T20 विश्व कप के पहले मैच में कैसी रहेगी भारतीय टीम की प्लेइंग XI?
भारत बनाम USA मैच से पहले जानें दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट
ESPNcricinfo स्टाफ़
Feb 6, 2026, 12:34 PM • 2 hrs ago
T20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 7 फ़रवरी से होगी और टूर्नामेंट के पहले दिन भारतीय टीम का सामना संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के ख़िलाफ़ मुंबई में होगा। पिछले कुछ समय से भारत का T20 क्रिकेट में जबरदस्त वर्चस्व देखने को मिला है और उसी फ़ॉर्म को जारी रखते हुए टीम अगले एक महीने में इतिहास बनाने के प्रयास में रहेगी। दूसरी तरफ़ USA की टीम एक बड़े उलटफ़ेर की ताक में होगी और मुंबई में उनके पास भारत के ख़िलाफ़ मुंबई के भी दो खिलाड़ी रहेंगे। आइए जानते हैं इस मैच से पहले दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट के बारे में।
टीम न्यूज़ और संभावित XI
अभ्यास मैच के दौरान हर्षित राणा कुछ तकलीफ़ में दिखे थे और सिर्फ़ एक ओवर करने के बाद ही वह मैदान से बाहर चले गए था। अब उनका T20 विश्व कप में खेलना काफ़ी मुश्किल लग रहा है और वह टीम में एकमात्र ऐसे गेंदबाज़ हैं जो बल्ले से भी कुछ छक्के लगाने की क़ाबिलियत रखते हैं। इस मैच में शायद उनकी वैसी ज़रूरत न पड़े, लेकिन आगे के मैचों में उनकी कमी टीम को खल सकती है।
इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर भी चोट से उबर रहे हैं और अभ्यास मैच में वह टीम के साथ नहीं दिखे थे। लेकिन टीम ने उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को शामिल नहीं किया है। वह अक्षर पटेल के बैक-अप के तौर पर टीम में शामिल किए गए हैं। तिलक वर्मा ने भी फ़िटनेस हासिल करते हुए बढ़िया वापसी कर ली है।
भारत (संभावित): 1 इशान किशन (विकेटकीपर), 2 अभिषेक शर्मा, 3 तिलक वर्मा, 4 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 5 हार्दिक पंड्या, 6 शिवम दुबे, 7 रिंकू सिंह, 8 अक्षर पटेल, 9 जसप्रीत बुमराह, 10 अर्शदीप सिंह, 11 वरुण चक्रवर्ती
पिछले साल अप्रैल में खेले गए नॉर्थ अमेरिका T20 कप में USA के आख़िरी T20I में ऐंड्रियस गौस नहीं खेले थे, लेकिन अब विकेटकीपर-बल्लेबाज़ के तौर पर उनकी वापसी हुई है। ऐरन जोंस के निलंबित होने की वजह से टीम के बल्लेबाज़ी क्रम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
USA (संभावित): 1 साई तेजा मुक्कमल्ला, 2 ऐंड्रियस गौस, 3 शयन जहांगीर, 4 मोनांक पटेल (कप्तान), 5 मिलिंद कुमार, 6 हरमीत सिंह, 7 शुभम रांजने, 8 मोहम्मद मोहसिन, 9 शैडली वान शाल्कविक, 10 सौरभ नेत्रवलकर, 11 अली ख़ान
पिच और परिस्थितियां
भारत के पश्चिमी तट पर अधिकतम 35 डिग्री तापमान देखने को मिल रहा है, लेकिन शाम में मौसम सुहावना हो सकता है। अगर मौसम के कारण शाम के बाद ओस आता है तो फ़िर वानखेड़े स्टेडियम में एक बड़ा स्कोर वाला मुक़ाबला देखने को मिल सकता है। यहां टीमों की नज़र ओस पर जरूर रहेगी क्योंकि उससे मैच का परिणाम बदल सकता है।
इस मैच का प्रीव्यू यहां पढ़ें
