ग्रुप चरण में भारतीय टीम को इन चुनौतियों का करना होगा सामना
भारतीय टीम को इस T20 विश्व कप का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। पिछले दो सालों में भारतीय टीम का प्रदर्शन लाजवाब रहा है, जिसका गवाह 48-8 का जीत-हार का रिकॉर्ड है। इस दौरान भारत ने तीन सुपर ओवर भी खेले और तीनों में ही बाज़ी मारी। हालांकि, ग्रुप चरण की राह जितनी आसान दिखती है, उतनी है नहीं।
भारत ग्रुप ए में नामीबिया, USA, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के साथ है। भले ही काग़ज़ पर भारत भारी दिखे, लेकिन विपक्षी टीमें बड़े मंच पर उलटफेर करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इसी बीच, पाकिस्तान सरकार द्वारा मैच के बहिष्कार की ख़बरों ने टूर्नामेंट में सस्पेंस बढ़ा दिया है, हालांकि PCB ने अभी तक ICC को आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। आइए नज़र डालते हैं ग्रुप ए की उन टीमों पर जिनसे भारत का सामना होना है।
संयुक्त राज्य अमेरिका (USA)
भारत का पहला मैच USA के ख़िलाफ़ है, जो सात फ़रवरी को सात बजे वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। 2024 में USA ने ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 में प्रवेश कर सुर्खियां बंटोरी थीं। उन्होंने पूर्व चैंपियन पाकिस्तान को भी सुपर ओवर में हराया था।
पिछले T20 विश्व कप में उन्होंने भारत के ख़िलाफ़ लीग चरण में खेला था, जो काफ़ी हद तक एक रोमांचक मुक़ाबला बन गया था। उस मैच में अर्शदीप सिंह की बेहतरीन गेंदबाज़ी की दम पर भारत ने USA को सिर्फ़ 110 के स्कोर पर रोक दिया था। लेकिन जबाव में USA की तरफ़ से सौरभ नेत्रवलकर ने भी कमाल की गेंदबाज़ी की थी और रोहित शर्मा व विराट कोहली को सिर्फ़ 10 के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया था। एक समय पर भारत ने आठवें ओवर में ही अपना तीसरा विकेट गंवा दिया था और उन्होंने सिर्फ़ 39 रन बनाए थे। हालांकि इसके बाद शिवम दुबे और सूर्यकुमार यादव ने 19वें ओवर में टीम को जीत दिला दी।
हाल ही में उनकी टीम ने इंडिया ए के ख़िलाफ़ एक अभ्यास मैच था, जिसमें उन्होंने ख़लील अहमद और रवि बिश्वोई जैसे मझे हुए गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ 238 रनों का पीछा करते हुए, 200 रन बनाया लिया था। हालांकि USA क्रिकेट में लंबे समय से चल रहे संकट और इसके चलते ICC द्वारा बोर्ड के निलंबन ने टीम को विश्व कप से पहले अच्छी तैयारी का मौक़ा नहीं दिया है। USA ने अप्रैल 2025 के बाद से कोई भी T20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। 2025 में उन्होंने नौ में से आठ मैच जीते। हालांकि विपक्ष में ओमान, कनाडा, बरमूडा और केमैन आइलैंड्स जैसी टीमें थीं।
नामीबिया
भारत का दूसरा मैच नामीबिया के ख़िलाफ़ है, जो 12 फ़रवरी को शाम सात बजे दिल्ली में खेला जाएगा। ग्रुप ए में सारा ध्यान भारत और पाकिस्तान पर है। लेकिन लगातार चौथा T20 विश्व कप खेल रही नामीबिया की टीम कुछ उलटफेर करके ग्रुप के सिनारियो में और मसाला जोड़ना चाहेगी। भारत के ख़िलाफ़ नामीबिया ने पिछले T20 विश्व कप में तो कोई मैच नहीं खेला था लेकिन दोनों टीमों का 2021 में आमना-सामना हुआ था, जहां भारत ने एक आसान जीत दर्ज की थी।
उनके पास थोड़ा अनुभवहीन दल है, जिनके पांच खिलाड़ियों ने 10 से कम अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। हालांकि अपना दिन होने पर नामीबिया किसी भी विरोधी को हराने में सक्षम है। ना विश्वास हो तो उनके पड़ोसी साउथ अफ़्रीका से पूछ लीजिए, जो पिछले अक्तूबर विंडहोक में आख़िरी गेंद पर हार गए थे। या फिर श्रीलंका से, जिन्हें उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में खेले गए 2022 T20 विश्व कप में हराया था।
नामीबिया का 2025 शानदार रहा था, जहां उन्होंने 12 में से नौ T20I मैच जीते थे। इसमें ज़िम्बाब्वे और साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ जीत शामिल है। उन्होंने अफ़्रीका क्वालिफ़ायर्स में दूसरा स्थान हासिल किया, जहां वह फ़ाइनल में ज़िम्बाब्वे से हार गए थे। लेकिन कुल मिलाकर उनका यह अभियान बहुत मज़बूत रहा था। एरार्ड इरास्मस की कप्तानी में नामीबिया को जेजे स्मिट, निकोल लॉफ़्टी-ईटन, बर्नार्ड शोल्ज़, यान फ़्रायलिंक और रुबेन ट्रंपलमन जैसे खिलाड़ियों से काफ़ी उम्मीदें होंगी।
नामीबिया का आख़िरी अंतरराष्ट्रीय मैच अक्तूबर 2025 में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ था, जिसे उन्होंने चार विकेट से जीता था। इससे पहले उन्होंने अफ़्रीका क्वालिफ़ायर्स खेले थे, जहां फ़ाइनल तक उनका सफ़र काफ़ी प्रभावशाली रहा था।
नामीबिया टीम प्रीव्यू
पाकिस्तान
भारत का तीसरा मैच पाकिस्तान के ख़िलाफ़ है। हालांकि अभी तक ये तय नहीं है कि यह मैच पाकिस्तान खेलेगा या नहीं। लेकिन अगर यह मैच होता है तो इसमें कोई दो मत नहीं है कि यह एक रोमांचक मुक़ाबला साबित हो सकता है। भारत और पाकिस्तान के बीच आख़िरी T20 मुक़ाबला एशिया कप के दौरान हुआ था, जिसमें फ़ाइनल मैच में पाकिस्तान को हार झेलनी पड़ी थी। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 16 मुक़ाबले हुए है, जिसमें से 12 मैच मैच भारत ने सीधे जीता है और एक मैच बॉलआउट में जीता गया था। वहीं पाकिस्तान अब तक सिर्फ़ तीन ही मुक़ाबले जीत पाया है।
अग़र पाकिस्तान भारत के ख़िलाफ़ मुक़ाबला नहीं खेलता है तो दो अंकों की कमी के साथ टूर्नामेंट का आग़ाज़ करेंगे और पाकिस्तान के हिस्से काफ़ी ख़राब नेट रन रेट आएगा। इसके परिणामस्वरूप उन्हें अगले दौर में अपने दम पर प्रवेश करने के लिए नीदरलैंड्स, नामीबिया और USA को हर हाल में हराना होगा। काग़ज़ों पर उनसे यही उम्मीद की जा रही है, पिछले एक साल का अधिकांश समय उन्होंने T20I खेलते हुए बिताया है और अच्छा प्रदर्शन भी किया है।
पाकिस्तान को अपने सभी मुक़ाबले श्रीलंका में खेलने हैं, जिसके चलते यात्रा संबंधी थकान से उन्हें निजात मिलेगी। फ़रवरी में कोलंबो में सामान्यत: उतनी बारिश नहीं होती है लेकिन अगर उनका एक भी मुक़ाबला बारिश की भेंट चढ़ता है तो उनके लिए आगे की राह मुश्किल हो सकती है।
पिछले नौ महीने में पाकिस्तान ने विश्व कप खेलने वाली किसी भी अन्य टीम की तुलना में सर्वाधिक 34 मुक़ाबले खेले हैं। इनमें से उन्होंने 24 मुक़ाबले जीते हैं। जिसमें साउथ अफ़्रीका और ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ सीरीज़ जीत के साथ ही एशिया कप फ़ाइनल खेलना भी शामिल है।
पाकिस्तान टीम प्रीव्यू
नीदरलैंड्स
भारत और नीदरलैंड के बीच का मुक़ाबला 18 फ़रवरी को खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच 2022 के विश्व कप में आमना-सामना हुआ था, जहां सूर्यकुमार यादव ने तेज़-तर्रार अर्धशतकीय पारी खेली थी। साथ ही विराट कोहली ने भी 44 गेंदों में 62 रन बनाया था और भारत को जीत मिली थी। यह मुक़ाबला भी शाम सात बजे ही खेला जाएगा। इस T20 विश्व कप में यदि उन टीमों के बारे में बात की जाए जो अपसेट कर सकती हैं तो नीदरलैंड्स का नाम सबसे ऊपर होगा। उन्होंने पहले भी ऐसा किया है और 2009 में अपने पहले ही T20 विश्व कप में इंग्लैंड को हरा दिया था। 2023 के वनडे विश्व कप में उन्होंने साउथ अफ़्रीका और बांग्लादेश को धूल चटाई थी।
उन दो जीतों में अहम रहने वाले कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स एक बार फिर टीम की कप्तानी करते दिखेंगे। टीम में कई अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का काफ़ी अच्छा बैलेंस है। टिम वैन डर गगटेन, कॉलिन ऐकरमैन और लोगन वैन बीक की वापसी से टीम काफ़ी मज़बूत दिख रही है।
युवा माइकल लेविट और आक्रामक मैक्स ओ'डाउड शीर्ष पर टीम की बल्लेबाज़ी का भार संभालेंगे। इसके बाद निरंतरता दिखाने वाले एडवर्ड्स भी होंगे, लेकिन उनकी सबसे बड़ी ताक़त दिग्गज ऑलराउंडर्स बास डलीडे , रुलॉफ़ वैन डर मर्व और ऐकरमैन की मौजूदगी होगी।
उन्होंने पुरुष T20 विश्व कप यूरोप रीजन फ़ाइनल के जरिए बड़े आराम से क्वालिफ़ाई किया जहां उन्होंने अपने ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। यूरोप रीज़न फ़ाइनल 2025 में अपने चार में से तीन मैच जीतने के बाद नीदरलैंड्स ने बांग्लादेश में तीन T20I खेले और 2-0 से सीरीज़ गंवाई।