SRH के ख़िलाफ़ आग उगलता है धोनी का बल्ला, जानें उनके अद्भुत आंकड़े
शुक्रवार को SRH के ख़िलाफ़ उतरने वाली है CSK
नीरज पांडेय
04-Apr-2024
धोनी ने दिल्ली के ख़िलाफ़ पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन किया था • Associated Press
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने दिल्ली कैपिटल्स के ख़िलाफ़ 16 गेंदों में 37 रनों की जोरदार पारी खेली थी और अब फैंस को उनकी बल्लेबाज़ी फिर से देखने की बेकरारी है। अब धोनी जल्दी आएंगे या नहीं ये तो नहीं पता, लेकिन SRH के ख़िलाफ़ उनके आंकड़े काफ़ी शानदार हैं। आइए जानते हैं उन्हीं आंकड़ों के बारे में।
SRH के ख़िलाफ़ धोनी का प्रदर्शन
धोनी ने SRH के ख़िलाफ़ 22 IPL मैचों की 18 पारियों में लगभग 49 की शानदार औसत से 488 रन बनाए हैं। वर्तमान समय में खेल रहे बल्लेबाज़ों में वह SRH के ख़िलाफ़ पांचवें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं। धोनी ने इस टीम के ख़िलाफ़ चार अर्धशतक लगाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 145.23 का रहा है। SRH के ख़िलाफ धोनी 18 में से आठ पारियों में नाबाद रहे हैं।
संबंधित
थ्री प्वाइंट रिपोर्ट: पंत और धोनी की वापसी पारी, दिल्ली की पहली जीत
वरुण ऐरन : अगर निर्णायक मुक़ाबला होता तो धोनी ऊपर बल्लेबाज़ी करने ही आते
मुस्तफ़िज़ुर के सनराइज़र्स के ख़िलाफ़ शुक्रवार को CSK के लिए खेलना संदिग्ध
आंकड़े झूठ नहीं बोलते: स्पिनर्स के दम पर निकलेगा SRH vs CSK मैच का परिणाम
मयंक यादव जैसी गति वाले लोग अक्सर नहीं दिखते: ग्लेन मैक्सवेल
SRH के प्रमुख गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ धोनी का प्रदर्शन
भुवनेश्वर कुमार SRH के प्रमुख गेंदबाज़ हैं। नई और पुरानी दोनों गेंदों से भुवनेश्वर अपनी टीम के लिए काफ़ी अहम होंगे और धोनी ने उनके ख़िलाफ़ शानदार प्रदर्शन किया है। 11 IPL पारियों में धोनी ने भुवनेश्वर के ख़िलाफ़ लगभग 165 की स्ट्राइक रेट से 94 रन बनाए हैं। इस दौरान एक भी बार वह भुवी का शिकार नहीं बने हैं। धोनी ने भुवी के ख़िलाफ़ 57 गेंदों में सात चौके और पांच छक्के लगाए हैं।
जयदेव उनादकट को लगातार मौक़े मिल रहे हैं, लेकिन उनके ख़िलाफ़ खेलना भी धोनी को ख़ूब भाता है। उनादकट के ख़िलाफ़ धोनी ने केवल 43 गेंदों में 105 रन बना दिए हैं। केवल एक बार उनादकट के ख़िलाफ़ आउट होने वाले धोनी का औसत 105 और स्ट्राइक-रेट 250 के क़रीब रहा है। उनादकट के ख़िलाफ़ धोनी ने सात छक्के और आठ चौके लगाए हैं।
मयंक मार्कंडे टीम के इकलौते विशेषज्ञ लेग स्पिनर हैं और उनका रोल काफ़ी अहम है। धोनी ने उनके ख़िलाफ़ आठ गेंदों में 14 रन बनाए हैं। भले ही धोनी का मर्कंडे के ख़िलाफ़ स्ट्राइक-रेट 175 का है, लेकिन एक बार वह उनका शिकार भी बन चुके हैं।