अनुभव और युवा जोश के साथ विश्व कप में कुछ और उलटफेर करना चाहेगी नीदरलैंड्स
ग्रुप स्टेज शेड्यूल
बनाम पाकिस्तान, 7 फरवरी, कोलंबो
बनाम नामीबिया, 10 फरवरी, दिल्ली
बनाम USA, 13 फरवरी, चेन्नई
बनाम भारत, 18 फरवरी, अहमदाबाद
बड़ी तस्वीर: इस बार किसे चौंकाएगी नीदरलैंड्स?
इस T20 विश्व कप में यदि उन टीमों के बारे में बात की जाए जो अपसेट कर सकती हैं तो नीदरलैंड्स का नाम सबसे ऊपर होगा। उन्होंने पहले भी ऐसा किया है और 2009 में अपने पहले ही T20 विश्व कप में इंग्लैंड को हरा दिया था। 2023 के वनडे विश्व कप में उन्होंने साउथ अफ़्रीका और बांग्लादेश को धूल चटाई थी।
उन दो जीतों में अहम रहने वाले कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स एक बार फिर टीम की कप्तानी करते दिखेंगे। टीम में कई अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का काफ़ी अच्छा बैलेंस है। टिम वैन डर गगटेन, कॉलिन ऐकरमैन और लोगन वैन बीक की वापसी से टीम काफ़ी मज़बूत दिख रही है।
युवा माइकल लेविट और आक्रामक मैक्स ओ'डाउड शीर्ष पर टीम की बल्लेबाज़ी का भार संभालेंगे। इसके बाद निरंतरता दिखाने वाले एडवर्ड्स भी होंगे, लेकिन उनकी सबसे बड़ी ताक़त दिग्गज ऑलराउंडर्स बास डलीडे , रुलॉफ़ वैन डर मर्व और ऐकरमैन की मौजूदगी होगी। पॉल वैन मीकरेन और फ़्रेड क्लासेन की उपस्थिति उनकी तेज़ गेंदबाज़ी को भी काफ़ी मज़बूत बनाती है। आर्यन दत्त और साक़िब ज़ुल्फ़िक़ार स्पिन आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगे।
उन्होंने पुरुष T20 विश्व कप यूरोप रीजन फ़ाइनल के जरिए बड़े आराम से क्वालिफ़ाई किया जहां उन्होंने अपने ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। ग्रुप A में होने के कारण उनके सामने भारत और पाकिस्तान के रूप में दो बड़ी टीमों की चुनौती होगी, लेकिन उनका सामना नामीबिया और USA से भी होगा और इन टीमों पर उन्होंने दबदबा बनाया है। भारत में 2023 विश्व कप खेल चुके होने के कारण उन्हें इस बात का एहसास होगा कि उपमहाद्वीप में पिचें और हालात कैसे रहने वाले हैं। इसके अलावा उन्होंने सितंबर 2025 में बांग्लादेश का दौरा भी किया था और चेन्नई जल्दी आकर सुपर किंग्स अकादमी में ट्रेनिंग की है।
सातवीं बार T20 विश्व कप खेल रहे होने के कारण सुपर-8 में जाना तो उनका निश्चित लक्ष्य होगा, लेकिन यदि उनकी तैयारी काम आई और उन्होंने दबाव से निपट लिया तो एक और सरप्राइज उनकी पहुंच से अधिक दूर नहीं होगा।
हालिया फ़ॉर्म
यूरोप रीज़न फ़ाइनल 2025 में अपने चार में से तीन मैच जीतने के बाद नीदरलैंड्स ने बांग्लादेश में तीन T20I खेले और 2-0 से सीरीज़ गंवाई।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
मैक्स ओ'डाउड अभी भी नीदरलैंड्स की बल्लेबाज़ी की सबसे अहम कड़ी हैं। शीर्ष पर वह पहली गेंद से ही आक्रमण कर सकते हैं और साथ ही रन गति बरकरार रखते हुए लंबी पारियां भी खेल सकते हैं। जून 2025 में उन्होंने स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ नाबाद 158 रनों की पारी खेलते हुए नीदरलैंड्स को 370 रनों का लक्ष्य चेज़ कराया था और यह वनडे में चेज़ किया गया तीसरा सबसे बड़ा लक्ष्य था। T20 विश्व कप यूरोप क्वालिफ़ायर में वह नीदरलैंड्स के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे थे। सामने की ओर बड़े शॉट्स खेलने उनकी ताक़त है, लेकिन अब उन्होंने अपने स्वीप को भी बड़ा हथियार बना लिया है। उनका अनुभव और शॉट सिलेक्शन भारत और श्रीलंका की सतह पर काफ़ी अहम साबित हो सकता है।
ऑलराउंडर लोगन वैन बीक की वापसी नीदरलैंड्स के लिए काफ़ी बड़ी बूस्ट होगी। 2025 के इंटरनेशनल कैलेंडर का अधिकतर हिस्सा काउंटी और फ़्रैंचाइज़ी अनुबंधों के कारण मिस करने वाले वैन बीक ने विश्व कप शुरू होने से पहले मोमेंटम हासिल कर लिया है। न्यूज़ीलैंड में सुपर स्मैश खेलते हुए उन्होंने 10 मैचों में नौ विकेट चटकाए। वह बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख़ बदल सकते हैं और कुछ हेडलाइन बना सकते हैं, ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने 2023 विश्व कप क्वालिफ़ायर में वेस्टइंडीज़ को हराने के लिए 30 रन के सुपर ओवर का रिकॉर्ड बराबर करने वाला कारनामा किया था। 2024 T20 विश्व कप में चार मैचों में सात विकेट लेकर वह नीदरलैंड्स के लिए सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे।
क्या इनका आख़िरी मौक़ा?
41 साल के हो चुके रुलॉफ़ वैन डर मर्व इस T20 विश्व कप के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। अपने काफ़ी लंबे करियर में वह अब तक 369 T20 मैच खेल चुके हैं। बाएं हाथ की स्पिन और उनकी कामचलाऊ बल्लेबाज़ी ने नीदरलैंड्स को कई बड़े टूर्नामेंट्स में लाभ पहुंचाया है। 2009 में नीदरलैंड्स के पहले T20 विश्व कप अभियान में भी खेल चुके होने के बाद यह उनका छठा T20 विश्व कप (पांच नीदरलैंड्स के लिए और 2010 में एक साउथ अफ़्रीका के लिए) होगा। यूरोप क्वालिफ़ायर्स के दौरान उनके अनुभव की झलक देखने को मिली जहां उन्होंने चार मैचों में छह विकेट चटकाए। संभवतः अपने आख़िरी T20 विश्व कप में वह नीदरलैंड्स को एक कदम और आगे जाने में मदद करना चाहेंगे।
Best XI
1 माइकल लेविट, 2 मैक्स ओ'डाउड, 3 क़ॉलिन ऐकरमैन, 4 स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान, विकेटकीपर), 5 बास डलीडे, 6 ज़ैक लायन, 7 लोगन वैन बीक, 8 रुलॉफ़ वैन डर मर्व, 9 काइल क्लीन, 10 आर्यन दत्त, 11 पॉल वैन मीकरेन
बाकी स्क्वॉड: नोवा क्रोस, साक़िब ज़ुल्फ़िक़ार, फ़्रेड क्लासेन, टिम वैन डर गगटेन
सवाल