लाइव
Updated: Feb 18, 2026, 7:13 AM (13 mins ago)•Published Feb 18, 2026, 2:45 AM
SA vs UAE Live Score, T20 World Cup 2026: UAE ने साउथ अफ़्रीका के सामने रखा 123 रनों का आसान लक्ष्य
By ESPNcricinfo स्टाफ़आख़िरी के पांच ओवर में बने सिर्फ़ 25 रन
पावरप्ले में UAE की टीम ने 44 रन बनाए थे और उनके दो विकेट गिरे थे। अगले चार ओवर में उन्होंने सिर्फ़ 22 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक सिक्सर लगा। इसके बाद रन रेट और धीमी हो गई। 15 ओवर की समाप्ति के बाद UAE ने सिर्फ़ 21 रन बनाए। वहीं आख़िरी को पांच ओवर में सिर्फ़ दो चौके लगे और 25 रन बने। पिच बल्लेबाज़ी के लिए थोड़ी कठिन थी लेकिन 123 का लक्ष्य एक आसान सा टास्क है।
शराफू की अच्छी पारी समाप्त हुई
शराफू के 45 रनों की साझेदारी को नॉर्ख़िए ने समाप्त कर दी है। शराफ़ू टिक चुके थे। ऐसा लग रहा था कि वह आख़िर के ओवरों में तेज़ी से रन बनाएं लेकिन एक शॉर्ट गेंद को पुल करने के प्रयास आउट हो गए
16वें ओवर में लगा टीम शतक
UAE की टीम ने अपने 100 रन 16वें ओवर में पूरा किया। आख़िरी के चार ओवर में अगर वे 50 रन भी बटोर लें तो वह एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच जाएंगे लेकिन साउथ अफ़्रीका के गेंदबाज़ी क्रम को देख कर ऐसा होते नहीं दिख रहा है।
बॉश और लिंडे ने UAE को दिए शुरुआती झटके
UAE की टीम पहले चार ओवरों में अच्छी बल्लेबाज़ी कर रही थी। मोहम्मद वसीम तेज़ी से 22 के स्कोर पर पहुंच चुके थे। हालांकि उसके बाद लिंडे और बॉश ने चौथे और पांचवें ओवर में विकेट लेकर UAE की शुरुआत को ख़राब कर दिया।
1
प्लेइंग XI
UAE: आर्यंश शर्मा (विकेटकीपर), मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शरफू, सोहैब खान, हर्षित कौशिक, मुहम्मद अरफ़ान, ध्रुव पराशर, मुहम्मद फ़ारूक़, हैदर अली, जुनैद सिद्दीक़ी, मुहम्मद जवादुल्लाह
साउथ अफ़्रीका : एडन मारक्रम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रियान रिकल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, अनरिख़ नॉर्खिए, क्वेना मफाका
मुहम्मद वसीम: हम भी पहले गेंदबाज़ी करना पसंद करते। शुरुआत में पिच में थोड़ी मदद दिख रही है, शायद हल्की नमी भी है, इसलिए परिस्थितियों का जल्दी आकलन करना होगा। लेकिन इसके साथ ही, पहले बल्लेबाज़ी करने में भी हमें कोई परेशानी नहीं है। बात यह है कि हालात के अनुसार ढलना है, प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा करना है और फिर अपने गेंदबाज़ों पर भरोसा करना है कि वे उसका बचाव करें। संभव है कि अगर धूप निकलती है और सतह थोड़ी सूखती है तो बल्लेबाज़ी आसान हो जाए। हमारी टीम में भी कुछ बदलाव किए गए हैं।
एडन मापक्रम: हम पहले गेंदबाज़ी करेंगे। बारिश हुई है। सुबह पिच में नमी थी और शुरुआत में हमें इससे कुछ मदद मिल सकती है। पूरी स्क्वायर में हल्की चिपचिपाहट महसूस हो रही है। पता नहीं रात में कितनी बारिश हुई या पिच पर कितना पानी डाला गया, लेकिन पिच पर गेंद ग्रिप ज़रूर करेगी। हमारे सीम गेंदबाज़ नई गेंद से फ़ायदा उठा सकते हैं और स्पिनरों को भी ग्रिप मिल सकती है। इसलिए हम अच्छी शुरुआत की उम्मीद कर रहे हैं। हमने चार बदलाव किए हैं। पूरी स्क्वाड होने का फ़ायदा यह है कि मौके मिलने पर खिलाड़ियों को गेम टाइम दिया जा सकता है। सभी खिलाड़ी पर्दे के पीछे कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन असली परीक्षा मैदान पर ही होती है। कुछ खिलाड़ियों को अवसर मिल रहा है और हम एक कदम आगे बढ़ते हुए बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं।
साउथ अफ्रीका की टीम में चार बदलाव
साउथ अफ़्रीका के पक्ष में सिक्का गिरा है। ऐडन मारक्रम ने पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम में चार बदलाव किए हैं। वहीं UAE के कप्तान वसीम ख़ान ने कहा कि उनकी टीम भी पहले गेंदबाज़ी करना चाहती थी। टीम में दो बदलाव किए गए हैं।
टीम समाचार: क्या साउथ अफ़्रीका बदलाव करेगा?
UAE के ख़िलाफ़ होने वाला यह मैच साउथ अफ़्रीका के लिए अपनी बेंच स्ट्रेंथ आज़माने का बेहतरीन मौक़ा है। अगले दौर की बड़ी चुनौतियों को देखते हुए वे अपने मुख्य खिलाड़ियों को आराम देकर उन चेहरों को प्लेइंग XI में शामिल कर सकते हैं जिन्हें अब तक इस विश्व कप में मैदान पर उतरने का इंतज़ार है। ऐसे में जेसन स्मिथ को मौक़ा मिल सकता है, जिन्हें लंबे समय से साउथ अफ़्रीका का फ़िनिशर माना जा रहा था। हालांकि, SA20 में ट्रिस्टन स्टब्स की दमदार वापसी और डोनोवन फ़रेरा की चोट के बाद उनकी देर से हुई एंट्री की वजह से स्मिथ को अब तक इंतज़ार करना पड़ा है।
साउथ अफ़्रीका (संभावित XI): 1. ऐडन मारक्रम (कप्तान), 2. क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), 3. रयान रिकेलटन, 4. डेवाल्ड ब्रेविस, 5. डेविड मिलर, 6. ट्रिस्टन स्टब्स/जेसन स्मिथ, 7. मार्को यानसेन, 8. कॉर्बिन बॉश, 9. कगिसो रबाडा, 10. केशव महाराज/जॉर्ज लिंडे, 11. लुंगी एनगिडी/अनरिख़ नॉर्खिए
दूसरी ओर, UAE की टीम में किसी बड़े फेरबदल की गुंजाइश कम ही दिखती है और वे अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ खेलने वाली अपनी पुरानी टीम पर ही भरोसा जता सकते हैं।
UAE (संभावित XI): 1. मुहम्मद वसीम (कप्तान), 2. आर्यंश शर्मा (विकेटकीपर), 3. अलीशान शराफ़ू, 4. सोहैब ख़ान, 5. सैयद हैदर, 6. हर्षित कौशिक, 7. मुहम्मद अरफ़ान, 8. हैदर अली, 9. सिमरनजीत सिंह, 10. जुनैद सिद्दीकी, 11. मुहम्मद जवादुल्लाह
इन खिलाड़ियों पर रहेगी नज़र: कगिसो रबाडा और मुहम्मद वसीम
टूर्नामेंट के शुरुआती तीन मैचों में महज़ दो विकेट लेने वाले कगिसो रबाडा के लिए अब तक यह विश्व कप उम्मीद के मुताबिक़ नहीं रहा है। टीम के सबसे बड़े हथियार होने के नाते रबाडा ज़रूर अपनी गेंदबाज़ी में वो पुरानी पैनाहट वापस लाना चाहेंगे, ताकि सुपर 8 जैसे बड़े मैचों से पहले उनके पास आत्मविश्वास की कोई कमी न रहे। अरुण जेटली स्टेडियम की पिच पर पिछले मैच में तेज़ गेंदबाज़ों के लिए काफ़ी मदद दिखी थी, ऐसे में रबाडा इस मौक़े का पूरा फ़ायदा उठाकर अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे।
वहीं UAE के कप्तान और उनके सबसे धाकड़ बल्लेबाज़ मुहम्मद वसीम ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पचासा जड़कर टूर्नामेंट का शानदार आग़ाज़ किया था, लेकिन अगले दो मुक़ाबलों में वे 4 और 10 के स्कोर पर ही ढेर हो गए। साउथ अफ़्रीका के ख़तरनाक गेंदबाज़ी आक्रमण के सामने UAE को अपने कप्तान से एक बड़ी और कप्तानी पारी की उम्मीद होगी, ताकि उनकी बल्लेबाज़ी लड़खड़ाने से बच सके।
बड़ी तस्वीर
T20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज में साउथ अफ़्रीका के आख़िरी मुक़ाबले पर बादलों का साया है, लेकिन अच्छी बात यह है कि पिछली बार की फ़ाइनलिस्ट टीम को इस बार कुदरत के कहर का कोई डर नहीं है। अपने शुरुआती तीनों मैच जीतकर वे पहले ही सुपर 8 का टिकट पक्का कर चुके हैं।
इसके बावजूद, साउथ अफ़्रीकी टीम अपनी जीत के सिलसिले को बरकरार रखना चाहेगी ताकि वे बेदाग रिकॉर्ड के साथ अगले दौर में कदम रख सकें। UAE के ख़िलाफ़ होने वाला यह मैच इस विश्व कप में अहमदाबाद से बाहर साउथ अफ़्रीका का पहला मुक़ाबला होगा, लिहाज़ा नए मैदान और अलग परिस्थितियों में यह उनके लिए किसी इम्तिहान से कम नहीं होगा।
साउथ अफ़्रीका के पास इस मैच के ज़रिए अपनी बेंच स्ट्रेंथ आज़माने और टूर्नामेंट में अब तक सामने आई छोटी-मोटी कमियों को सुधारने का भी शानदार मौक़ा है।
उनका सामना UAE की उस टीम से होगा जिसने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ अपने पिछले मैच में कड़ा संघर्ष दिखाया था। भले ही मैच हार में समाप्त हुआ, लेकिन अलीशान शराफ़ु और सोहैब ख़ान की पारियां, साथ ही अफ़ग़ानिस्तान की चेज़ के अधिकांश हिस्से में उनकी गेंदबाज़ी, उन्हें आत्मविश्वास देगी।
वह मुक़ाबला दिल्ली में दिन का मैच था, इसलिए UAE को लगेगा कि उन्हें परिस्थितियों की बेहतर समझ है।