मैच (9)
ENG vs IND (1)
WI vs AUS (1)
ज़िम्बाब्वे T20I त्रिकोणीय सीरीज़ (1)
ENG-U19 vs IND-U19 (1)
MLC (1)
GSL (2)
Vitality Blast Men (1)
Vitality Blast Women (1)
ख़बरें

पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाज़ी कोच बने सुनील जोशी

पूर्व भारतीय स्पिनर ट्रेवर बेलिस के नेतृत्व वाले सपोर्ट स्टाफ़ में शामिल होंगे

Sunil Joshi's stint with the Bangladesh team ended after the 2019 World Cup

सुनील जोशी को 2019 में किंग्स इलेवन पंजाब का सहायक कोच बनाया गया था  •  Getty Images

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 से पहले सुनील जोशी को पंजाब किंग्स का स्पिन गेंदबाज़ी कोच नियुक्त किया गया है।
जोशी, जो हाल तक एक वरिष्ठ राष्ट्रीय पुरुष चयनकर्ता थे, अतीत में भी पंजाब टीम का हिस्सा रह चुके हैं। जोशी 2019 के अंत में मुख्य कोच अनिल कुंबले के सहायक के रूप में नियुक्त किए गए थे लेकिन चयनकर्ता के पद में चुने जाने के बाद उन्होंने पंजाब का साथ छोड़ दिया था। वह इससे पहले 2008 और 2009 में टूर्नामेंट के पहले दो सत्रों में एक खिलाड़ी के रूप में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा थे।
पिछले सीज़न में छठे स्थान पर रहने के बाद अनिल कुंबले की जगह ट्रेवर बेलिस को पंजाब का नया मुख्य कोच बनाया गया था। सपोर्ट स्टाफ़ को पूरी तरह से बदलते हुए वसीम जाफ़र को बल्लेबाज़ी तथा चार्ल लैंगवेल्ट को गेंदबाज़ी कोच नियुक्त किया गया है।
खिलाड़ियों के समूह में भी बड़ा बदलाव किया गया था जब पूर्व कप्तान मयंक अग्रवाल को नीलामी से पहले रिलीज़ किया गया था। उनकी जगह शिखर धवन को नया कप्तान बनाया गया है। नीलामी में सनराइज़र्स हैदराबाद ने मयंक को ख़रीदा।
जोशी ने 2019 में तत्कालीन किंग्स इलेवन पंजाब द्वारा नियुक्त किए जाने से पहले बांग्लादेश की राष्ट्रीय पुरुष टीम के स्पिन-गेंदबाज़ी कोच के रूप में काम भी किया था। 2022 में चेतन शर्मा द्वारा रिप्लेस किए जाने से पहले 2020 में वह भारतीय चयन समिति के अध्यक्ष भी रहे थे। अध्यक्ष पद से हटने के बावजूद वह चयन समिति के सदस्य बने रहे थे।
1990 और 2000 के दशक में जोशी भारतीय घरेलू क्रिकेट में कर्नाटका के एक दिग्गज खिलाड़ी थे। अपने करियर में उन्होंने 160 प्रथम श्रेणी, 163 लिस्ट ए और 15 टी20 मैच खेले थे। उन्होंने 1996 और 2001 के बीच 15 टेस्ट और 69 वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और अपनी बाएं हाथ की स्पिन के साथ दोनों प्रारूपों में कुल मिलाकर 110 विकेट लिए और 936 रन बनाए।