जीत की लय को बरकरार रखना चाहेंगी दोनों टीमें
बड़ी तस्वीर
अब तक अंडरडॉग टीमों की जुझारू चुनौतियों से भरे इस टूर्नामेंट में, यह मुक़ाबला बड़े नामों की टक्कर के रूप में रोमांच बढ़ाने वाला हो सकता है। T20 विश्व कप में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज़ की भिड़ंत, क्रिकेट इतिहास के सबसे महान फ़ाइनल में से एक को फिर से याद करने का स्वाभाविक मौक़ा देती है। ठीक दस साल पहले, लगभग इसी महीने कोलकाता में कार्लोस ब्रैथवेट ने बेन स्टोक्स को बार-बार आसमान में भेजते हुए 2016 की ट्रॉफ़ी इंग्लैंड के हाथों से छीन ली थी। लगभग उसी वक़्त जब ट्रॉफी पर उनका नाम उकेरा ही जा रहा था।
इंग्लैंड के पास उस अभियान के अब भी दो खिलाड़ी बचे हैं- आदिल राशिद और जॉस बटलर। वहीं वेस्टइंडीज़ की बात करें तो, उस दस साल पुराने दल से जॉनसन चार्ल्स और जेसन होल्डर अब भी मौजूद हैं। साथ ही उनके प्रमुख कोच डैरेन सैमी भी, जिनकी कप्तानी ने खिलाड़ियों को एक साझा उद्देश्य के लिए एकजुट किया था।
यह एक ऐसा अवसर है जिसे संजोया जाना चाहिए। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज़ दोनों ने दो-दो T20 विश्व कप जीते हैं, जिससे वे भारत के साथ टूर्नामेंट के सबसे सफल टीमों में शामिल हैं। उनकी प्रतिद्वंदिता का समृद्ध अतीत बुधवार रात वर्तमान को दिशा देगा, जब दोनों टीमें भविष्य की ओर क़दम बढ़ाने की कोशिश करेंगी।
टीम समाचार
इंग्लैंड ने एक बार फिर अपनी अंतिम एकादश जल्दी घोषित कर दी है। नेपाल के ख़िलाफ़ मुकाबले से सिर्फ़ एक बदलाव किया गया है और ल्यूक वुड की जगह जेमी ओवरटन को शामिल किया गया है। वह अच्छे गेंदबाज़ के साथ निचले क्रम में लंबा शॉट भी मार सकते हैं।
इंग्लैंड: 1 फ़िल सॉल्ट, 2 जॉस बटलर (विकेटकीपर), 3 जैकब बेथेल, 4 टॉम बैंटन, 5 हैरी ब्रूक (कप्तान), 6 सैम करन, 7 विल जैक्स, 8 लियम डॉसन, 9 जेमी ओवरटन, 10 जोफ्रा आर्चर, 11 आदिल रशीद
वेस्टइंडीज़ ने अपनी एकादश अभी उजागर नहीं की है। स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ जीत के बाद बदलाव की ख़ास ज़रूरत भी नहीं है।
वेस्टइंडीज़ (संभावित): 1 ब्रैंडन किंग, 2 शे होप (कप्तान और विकेटकीपर), 3 शिमरन हेटमायर, 4 रोवमन पॉवेल, 5 शरफ़ेन रदरफ़ोर्ड, 6 रोमारियो शेफ़र्ड, 7 मैथ्यू फ़ोर्ड, 8 जेसन होल्डर, 9 अकील हुसैन, 10 शमार जोसेफ़, 11 गुदाकेश मोती।
पिच और परिस्थितियां: शाम के मैच में ओस का असर
अब तक वानखेड़े में वह रन-कार्पेट नहीं बिछा है, जिसके लिए वह जाना जाता है। नेपाल के स्पिनरों ने इंग्लैंड को रोका, जबकि USA की तेज़ गेंदबाज़ी गेंदबाज़ी के सामने भारत की शुरुआत भी मुश्किल रही। हालांकि, सैमी को इस बार बड़े स्कोर की उम्मीद है। शाम 7 बजे के इस मैच में ओस अहम भूमिका निभा सकती है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम शायद पहले गेंदबाज़ी करना चाहेगी।