मैच (13)
त्रिकोणीय वनडे सीरीज़, श्रीलंका (1)
IPL (3)
विश्व कप लीग 2 (1)
HKG T20 (1)
County DIV1 (3)
County DIV2 (4)
फ़ीचर्स

आंकड़े : चिन्नास्वामी पर रोहित शर्मा का करिश्मा

रोहित ने एक बल्लेबाज़ के तौर पर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए

1 - भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच खेला गया यह मुक़ाबला, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का पहला ऐसा मैच था जिसमें दो सुपर ओवर खेले गए हैं। जबकि टी20 इतिहास में इससे पहले ऐसा सिर्फ़ एक ही बार हुआ था, जब IPL 2020 में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच सुपर ओवर के दो मुक़ाबले खेले गए थे।
424 - भारत और अफ़ग़ानिस्तान ने मिलकर एक टाई मुक़ाबले में 424 रन बनाए, जो टाई हुए किसी टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुक़ाबले में बनाए गए सर्वाधिक रनों की सूची में दूसरे स्थान पर है। 2010 में क्राइस्टचर्च में ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले गए मुक़ाबले में 428 रन बने थे। जिसमें दोनों ही टीमों ने 214 रन बनाए थे।
5 - टी20 अंतर्राष्ट्रीय में रोहित शर्मा अब सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। रोहित ने पांच शतक लगाकर ग्लेन मैक्सवेल और सूर्यकुमार यादव को पछाड़ दिया है। 69 गेंदों में रोहित की 121 की पारी टी20 अंतर्राष्ट्रीय में उनका सर्वोच्च सकोर है, जबकि भारतीय टीम के परिपेक्ष्य में यह इस प्रारूप में किसी बल्लेबाज़ द्वारा बनाया गया चौथा सर्वोच्च स्कोर है।
रोहित, नवंबर 2018 में ही टी20 अंतर्राष्ट्रीय में सबसे ज़्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बने थे। लेकिन इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल (नवंबर 2023) और सूर्यकुमार यादव (दिसंबर 2023) ने उनकी बराबरी कर ली थी। हालांकि अब रोहित ने एक बार फिर इस उपलब्धि को हासिल कर लिया है।
190 - रोहित और रिंकू सिंह के बीच नाबाद 190 रनों की साझेदारी हुई। जो अब टी20 अंतर्राष्ट्रीय में भारत के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड संजू सैमसन और दीपक हुड्डा के बीच हुई 176 रनों की साझेदारी के नाम था, जो उन्होंने 2022 में आयरलैंड के ख़िलाफ़ खेलते हुए बनाया था।
58 - भारत ने अपने अंतिम दो ओवरों में 58 रन बनाए। यह टी20 अंतर्राष्ट्रीय में किसी भी पुरुष में अंतिम दो ओवर में बनाए गए सबसे ज़्यादा रन हैं। इससे पहले इस अवधि में सबसे ज़्यादा रन नेपाल ने मंगोलिया के ख़िलाफ़ बनाए थे। पिछले साल हुए एशियन गेम्स में नेपाल ने 19वें और 20वें में कुल 55 रन बनाए थे।
1 - भारतीय पारी का अंतिम ओवर डालने आए करीम जनत के ओवर में रोहित और रिंकू ने कुल 36 रन बटोरे। युवराज सिंह और कायरन पोलार्ड के लगातार छह छक्कों को जोड़ते हुए यह रोहित और रिंकू के यह रन टी20 अंतर्राष्ट्रीय के किसी एक ओवर में संयुक्त रूप से बटोरे गए सर्वाधिक रन हैं।
103 - भारत ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ अंतिम पांच ओवरों में कुल 103 रन बनाए। अब तक सिर्फ़ एक ही टीम ने टी20 अंतर्राष्ट्रीय में 16वें से 20वें ओवर के बीच 100 से ज़्यादा रन बनाए हैं। इससे पहले नेपाल ने मंगोलिया के ख़िलाफ़ एशियन गेम्स में इस अवधि में 108 रन बनाए थे।
8 - रोहित और रिंकू की 190 की नाबाद साझेदारी टी20 अंतर्राष्ट्रीय में अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी के मामले में नौवें स्थान पर है। अन्य आठ साझेदारियों में से सात साझेदारियां ऐसी हैं जो पहले विकेट के लिए की गई हैं। हालांकि रोहित और रिंकू की यह साझेदारी टी20 अंतर्राष्ट्रीय में चौथे या उससे निचले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
3 - रोहित के पांच शतकों में से तीन शतक ऐसे हैं जो उन्होंने कप्तानी करते हुए लगाए हैं। रोहित ने इस मामले में पाकिस्तान के बाबर आज़म की बराबरी कर ली है। बाबर ने भी अपने कप्तानी कार्यकाल के दौरान तीन शतक लगाए थे।
69 - रिंकू का 69 नाबाद का स्कोर टी20 अंतर्राष्ट्रीय में भारत के लिए नंबर छह या उससे नीचे बल्लेबाज़ी करने वालों में सर्वोच्च है। इससे पहले अक्षर पटेल ने 2023 में पुणे के मैदान पर श्रीलंका के ख़िलाफ़ सात नंबर पर बल्लेबाज़ी करते हुए 65 रन बनाए थे।
36 वर्ष, 262 दिन - किसी टेस्ट प्लेइंग नेशन से संबंध रखने वाले खिलाड़ी के तौर पर रोहित टी20 अंतर्राष्ट्रीय में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज़ क्रिकेटर बन गए हैं। इससे पहले टी20 अंतर्राष्ट्रीय में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज़ क्रिकेटर क्रिस गेल थे। गेल ने जब 2016 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ नाबाद रहते हुए शतक लगाया था, तब उनकी उम्र 36 वर्ष और 117 दिन थी।
5 - रोहित और रिंकू के अलावा अफ़ग़ानिस्तान के अन्य तीन बल्लेबाज़ों के 50 से अधिक के स्कोर को जोड़ा जाए तब टी20 अंतर्राष्ट्रीय में यह महज़ दूसरा अवसर है जब किसी मैच में पांच बल्लेबाज़ों ने 50 से अधिक का स्कोर बनाया हो। 2020 में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच ऑकलैंड में खेले गए मैच में पहली बार ऐसा हुआ था।