आईपीएल 2021 : राजस्थान रॉयल्स से खेलेंगे एविन लुईस और ओशेन थॉमस
बेन स्टोक्स और जॉस बटलर की लेंगे जगह
ईएसपीएनक्रिकइंफ़ो स्टाफ़
01-Sep-2021
एविन लुईस ने अब तक टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 103 छक्के लगाए हैं • AFP
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के दूसरे चरण के लिए राजस्थान रॉयल्स ने वेस्टइंडीज़ के सलामी बल्लेबाज़ एविन लुईस और तेज़ गेंदबाज़ ओशेन थॉमस को अपनी टीम में शामिल किया है। वे क्रमशः जॉस बटलर और बेन स्टोक्स की जगह लेंगे। कोविड से प्रभावित हुए आईपीएल 2021 का दूसरा चरण 19 सितंबर से 15 अक्टूबर तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेला जाएगा।
1318 रनों के साथ लुईस टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वेस्टइंडीज़ की ओर से सबसे ज़्यादा रन बनाने के मामले में पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने 103 छक्के भी लगाए हैं। सिर्फ़ क्रिस गेल (121) ने इस प्रारूप में लुईस से अधिक छक्के जड़े हैं। लुईस इस समय कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में सेंट किट्स एंड नीविस पेट्रियट्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
यह रॉयल्स के साथ लुईस का पहला कार्यकाल होगा। इससे पहले वह 2018 और 2019 में मुबंई इंडियंस का हिस्सा थे।
थॉमस के लिए आईपीएल में रॉयल्स के साथ यह दूसरा कार्यकाल होगा। उन्होंने 2019 में इसी फ़्रेंचाइज़ी के लिए चार मैच खेले थे जहां 7.90 की इकॉनमी से गेंदबाज़ी करते हुए उन्होंने पांच विकेट झटके थे। थॉमस सीपीएल टीम बारबेडोस रॉयल्स के दूसरे खिलाड़ी होंगे जिन्हें आईपीएल 2021 के दूसरे हिस्से के लिए राजस्थान रॉयल्स की टीम में शामिल किया गया है। पिछले महीने की शुरुआत में राजस्थान ने जोफ़्रा आर्चर की जगह न्यूज़ीलैंड के ग्लेन फ़िलिप्स को टीम में बुलाया है।
बटलर और स्टोक्स के बाहर होने के बाद अब राजस्थान टीम अपने तीन सुपरस्टार खिलाड़ियों के बिना दूसरे चरण में भाग लेंगी। जहां बटलर ने अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण घर पर रहने का फ़ैसला किया हैं, वहीं स्टोक्स ने मानसिक-स्वास्थ्य कारणों से क्रिकेट से अनिश्चित काल का ब्रेक लिया हैं। इनके अलाना आर्चर भी कोहनी के फ़्रैक्चर के कारण इस साल के लिए क्रिकेट से बाहर हो गए हैं।
रॉयल्स 21 सितंबर को पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ आईपीएल 2021 के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे। वे इस समय अंक तालिका में पांचवें स्थान पर हैं।
अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी के सब एडिटर अफ़्ज़ल जिवानी ने किया है।