भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़
दिनेश कार्तिक अपना आख़िरी IPL सीज़न खेलने के लिए तैयार हैं। ESPNcricinfo को पता चला है कि जून में 39 साल के होने जा रहे कार्तिक अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर पर भी फ़ैसला लेंगे। कार्तिक उन सात ख़िलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने अब तक IPL का हर सीज़न खेला है। कार्तिक के अलावा एमएस धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, ऋद्धिमान साहा और मनीष पाण्डेय ने भी अब तक हर सीज़न खेला है। 16 सीज़न में कार्तिक ने केवल दो मैच मिस किए हैं।
कार्तिक ने पहले सीज़न में कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़िलाफ़ और 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ मैच नहीं खेला था। 2023 में कार्तिक का बल्ले से प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और उन्होंने 11 की औसत से केवल 140 रन बनाए थे।
2022 में कार्तिक को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5.5 करोड़ रूपये में खरीदा था और उस सीज़न उन्होंने जोरदार प्रदर्शन भी किया था। कार्तिक ने मुख्य तौर पर फ़िनिशर की भूमिका निभाई थी और उनके बल्ले से 16 मैचों में 55 की औसत और 183.33 की स्ट्राइक-रेट के साथ 330 रन निकले थे। आरसीबी को प्ले-ऑफ़ में पहुंचाने में कार्तिक का अहम योगदान रहा था।
IPL की फ़ॉर्म के दम पर कार्तिक को 2022 टी-20 विश्व कप की टीम में भी जगह मिली थी। हालांकि टूर्नामेंट में उन्होंने तीन पारियों में केवल 14 रन बनाए थे। 2015 में RCB के लिए खेलने के बाद अब कार्तिक इस टीम के लिए दूसरी बार खेल रहे हैं। कार्तिक अब तक छह अलग-अलग फ़्रैंचाइजियों के लिए खेल चुके हैं।
दिल्ली डेयरडेविल्स (2008-14), किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स 2011), मुंबई इंडियंस (2012-13), गुजरात लॉयंस (2016-17), नाइट राइडर्स (2018-21) और आरसीबी (2015, 2022-वर्तमान) के लिए कार्तिक खेले हैं। 240 IPL मैचों में कार्तिक ने लगभग 26 की औसत के साथ 4516 रन बनाए हैं। 20 अर्धशतक लगा चुके कार्तिक का स्ट्राइक-रेट 132 का रहा है। विकेटकीपर के रूप में धोनी के बाद कार्तिक दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 133 शिकार किए हैं जिसमें 36 स्टंपिंग शामिल हैं।
तमिलनाडु के अच्छे कप्तान कार्तिक ने IPL में भी कप्तानी की है। डेयरडेविल्स में छह बार स्टैंड-इन के तौर पर तो वहीं नाइट राइडर्स के लिए 37 मैचों में स्थाई कप्तान के तौर पर। कप्तानी में उन्होंने 21 जीत, 21 हार और एक टाई मैच का परिणाम हासिल किया है। भले ही कार्तिक खिलाड़ी के रूप में ख़ेल को अलविदा कहने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने दूसरे करियर की शुरुआत कर दी है। 2021 में खेलने के साथ ही कार्तिक ने ब्रॉडकास्टर के तौर पर अपना डेब्यू कर दिया था। कार्तिक अब अच्छे ब्रॉडकास्टर बन चुके हैं और भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ में कॉमेंट्री कर रहे हैं।