किशन, हार्दिक और वरुण ने दिलाई भारत को लगातार दूसरी जीत
भारत 209/9 (किशन 61, पंड्या 52, इरास्मस 4-20) ने नामीबिया 116 (स्टीनकैंप 29, फ़्रायलिंग 22 और वरुण 3-7) को 93 रनों से हराया
इशान किशन और हार्दिक पंड्या के अर्धशतकों और वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की स्पिन जोड़ी की बदौलत भारत ने नामीबिया को हराते हुए T20 विश्व कप 2026 में लगातार दूसरी जीत हासिल कर ली है।
भारत ने नामीबिया के सामने दिल्ली में 210 रनों का लक्ष्य रखा था और पावरप्ले में नामीबिया ने एक विकेट के नुक़सान पर 57 रन भी बना लिए थे। पावरप्ले में एकमात्र सफलता अर्शदीप सिंह के हाथों लगी थी जिन्होंने यान फ़्रायलिंक का शिकार करते हुए T20 में अपने 250 विकेट पूरे किए थे।
हालांकि भारतीय गेंदबाज़ों को अभी भी मेहनत करनी थी लेकिन वरुण ने इस काम को आसान कर दिया। लॉरेन स्टीनकैंप को अपनी गुगली पर शिकार बनाने के बाद वरुण ने अपने अगले ही ओवर में नामीबिया को दोहरा झटका दे दिया और साथ ही अक्षर पटेल की फिरकी भी नामीबिया पर हावी हो गई और उन्होंने कप्तान जेरार्ड इरास्मस का शिकार किया।
10.5 ओवर के बाद महज़ 88 के स्कोर पर नामीबिया पांच विकेट गंवा चुकी थी और अक्षर ने इसके बाद नामीबिया को मलान क्रूगर के रूप में एक और झटका दिया और इस विकेट को जसप्रीत बुमराह के बेहतरीन कैच ने अंजाम दिया। इसके बाद भारत के लिए जीत महज़ औपचारिकता ही प्रतीत होने लगी और डेथ में बाक़ी काम बुमराह और हार्दिक ने कर दिया। हार्दिक ने 18वें ओवर में लगातार दो झटके देकर नामीबिया को चारों खाने चित कर दिया।
नामीबिया ने भारत को बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया था और संजू सैमसन ने पारी की आक्रमक शुरुआत भी की थी। हालांकि सैमसन अपनी शुरुआत को भुना नहीं पाए लेकिन इशान किशन ने नामीबिया के गेंदबाज़ों पर धावा बोल दिया और पावरप्ले की समाप्ति तक भारत ने एक विकेट के नुक़सान पर 86 रन जोड़ दिए।
किशन ने 20 गेंदों पर अर्धशतक भी पूरा किया और पावरप्ले में यह T20 विश्व कप के दौरान पांचवां सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी था।भारत ने मात्र 6.5 ओवर में 100 रन पूरे किए जो कि T20 विश्व कप में किसी भी टीम द्वारा पूरे किए गए सबसे तेज़ 100 रन थे।
हालांकि जल्द ही भारत की पारी में ब्रेक लगा और 20 रनों के अंतराल में भारत ने किशन, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा का विकेट गंवा दिया। लेकिन यह तूफ़ान के आने से पहले की ही शांति सिद्ध हुई और थोड़ी देर नज़रें जमाने के बाद हार्दिक ने आक्रामक बल्लेबाज़ी शुरू कर दी।
हार्दिक ने चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 28 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली और शिवम दुबे के साथ मिलकर उन्होंने 38 गेंदों में 82 रन जोड़े। हालांकि डेथ ओवर में भारत अधिक रन नहीं बटोर पाया और अंतिम दो ओवर में भारत ने हार्दिक और दुबे सहित कुल पांच विकेट गंवाए। एक समय लग रहा था कि भारत 250 के आसपास का स्कोर बनाएगा लेकिन अंत में भारत नौ विकेट के नुक़सान पर 209 रन ही बना पाया।
नवनीत झा ESPNcricinfo हिंदी में कंसल्टेंट सब एडिटर हैं।