सूर्यकुमार यादव : पाकिस्तान मैच के लिए हम कोलंबो जाएंगे
क्या भारत और पाकिस्तान की टीम15 फ़रवरी को एकदूसरे के ख़िलाफ़ खेलते हुए दिखेंगी।?
अब तो ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह सवाल T20 World Cup 2026 पर काफ़ी भारी हो चुका है। इतना भारी कि मुंबई की घनी और दमघोंटू स्मॉग को भी यह पीछे छोड़ दे। हालांकि क्रिकेट की दुनिया में ऐसा हज़ारों सवालों के बीच भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा है कि मैच हो या न हो, उनकी टीम कोलंबो ज़रूर जाएगी।
सूर्यकुमार यादव ने मुंबई में कप्तानों की मीडिया ब्रीफ़िग में कहा, "हमने तो यह नहीं कहा है कि हम उनके ख़िलाफ़ नहीं खेलेंगे। इस मामले में हमारी मंशा पूरी तरह से साफ़ है। नहीं खेलने वाली बात तो पाकिस्तान की तरफ़ से आई है। ICC ने हमारी मैचों का शेड्यूल तय किया है। BCCI और भारतीय सरकार ने यह फ़ैसला लिया है कि उन्हें एक तटस्थ स्थान पर मैच खेलना है। और यह फ़ैसला ICC के साथ बातचीत करते हुए लिया गया था। कोलंबो के लिए हमारा फ़्लाइट बुक हो चुका है। इसलिए यह तय है कि हम जा रहे हैं। हम देखेंगे कि बाद में क्या होगा।"
ख़िताब की रक्षा कर रही भारतीय टीम विश्व कप में अपना पहला मैच सात फ़रवरी को मुंबई में खेलेगी। पिछले विश्व कप के बाद से भारतीय टीम कमाल की लय में रही है। सोमवार शाम नवी मुंबई में खेले गए वॉर्म अप मैच में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ सूर्यकुमार की टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उससे साफ़ था कि उनकी बेहतरीन लय अब भी जारी है। इसी फ़ॉर्म की वजह से सूर्यकुमार मीडिया ब्रीफ़िंग में काफ़ी सहज नज़र आ रहे थे।
जब उनसे पाकिस्तान मैच को लेकर भारतीय ड्रेसिंग रूम के माहौल के बारे में पूछा गया तो सूर्यकुमार ने कहा, "टीम में चर्चा एकदम साफ़ है। पहले हम सात फ़रवरी को मैच खेलेंगे। फिर हम दिल्ली जाएंगे। 12 फ़रवरी को नामीबिया से खेलना है। उसके बाद कोलंबो का सफ़र करेंगे।"
यह इस मुद्दे पर भारतीय खेमे की तरफ़ से पहला औपचारिक बयान है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब एक दिन पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा था कि उनकी सरकार ने भारत के ख़िलाफ़ मैच के बहिष्कार पर सोचा समझा रुख़ अपनाया है और वह "खेल में राजनीति" नहीं चाहती।
सवालों का यह सिलसला पहली बार नहीं आया है। पाकिस्तान के साथ भारत की तनावपूर्ण राजनीतिक रिश्तों के कारण सूर्यकुमार को लगातार ऐसे सवालों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले एशिया कप को लेकर भी ऐसा ही विवाद हुआ था। तब BCCI ने भारत सरकार के निर्देश पर भारतीय टीम से पाकिस्तान टीम के साथ हाथ न मिलाने को कहा था। इसके बाद भारत ने एशिया कप जीतने के बाद ACC अध्यक्ष और PCB चेयरमैन मोहसिन नक़वी से ट्रॉफ़ी लेने से भी इनकार कर दिया था। नक़वी ने भी ट्रॉफ़ी सौंपने से मना कर दिया था।
सूर्यकुमार ने कहा कि मौजूदा हालात में वह अपनी टीम के साथ कोलंबो पहुंचने के अलावा ज़्यादा कुछ नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान का फ़ैसला मेरे कंट्रोल में नहीं है। काश मैं वह फ़ैसला ले पाता, लेकिन यह उनका कॉल है। हमें बताया गया है कि 15 तारीख़ को खेलना है। हमने एशिया कप खेला। हमने उनके ख़िलाफ़ तीन बार खेला। हमने अच्छा क्रिकेट खेला। हम जीते। हम खु़श थे। उसी तरह अगर कोलंबो में फिर से मौक़ा मिलता है तो हम ज़रूर अपना खेल खेलेंगे।
"मुझे लगता है यह आसान काम नहीं है। मुझे यक़ीन है कि वे भी किसी समाधान पर काम कर रहे होंगे। लेकिन अगर यह फ़ैसला दूसरी सरकार या देश की तरफ़ से आया है तो… यह उनके लिए भी मुश्किल फ़ैसला होगा। मैं जानता हूं हालात कठिन हैं। लेकिन जैसा मैंने कहा, अगर हमें कहा गया और शेड्यूल तय हैं तो हम आगे बढ़ेंगे और मैच खेलेंगे।"