News

वॉर्नर और ठाकुर को नहीं मिला ख़रीदार

बड़ी नीलामी में अनसोल्ड हुए कुछ बड़े नाम

IPL 2025 नीलामी: किस टीम ने किया सर्वश्रेष्ठ और किससे हुई चूक?

IPL 2025 नीलामी: किस टीम ने किया सर्वश्रेष्ठ और किससे हुई चूक?

रनऑर्डर में IPL 2025 नीलामी पर विस्तार से चर्चा ESPNcricinfo हिंदी टीम के साथ

IPL 2025 की बड़ी नीलामी में 38 वर्षीय डेविड वॉर्नर उन बड़े नामों में से एक रहे जिन्हें कोई ख़रीदार नहीं मिला। जून में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके वॉर्नर का बेस प्राइस 2 करोड़ था। रविवार को अनसोल्ड जाने के बाद सोमवार को उनका नाम एक्सीलरेटेड राउंड में भी आया लेकिन उनके ऊपर किसी भी टीम ने दांव नहीं लगाया।

Loading ...

IPL में वॉर्नर सबसे ज़्यादा 6565 रन बनाने वाले विदेशी खिलाड़ी हैं। 184 मैच खेल चुके वॉर्नर विराट कोहली (8004), शिखर धवन (6769) और रोहित शर्मा (6628) के बाद टूर्नामेंट के इतिहास के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं। हालांकि IPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए वह आठ पारियों में 134.40 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ़ 168 रन ही बना पाए।

वॉर्नर ने अपना अंतिम प्रतिस्पर्धी मैच अगस्त में MAX60 टूर्नामेंट में कैरबियाई धरती में खेला था। वह उस टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे, उन्होंने तब 181.09 के स्ट्राइक रेट से 297 रन बनाए। वह अगले साल ILT20 में दुबई कैपिटल्स के लिए खेलते दिखाई देंगे।

भारतीय खिलाड़ियों में शार्दुल ठाकुर वो बड़ा नाम थे जिन्हें ख़रीदार नहीं मिला। शार्दुल का बेस प्राइस दो करोड़ था और उन्होंने पिछले सीज़न चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेला था। पिछले सीज़न उन्होंने नौ मैच खेलते हुए 9.75 की इकॉनमी से पांच विकेट चटकाए थे। उन्हें तीन बार बल्लेबाज़ी का मौक़ा मिला था और उनके बल्ले से कुल 21 रन निकले थे।

ठाकुर ने दिसंबर 2023 के बाद से ही भारत के लिए एक भी मैच नहीं खेला और जून में ही उनके पैर की सर्जरी भी हुई थी। अक्तूबर में मुंबई में ईरानी कप के दौरान उनकी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी हुई थी।

पृथ्वी शॉ को DC ने IPL 2022 से पहले रिटेन किया था और उन्हें भी उनके बेस प्राइस 75 लाख पर भी कोई ख़रीदार नहीं मिला। शॉ ने पिछले दो सीज़न में DC के लिए अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था जिसके बाद पिछले सीज़न में अभिषेक पोरेल के लिए उन्हें ड्रॉप किया गया था। हाल ही में उन्हें मुंबई की रणजी टीम से भी ड्रॉप कर दिया गया था।

इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो भी एक अन्य बड़ा नाम रहे जो अनसोल्ड हो गए। वह 2022 से 2024 तक पंजाब किंग्स (PBKS) का हिस्सा रहे थे और 22 पारियों में उन्होंने 148.92 के स्ट्राइक रेट से 551 रन बनाए थे। उनका बेस प्राइस दो करोड़ का था और किसी भी अन्य टीम ने उनके ऊपर दांव नहीं खेला।

यही स्थिति CSK के पूर्व खिलाड़ी डैरिल मिचेल के साथ रही जिन्हें CSK ने IPL 2024 की छोटी नीलामी में 14 करोड़ में ख़रीदा था। मिचेल का बेस प्राइस भी दो करोड़ ही था।

David WarnerShardul ThakurPrithvi ShawJonny BairstowDaryl MitchellGujarat TitansLucknow Super GiantsSunrisers HyderabadMumbai IndiansRajasthan RoyalsDelhi CapitalsChennai Super KingsPunjab KingsKolkata Knight RidersRoyal Challengers BengaluruIndian Premier League