भी बन गए हैं। उन्होंने संजू सैमसन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2021 में पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ 26 साल और 152 दिनों की उम्र में कप्तानी पारी खेलते हुए 119 रन बनाया था।
19 गिल को अहमदाबाद में 1000 टी20 रन पूरा करने में 19 पारियां लगीं, जो कि टी20 मैचों में किसी एक मैदान पर 1000 रन पूरा करने का विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले पांच खिलाड़ियों ने 22 पारियों के दौरान किसी मैदान पर 1000 रन पूरे किए थे।
संपत बंडारूपल्ली ESPNcricinfo में स्टैस्टिशियन हैं