LSG के गेंदबाज़ी कोच बने भरत अरुण
भरत अरुण इससे पहले KKR के साथ जुड़े थे, वह भारत के गेंदबाज़ी कोच भी रह चुके हैं
शशांक किशोर
30-Jul-2025 • Updated 18 hrs ago
भरत अरुण, KKR के साथ पिछले चार सीज़न से जुड़े थे • BCCI
भरत अरुण को IPL 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने अपना गेंदबाज़ी कोच नियुक्त किया है। अरुण को सेटअप में एक विस्तृत भूमिका मिलने की संभावना है, जहां वह युवा तेज़ गेंदबाज़ों की स्काउट और उनके सालभर के विकास की निगरानी भी करेंगे।
अरुण के साथ LSG कार्ल क्रो को स्पिन कंसल्टेंट के रूप में भी जोड़ने जा रहा है। क्रो को वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की गेंदबाज़ी में व्यापक और सकारात्मक बदलाव करने का श्रेय दिया जाता है।
LSG से जुड़ने पर अरुण ने कहा, "लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह एक ऐसी फ्रैंचाइज़ी है, जो हर स्तर पर व्यावसायिकता, महत्वाकांक्षा और दूरदर्शिता को दर्शाती है। टीम के ऑनर डॉ. संजीव गोयनका और प्रबंधन के साथ मेरी बातचीत अविश्वसनीय रूप से उत्साहवर्धक रही। टीम की युवा भारतीय प्रतिभाओं में निवेश करने और एक दीर्घकालिक विरासत बनाने की स्पष्ट मंशा है।"
उन्होंने आगे कहा, "टीम में सबसे ज़्यादा उत्साहित करने वाली बात है दीर्घकालिक विकास की दूरदर्शिता। एलएसजी के पास भारतीय युवा तेज गेंदबाज़ों का प्रतिभाशाली और ऊर्जावान समूह है- आकाशदीप, आवेश खान, मयंक यादव, प्रिंस यादव, मोहसिन खान और आकाश सिंह। इनमें से प्रत्येक में मैं अपार संभावनाएं देखता हूं। मेरा मिशन उन्हें एकजुट, निडर और रणनीतिक तेज गेंदबाजी यूनिट के रूप में ढालने में मदद करना है, जो दुनिया के किसी भी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ी क्रम को चुनौती दे सके।"
अरुण से पहले भारत के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ जहीर ख़ान ने IPL 2025 में LSG टीम मेंटॉर की भूमिका निभाई थी। LSG उस सीज़न में प्लेऑफ़ में जगह बनाने में नाकाम रही थी और सातवें स्थान पर थी।
LSG के साथ अरुण का अनुबंध कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ उनके चार साल लंबे सफ़र का अंत भी करता है। वह 2022 में प्रमुख कोच ब्रेंडन मक्कलम के साथ जुड़े थे। शुरुआत में उनका तीन साल का अनुबंध था, जिसे एक साल के लिए बढ़ाया गया और वह IPL 2025 के अंत तक टीम के साथ बने रहे। उस सीज़न में KKR आठवें स्थान पर रही थी।
अरुण का बाहर होना KKR के सपोर्ट स्टाफ में बड़े बदलाव का हिस्सा है। मंगलवार को टीम ने घोषणा की कि प्रमुख कोच चंद्रकांत पंडित ने तीन सीज़न बाद टीम से अलग होने का फ़ैसला किया है। उस समय अरुण के बाहर होने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई थी।<
अरुण एक मज़बूत अनुभव के साथ आते हैं। उन्होंने भारतीय टीम के साथ दो सफल कार्यकाल निभाए हैं- पहले 2014 से 2015 तक और फिर 2017 से 2021 तक। इस बीच वह 2015 से 2017 तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बैकरूम स्टाफ़ का हिस्सा भी रहे थे।
शशांक किशोर ESPNcricinfo में वरिष्ठ संवाददाता हैं