आंकड़े: भारत का सबसे बड़ा T20I स्कोर, मांधना का अनोखा रिकॉर्ड

भारत ने चौथे T20I में श्रीलंका को 30 रनों से हराया

स्मृति मांधना महिला T20I में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाली भारतीय बल्लेबाज़ बनीं © BCCI

221 - महिला T20I में भारतीय टीम का सबसे बड़ा स्कोर। इससे पहले रिकॉर्ड 217 रनों का था, जो 2024 में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ नवी मुंबई में बना था। भारतीय टीम ने T20I में चौथी बार 200 का आंकड़ा पार किया।

162 - स्मृति मांधना और शेफ़ाली वर्मा के बीच पहले विकेट की साझेदारी। यह भारत के लिए महिला T20I में किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले भी रिकॉर्ड इन दोनों के ही नाम था और उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ ग्रॉस आइलेट में पहले विकेट के लिए ही 143 रन जोड़े थे। T20I में अब भारत की तरफ़ से तीन सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड इन दोनों के ही नाम है।

10,053 - मांधना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रनों का आंकड़ा पार करने वाली दुनिया की चौथी बल्लेबाज़ बनीं। इस मैच से पहले वह इस रिकॉर्ड से सिर्फ़ 27 रन दूर थी। मांधना से पहले यह रिकॉर्ड मिताली राज, सूज़ी बेट्स और शार्लेट एडवर्ड्स के नाम दर्ज़ था।

281 - मांधना ने इतनी पारियों में 10,000 का आंकड़ा पार किया और मिताली राज के रिकॉर्ड को 10 पारी के अंतर से तोड़ा। एडवर्ड्स और बेटस ने 300 से ज़्यादा पारियों में 10,000 रन पूरे किए थे।

8 - भारत ने अपनी पारी में इतने छक्के लगाए और महिला T20I की एक पारी में उनके द्वारा लगाए गए दूसरे सबसे ज़्यादा छक्कों का रिकॉर्ड बना। इससे ज़्यादा छक्के (9) उन्होंने 2022 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ डीवाई पाटिल स्टेडियम में लगाया था। इसके अलावा भारत ने अपनी पारी में 28 चौके भी लगाए और यह भी एक एक बार दूसरे सबसे ज़्यादा चौकों का रिकॉर्ड है।

13.82 - ऋचा घोष और हरमनप्रीत कौर के बीच 23 गेंदों में 53 रनों की अविजित साझेदारी निभाई और इस दौरान रन रेट 13 से ऊपर का रहा। 50 से ज़्यादा रनों की साझेदारी में यह भारत की तरफ़ से दूसरे सबसे ज़्यादा रन रेट का रिकॉर्ड है। इस मामले में रिकॉर्ड राज और जेमिमाह रॉड्रिग्स के नाम है, जिन्होंने 2018 में श्रीलंका के ही ख़िलाफ़ 57 रनों की साझेदारी निभाई थी।

250 - घोष की 16 गेंदों में 40 रनों की पारी के दौरान स्ट्राइक रेट। 10 से ज़्यादा गेंद की पारी में भारत की तरफ़ से इससे बड़ा स्ट्राइक रेट भी घोष के ही नाम दर्ज़ है जिन्होंने 2024 में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ 21 गेंदों में 54 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी।

3107 - मांधना और शेफाली के बीच जोड़े गए रन। महिला T20I में 3000 से ज़्यादा रन जोड़ने वाली यह इकलौती जोड़ी है। इसके अलावा उनके नाम सबसे ज़्यादा 50 से ज़्यादा रन की साझेदारियों का भी रिकॉर्ड है (24)।

1703 - 2025 में मांधना के द्वारा बनाए गए अंतरराष्ट्रीय रन और यह एक साल में सबसे ज़्यादा रन का रिकॉर्ड है। उन्होंने 2024 में अपने ही बनाए गए 1659 रनों का रिकॉर्ड तोड़ा।

80 - महिला T20I में मांधना के कुल छक्कों की संख्या। उन्होंने भारत की तरफ़ से सबसे ज़्यादा छक्कों के मामले में हरमनप्रीत (78) का रिकॉर्ड तोड़ा। दुनिया में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में मांधना चौथे स्थान पर हैं और उनसे आगे चमरी अतापत्तू (95), सोफ़ी डिवाइन (114) और डियांड्रा डॉटिन (129) हैं।

3.3 - श्रीलंका ने 50 रनों का आंकड़ा इतने ओवर में पार किया और भारत के ख़िलाफ़ महिला T20I में यह सबसे तेज़ 50 रनों का रिकॉर्ड है।

1 - अतापत्तू 150 महिला T20I खेलने वाली श्रीलंका की पहली खिलाड़ी बनीं। उनके अलावा श्रीलंका की तरफ़ से सिर्फ़ दो और खिलाड़ियों ने 100 से ज़्यादा T20I खेले हैं - नीलाक्षिका सिल्वा (107) और उदेशिका प्रबोधनी (106)। अभी तक दुनिया में सिर्फ़ आठ महिला खिलाड़ियों ने 150 T20I खेले हैं।

191 - महिला T20I में श्रीलंका का सबसे बड़ा स्कोर। इससे पहले रिकॉर्ड 184 रनों का था जो उन्होंने 2024 में मलेशिया के ख़िलाफ़ बनाया था।

शुभम अग्रवाल ESPNcricinfo में सीनियर स्टैट्स एनालिस्ट हैं

Comments