न के बराबर ग़लती की गुंजाइश के साथ विश्व कप का आग़ाज़ करेगा पाकिस्तान
भारत के ख़िलाफ़ मुक़ाबले का बहिष्कार करने के चलते पाकिस्तान को ग्रुप ए में काफ़ी मशक़्क़त करनी पड़ सकती है
दन्याल रसूल
Feb 4, 2026, 2:21 PM • 6 hrs ago
क्या पाकिस्तान श्रीलंका में खेलने का लाभ उठा पाएगा? • Getty Images
ग्रुप मुक़ाबले
बनाम नीदरलैंड्स, 7 फ़रवरी, कोलंबो
बनाम USA, 10 फ़रवरी, कोलंबो
बनाम नामीबिया, 18 फ़रवरी, कोलंबो
बड़ी तस्वीर: भारत के ख़िलाफ़ मैच बहिष्कार करने से पाकिस्तान दो अंकों की कमी से आगाज़ कर सकता है
T20 विश्व कप 2026 के आगाज़ से पहले पाकिस्तान ने 15 फ़रवरी को खेले जाने वाले भारत के ख़िलाफ़ मुक़ाबले का बहिष्कार करने का ऐलान किया है, जिसके बाद ICC ने PCB को चेताया भी है। हालांकि अग़र पाकिस्तान यह मुक़ाबला नहीं खेलता है तो अगले दौर में प्रवेश करने के लिए उन्हें कड़ी मशक़्क़त करनी पड़ सकती है।
अभी स्थिति अनिश्चित है लेकिन अग़र पाकिस्तान भारत के ख़िलाफ़ मुक़ाबला नहीं खेलता है तो दो अंकों की कमी के साथ टूर्नामेंट का आग़ाज़ करेंगे और पाकिस्तान के हिस्से काफ़ी ख़राब नेट रन रेट आएगा। इसके परिणामस्वरूप उन्हें अगले दौर में अपने दम पर प्रवेश करने के लिए नीदरलैंड्स, नामीबिया और USA को हर हाल में हराना होगा।
काग़ज़ों पर उनसे यही उम्मीद की जा रही है, पिछले एक साल का अधिकांश समय उन्होंने T20I खेलते हुए बिताया है और अच्छा प्रदर्शन भी किया है। हालांकि 10 फ़रवरी को जब वह USA के ख़िलाफ़ खेलने उतरेंगे तब पिछले T20 विश्व कप की उनकी यादें ताज़ा हो जाएंगी जब उन्हें सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा था।
पाकिस्तान को अपने सभी मुक़ाबले श्रीलंका में खेलने हैं जिसके चलते यात्रा संबंधी थकान से उन्हें निजात मिलेगी। फ़रवरी में कोलंबो में सामान्यत: उतनी बारिश नहीं होती है लेकिन अगर उनका एक भी मुक़ाबला बारिश की भेंट चढ़ता है तो उनके लिए आगे की राह मुश्किल हो सकती है।
हालिया प्रदर्शन
पिछले नौ महीने में पाकिस्तान ने विश्व कप खेलने वाली किसी भी अन्य टीम की तुलना में सर्वाधिक 34 मुक़ाबले खेले हैं। इनमें से उन्होंने 24 मुक़ाबले जीते हैं। जिसमें साउथ अफ़्रीका और ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ सीरीज़ जीत के साथ ही एशिया कप फ़ाइनल खेलना भी शामिल है। हालांकि इसमें अहम पहलू यह है कि जिन टीमों के ख़िलाफ़ उन्होंने जीत हासिल की है वो टीमें उतनी मज़बूत नहीं थीं, उदाहरण के तौर पर हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पाकिस्तान ने सीरीज़ में क्लीन स्वीप तो किया लेकिन वो ऑस्ट्रेलिया की सर्वश्रेष्ठ टीम नहीं थी।
अबरार अहमद पर रहेंगी नज़रें
तेज़ गेंदबाज़ों के लिए पाकिस्तान के दिल में हमेशा ख़ास जगह रही है लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में अबरार अहमद ने ख़ुद को पाकिस्तान के सबसे अहम खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है। अतीत में उनके प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पिछले सप्ताह सीरीज़ जीत में पाकिस्तान के लिए अबरार ने अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाया।
2025 की शुरुआत से T20I में अबरार अहमद ने पाकिस्तान के लिए दूसरे सर्वाधिक विकेट हासिल किए हैं•Associated Press
पिछले साल एशिया कप में धीमी और गेंद के नीचे रहने वाली परिस्थिति में वह टूर्नामेंट के सबसे किफ़ायती गेंदबाज़ थे। उन्होंने 5.36 की इकॉनमी से रन ख़र्च किए थे और उनके बाद दूसरे स्थान पर कुलदीप यादव थे जिन्होंने 6.27 की इकॉनमी से रन दिए थे। 2025 की शुरुआत से वह पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ भी हैं।
अंतिम विश्व कप?
फ़ख़र ज़मान ने पिछले एक दशक में काफ़ी कुछ दिखा है। बल्लेबाज़ी क्रम में बदलाव से लेकर फ़ॉर्म में गिरावट और फ़िटनेस से लेकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं तक का सामना किया है। लेकिन ज़मान बड़े मैच के ऐसे खिलाड़ी हैं कि जब भी कोई ICC टूर्नामेंट होता है तो कोई भी चयन समिति ऐसी टीम की घोषणा नहीं करना चाहती जिसमें उनका नाम न हो।
2017 के चैंपियंस ट्रॉफ़ी फ़ाइनल में यह बात और भी पुख़्ता हो गई थी और घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर T20 में उनका प्रदर्शन पाकिस्तान द्वारा किए गए उनके ऊपर भरोसे को सही ठहराता है। हालांकि पिछले एक साल में ज़मान के प्रदर्शन में गिरावट देखी गई है जिसे महज़ अस्थाई रूप से ख़राब फ़ॉर्म का नतीजा नहीं माना जा सकता। इसके साथ ही शीर्ष क्रम में बल्लेबाज़ी के लिए बढ़ती प्रतिस्पर्धा के चलते उन्हें नीचे बल्लेबाज़ी के लिए मजबूर होना पड़ा है जहां उनकी प्रभावशीलता में कमी देखी गई है।
पिछले कुछ मैचों में वह नंबर पांच पर बल्लेबाज़ी के लिए आए हैं जहां कम से कम एक बार बल्लेबाज़ी करने की स्थिति में उनकी औसत और स्ट्राइक रेट अन्य किसी भी स्थान पर बल्लेबाज़ी करने की तुलना में सबसे कम है।
सर्वश्रेष्ठ एकादश
1 सईम अयूब 2 साहिबज़ादा फ़रहान 3 सलमान अली आग़ा (कप्तान) 4 फ़ख़र ज़मान 5 उस्मान ख़ान (विकेटकीपर) 6 शादाब ख़ान 7 मोहम्मद नवाज़ 8 शाहिन अफ़रीदी 9 अबरार अहमद 10 सलमान मिर्ज़ा 11 नसीम शाह
शेष दल: बाबर आज़म, उस्मान तारिक़, फ़हीम अशरफ़, ख़्वाजा नफ़ाय
सर्वश्रेष्ठ एकादश में बाबर की जगह पर अभी भी संशय बरक़रार है, ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीनों मुक़ाबले उन्होंने खेले लेकिन उन्होंने विश्व कप के शुरुआती एकादश में जगह बनाने लायक उन्होंने पर्याप्त प्रदर्शन किया या नहीं यह अभी तक स्पष्ट नहीं है।
दन्याल रसूल ESPNcricinfo के पाकिस्तानी संवाददाता हैं। @Danny61000
