Features

लगातार तीसरी बार हज़ार के पार पहुंचा IPL में लगे छक्कों का आंकड़ा

प्रति मैच औसतन 18 छक्के लगे हैं, हर 13वीं गेंद पर बॉल सीधा बाउंड्री के बाहर गिरी है

IPL के किसी सीज़न में एक वेन्यू पर सर्वाधिक छक्के बेंगलुरु में लगे हैं  BCCI

हज़ार छक्कों की दौड़

Loading ...

लगातार तीसरी बार IPL के एक सीज़न में एक हज़ार से अधिक छक्के लगे हैं। 2022 में दो नई टीमों के आने से मैचों की सांख्य में बढ़ोतरी हुई और इसका सीधा असर छक्कों की संख्या पर भी पड़ा। उस सीज़न 74 मैचों में कुल 1062 छक्के लगे थे। इससे पहले सर्वाधिक 872 छक्के IPL 2018 में लगे थे।

IPL 2023 में 1124 छक्के लगे और अब यह आंकड़ा भी ज़्यादा दूर दिखाई नहीं दे रहा है। इस सीज़न में अभी 17 मैच और बचे हुए हैं और इस आंकड़े को पार करने के लिए सिर्फ़ 110 और छक्कों की दरकार है। IPL 2023 में एक हज़ार छक्कों की संख्या 67वें मैच में पूरी हुई थी जबकि इस बार 10 मैच कम और 2312 गेंद पहले ही पूरी हो गई।

दो बार टूटा एक मैच में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड

IPL के मौजूदा सीज़न से पहले किसी टी20 मैच में सर्वाधिक छक्कों (37) का रिकॉर्ड अफ़ग़ानिस्तान प्रीमियर लीग (2018) और कैरिबियन प्रीमियर लीग (2019) में बना था। सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) और मुंबई इंडियंस (MI) के ख़िलाफ़ 27 मार्च को खेले गए मैच में 38 छक्के लग गए। इसके बाद SRH और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेले गए मैच में भी कुल 38 छक्के लगे। हालांकि जल्द ही यह रिकॉर्ड टूट गया और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के ख़िलाफ़ मैच में कुल 42 छक्के लग गए, यह रिकॉर्ड चेज़ वाला भी मैच था।

SRH के लिए एक रिकॉर्ड सीज़न

SRH और दिल्ली कैपिटल्स (DC) कभी भी ज़्यादा छक्के लगाने वाली टीमों में नहीं गिने गए। SRH ने तो इस सीज़न से पहले किसी सीज़न में 100 छक्के भी नहीं लगाए थे और अब SRH ने एक सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है, वह भी तब जब उसके लीग मैच अभी भी बचे हुए हैं।

SRH ने इस सीज़न अब तक कुल 146 छक्के लगाए हैं, इससे पहले CSK ने 2018 में कुल 145 छक्के लगाए थे। इससे पहले छक्के लगाने के लिहाज़ से SRH का सबसे बढ़िया सीज़न 2022 का था जब उन्होंने 97 छक्के लगाए थे। इसी तरह DC ने भी 2018 में 14 मैचों में कुल 115 छक्के लगाए थे और इस सीज़न यह टीम 12 मैचों में ही 120 छक्के जड़ चुकी है।

छक्कों का लॉन्चपैड बना दिल्ली का मैदान

एक साल पहले ही डेविड वॉर्नर ने यह शिकायत की थी कि दिल्ली की पिच बल्लेबाज़ी के लिए अनुकूल नहीं होती और इस सीज़न अरुण जेटली स्टेडियम छक्कों का लॉन्चपैड बन गया है। इस सीज़न यहां अब तक सिर्फ़ चार मैच ही खेले गए हैं और 114 छक्के लग चुके हैं। प्रति मैच इस मैदान पर कम से कम 25 छक्के लगे हैं। औसतन हर 8.41 गेंद पर बॉल बाउंड्री के बाहर गिरी है।

कोलकाता भी इस मामले में पीछे नहीं है। वहां अब तक खेले गए कुल छह मैचों में 139 छक्के लग चुके हैं और IPL के इस सीज़न में सर्वाधिक छक्के भी कोलकाता में ही लगे हैं।

प्रति मैच लगे छक्कों की दर के हिसाब से शीर्ष चार स्थान पर दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद का वेन्यू है। अब तक सिर्फ़ दो बार ही ऐसा हुआ है कि IPL के किसी सीज़न में एक वेन्यू पर 150 से ज़्यादा छक्के लगे हैं। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 2016 में कुल 165 छक्के लगे थे। जबकि पिछले साल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर कुल 162 छक्के लगे।

ईडेन गार्डेन्स में यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए अंतिम मैच में 27 छक्कों की ज़रूरत होगी। बेंगलुरु और हैदराबाद भी इस मामले में पीछे नहीं हैं। इन दोनों वेन्यू पर अभी दो मैच बचे हुए हैं और इस सीज़न यहां क्रमशः 111 और 110 छक्के लग चुके हैं।

Gujarat TitansLucknow Super GiantsSunrisers HyderabadMumbai IndiansRajasthan RoyalsDelhi CapitalsChennai Super KingsPunjab KingsKolkata Knight RidersRoyal Challengers BengaluruLSG vs SRHIndian Premier League

संपत बंडारुपल्ली ESPNcricinfo में सांख्यिकीविद हैं