T20 विश्व कप के अंत तक के लिए श्रीलंका के बल्लेबाज़ी सलाहकार कोच बने विक्रम राठौर
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ और बल्लेबाज़ी कोच, विक्रम राठौर को श्रीलंका की पुरुष टीम का बल्लेबाज़ी सलाहकार कोच नियुक्त किया गया है।
श्रीलंका क्रिकेट ने अपने बयान में बताया कि T20 विश्व कप 2026 की तैयारियों को देखते हुए यह नियुक्ति की गई है। इंग्लैंड के ख़िलाफ़ श्रीलंका की सफ़ेद गेंद सीरीज़ से चार दिन पहले 18 जनवरी को राठौर श्रीलंकाई टीम के साथ जुड़ेंगे और 10 मार्च तक वह टीम के साथ ही रहेंगे। भारत और श्रीलंका की मेज़बानी वाले T20 विश्व कप का फ़ाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा।
पिछले कुछ समय में श्रीलंका की टीम में काफ़ी बदलाव देखने को मिले हैं। लसिथ मलिंगा T20 विश्व कप से पहले तक गेंदबाज़ी सलाहकार कोच बने रहेंगे और इसके अलावा भारत के पूर्व सपोर्ट स्टाफ़ सदस्य आर श्रीधर को श्रीलंका का फ़ील्डिंग कोच बनाया गया है।
श्रीलंका ने साथ ही चरित असलंका की जगह दसुन शानका को T20 विश्व कप तक के लिए नया कप्तान बनाया है। पूर्व तेज़ गेंदबाज़ प्रमोदया विक्रमसिंघे को पुरुष चयन समिति का प्रमुख बनाया गया है।
1996 और 1997 के बीच राठौर ने भारत के लिए छह टेस्ट और सात वनडे खेले थे एवं पंजाब के लिए उनका घरेलू करियर काफ़ी बढ़िया रहा था। 2024 में भारत के T20 विश्व कप जीत के बाद राठौर का भारतीय टीम के साथ पांच साल का कॉन्ट्रैक्ट ख़त्म हुआ था। उस समय उन्होंने रवि शास्त्री और राहुल द्रविड़ के साथ काम किया था।
जब द्रविड़ राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच बने, तब राठौर भी उनके साथ आए थे और वहां श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगाकारा के साथ काफी नज़दीक से काम किया। संगाकारा रॉयल्स के डायरेक्टर होने के साथ-साथ 2026 सीज़न में हेड कोच भी रहेंगे। 2024 के अंत में राठौर ने कुछ समय के लिए न्यूज़ीलैंड की टेस्ट टीम के साथ भी काम किया था।